तीनबत्ती न्यूज.कॉम का यूट्यूब चैनल Teenbatti News

कांग्रेस ने निकाली सागर में भारत जोड़ो तिरंगा सम्मान पदयात्रा ★ कांग्रेस की तिरंगा सम्मान व भारत जोड़ो पदयात्रा नरयावली मुख्यालय से शुरू

 कांग्रेस ने निकाली सागर में भारत जोड़ो तिरंगा सम्मान पदयात्रा 
★ कांग्रेस की तिरंगा सम्मान व भारत जोड़ो पदयात्रा नरयावली मुख्यालय से शुरू


सागर।   देश की आजादी के 75 साल पूरे होने व भारत छोड़ो दिवस दिवस की 80 वीं वर्षगांठ पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस ने शहर की सड़कों पर भव्य तिरंगा सम्मान व भारत जोड़ो पदयात्रा निकाली।  कार्यक्रम की शुरुआत में पुरानी गल्ला मंडी (सब्जी मंडी) स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ध्वजवंदन किया गया। पदयात्रा का समापन डॉ हरीसिंह गौर की प्रतिमा के समक्ष सलामी परेड के बाद कांग्रेस कार्यालय पर किया गया। पदयात्रा का जगह जगह लोगों ने फूल वर्षा कर स्वागत किया।
             अंग्रेजों भारत छोड़ो दिवस के मौके पर शहर- जिला कांग्रेस द्वारा निकाली गई तिरंगा सम्मान भारत जोड़ो पदयात्रा गांधी प्रतिमा के समक्ष ध्वजारोहण के बाद शुरू हुई। डीजे पर देशभक्ति की मधुर धुनों व पूरे राजकीय सम्मान तथा गरिमा के साथ हाथों में तिरंगे थामे कांग्रेसजन बेहद अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर कदमताल करते हुए निकले। यात्रा का अनुशासन और तिरंगे की गरिमा व सम्मान देखकर पूरे रास्ते भर लोगों ने बेहद सराहना की।            
             राष्ट्रीय सम्मान गरिमा और अनुशासन के साथ निकली भारत जोड़ो तिरंगा सम्मान यात्रा में सबसे आगे प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक व सेवादल पदाधिकारी लीलाधर सूर्यवंशी नफरत छोड़ो भारत जोड़ो के संदेश के साथ आजादी की लड़ाई व गांधी जी की दांडी यात्रा की याद को ताजा करते चित्र का विशाल फ्लेक्स लेकर चल रहे थे। जिसके पीछे डीजे की मधुर राष्ट्रीय धुनों पर कांग्रेसजन कतारबद्ध होकर कदमताल करते हुए चल रहे थे।

पदयात्रा शुरू होने से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने कहा कि आज का दिन देश के इतिहास का स्वर्णिम दिन है। 80 साल पहले 9 अगस्त 1942 को पूज्य महात्मा गांधी के नारे अंग्रेजों भारत छोड़ो व करो या मरो के साथ भारत की आजादी की निर्णायक लड़ाई शुरू हुई थी। आज का दिन विश्व आदिवासी दिवस के रूप में भी मनाया जाता है जो हमारे देश की संस्कृति के मूल निवासी हैं। आने वाला स्वतंत्रता दिवस हम 75 वीं वर्षगांठ के साथ मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा यह समय उत्सव मनाने के साथ-साथ इस बात पर भी विचार करने का समय है कि हमारे देश के महान नायकों ने जिन मूल्यों के लिए भारत को आजाद कराया था क्या उन्हें हम सुरक्षित रख पा रहे हैं।
             
पदयात्रा सब्जी मंडी में भ्रमण करते हुए तिलकगंज राधा तिराहा से गुजराती बाजार पहुंची। यहां प्रदीप कॉफी हाउस पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने सुनील पावा हेमराज रजक जाहिद ठेकेदार सोनू चौबे मनोज सबलोक अनुज सिंह गौर चंद्रभान ठाकुर आदि के साथ फूल बरसाकर पदयात्रियों का स्वागत किया। पदयात्रा जय स्तंभ जामा मस्जिद पहुंचने पर शकील शाह ने अपने कई साथियों के साथ पुष्प वर्षा की। यहां जयस्तंभ के समक्ष कांग्रेसजानो ने सलामी देकर आजादी के शहीदों को नमन किया। यहां से नमक मंडी होकर भीतर बाजार के पास विजय साहू व रामगोपाल खटीक के साथियों ने फूल बरसाए। कटरा बाजार तीनबत्ती गौरमूर्ति होकर कांग्रेस कार्यालय पर पदयात्रा के पड़ाव का समापन किया गया।                   भारत जोड़ो तिरंगा सम्मान पदयात्रा में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी महापोर प्रत्याशी निधि जैन, उपाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ कटारे पूर्व विधायक सुनील जैन, प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ,पूर्व पार्षद राकेश राय पार्षद रिचा सिंह सुरेखा राय नीलोफर चमन अंसारी बाबू सिंह बब्बू यादव ताहिर खान शरद पुरोहित सुरेंद्र सुहाने लीलाधर सूर्यवंशी विजय साहू  सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे डॉ अंकलेश्वर दुबे डॉ सीबी तिवारी जितेंद्र सिंह चावला सुरेंद्र चौबे महेश अहिरवार हेमराज रजक सुनील पावा महिला कांग्रेस अध्यक्ष महजबीन अली सेवादल महिला अध्यक्ष रजिया खान कविता साहू किरणलता सोनी  पप्पू गुप्ता राजाराम सरवैया द्वारका चौधरी कमलेश चौधरी श्रीदास रैकवार कुंजीलाल लडिया पवन पटेल आदिल रायन राजा सेन चंद्रप्रभा दुबे आनंद हेला प्रियंका तिवारी कल्लू पटेल प्रीतम यादव जाहिद ठेकेदार ऋषभ जैन शिवाकांत द्विवेदी जगदीश साहू भैयन पटेल बलराम साहू नीलू दीवान शालू पठान धर्मेंद्र चौधरी नरेश सनकत इंद्रपाल पवार आशीष ज्योतिषी राहुल चौबे मुन्ना चौबे हर्ष कुर्मी जमीर गब्बर पठान मुरली अहिरवार पप्पू गोस्वामी जगदीश अहिरवार नरेंद्र मिश्रा मुकेश खटीक अनिल जाटव उत्तम राव तावड़े राजेश उपाध्याय अवधेश तोमर शैलेंद्र तोमर वीरेंद्र महावते शकील शाह जयराम खटीक अलीम खान तज्जू हनीफ राईन देवेंद्र सैन सुनील वकील अनिल अहिरवार नेतराम जयराम लडिया गन्नू केशरवानी सागर साहू अंकित केशरवानी विक्की साहू हरिश्चंद्र सोनवार केदार केशरवानी नाथूराम चौधरी अकबर राइन रामचंद्र अहिरवार मजहर हाशमी मधुकर शाह रमाकांत यादव अनिल सोनी समेत  वरिष्ठ नेताओं पीसीसी के प्रदेश पदाधिकारियों जिला कांग्रेस ब्लॉक मंडलम व सेक्टर कमेटी के पदाधिकारियों कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों तथा पार्षद प्रत्याशीयों सेवादल युवा कांग्रेस महिला कांग्रेस एनएसयूआई सभी विभाग प्रकोष्ठ व समितियों के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने शामिल होकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

बुधवार 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे गांधी मंदिर मछरयार्ई से शुरू होगा दूसरा चरण
आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही तिरंगा सम्मान भारत जोड़ो पदयात्रा के अगले चरण में बुधवार 10 अगस्त को दोपहर 1 बजे गांधी मंदिर मछरयाई से यात्रा को आगे बढ़ाकर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण द्वारा राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी तथा सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने समस्त वरिष्ठ नेताओं पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।

कांग्रेस की तिरंगा सम्मान व भारत जोड़ो पदयात्रा नरयावली मुख्यालय से शुरू

भाजपा ने जाति और धर्म के नाम पर जनमानस को तोड़ने का काम किया: सुरेन्द्र चौधरी


मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कमलनाथ जी के निर्देश पर आदिवासी दिवस व अगस्त क्रांति दिवस से पूरे प्रदेश में एक साथ जिला ब्लाक और पंचायत स्तर तक निकाली जाने वाली  तिरंगा सम्मान व भारत जोड़ो पदयात्रा की शुरुआत नरयावली विधानसभा मुख्यालय पर मण्डलम कांग्रेस कमेटी नरयावली के तत्वाधान में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री सुरेन्द्र चौधरी के मुख्यातिथ्य में राष्ट्रपिता पूज्य महात्मा गांधी के चित्र में पर माल्यर्पण कर की गई।इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा की केंद्र की मोदी सरकार द्वारा देश में व्याप्त महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से लोगों का ध्यान हटाने के लिए धर्म,जाति और वर्ग के नाम पर आम जनमानस में वैमनस्यता फैलाकर उन्हें आपस में तोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के चिंतन शिविर में हुए निर्णय के अनुसार राष्ट्र में एकता भाईचारा सद्भाव और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने के लिए संपूर्ण देश में भारत जोड़ो पद यात्राएं शुरू की गई हैं जो मील का पत्थर साबित होगी।

 पदयात्रा की शुरुआत में मण्डलम कांग्रेस अध्यक्ष शिवपाल यादव, जिला कांग्रेस के महामंत्री मुन्ना विश्वकर्मा, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अशरफ खान, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप रावत, धर्मेन्द्र यादव आदि अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कन्हैया लाल राजपूत, संतोष यादव, संतोष सोनी,दिलीप रजक, दीपेंद्र राजपूत,सिकंदर तिवारी, अब्बास खान,कोमल सोनी, आनंद सोनी, सचिन बाल्मीकि, शुभम साहू, रविन्द्र यादव,राधे यादव, गोलू अहिरवार, दिलीप अहिरवार, ब्रजेन्द्र कुमार, रल्ली अहिरवार, कैलाश, रामनाथ आदि कांग्रेसजन मौजूद थे।
                   




तीनबत्ती न्यूज़. कॉम
के फेसबुक पेज  और ट्वीटर से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे


ट्वीटर  फॉलो करें

वेबसाईट


इंस्टाग्राम

         
Share:

थाना परिसर में किसान ने लगाई आग, 50 फीसदी झुलसा★ घटिया कीटनाशक दवा से हुई फसल बर्बाद, दुकानदार पर कार्यवाई चाहता था किसान

थाना परिसर में किसान ने लगाई आग, 50 फीसदी झुलसा

★ घटिया कीटनाशक दवा से हुई फसल बर्बाद, दुकानदार पर कार्यवाई चाहता था किसान


सागर।सागर जिले बंडा थाना परिसर में एक किसान ने थाना परिसर में स्वयं के ऊपर केरोसिन तेल डालकर आग लगा ली। मौके पर परिजनों और पुलिस ने  दौड़कर आग बुझाई। झुलसे किसान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करीब 50 फीसदी किसान झुलसा है। किसान ने अपने खेत मे कीटनाशक दवा डाली थी। जिससे सोयाबीन की पूरी फसल बर्बाद हो गई। दुखी किसान ने पुलिस में दुकानदार के खिलाफ कार्यवाई करने आवेदन दिया था। कार्यवाई नही होने पर यह कदम उठाया। इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कम्प मचा है। 
सागर जिले के बंडा थाना परिसर मे मंगलवार को किसान शीतल रजक ने खुद पर केरोसिन छिडकर आग लगा ली।  पीछे-पीछे आ रहे उसकी पत्नी और परिजनो ने आग बुझाई। मदद करने पुलिस भीदौड़कर आई।  कंबल और पानी डालकर आग बुझा ली। उसे एम्बुलेंस से हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

 

दस एकड़ में थी फसल

चैका गांव के किसान शीतल रजक ने बंडा में शंकर बीज भंडार से से कीटनाशक लिया था। उसने जब कीटनाक खेत में छिड़काव किया। दस ग्यारह एकड़  के खेत में सोयाबीन की फसल बोई थी।कीटनाशनक डालने के बाद उसके खेत में पूरी फसल बर्बाद हो गई। किसान शीतल रजक ने कल सोमवार को बंडा पुलिस थाने में एक आवेदन दिया और कार्यवाई की मांग की। पुलिस  ने आवेदन पर जांच शुरू कर दी। आज मंगलवार की सुबह परेशान किसान ने आत्महत्या की कोशिश की।




             ★घटना का CCTV का फुटेज


थाने में की थी शिकायत, पहले भी की आत्महत्या की कोशिश

घटिया कीटनाशक दवा से फसल कबराब होने के बाद किसान की आर्थिक हालत बिगड़ गए थे। उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।  पीड़ित किसान शीतल रजक अपनी पत्नी निशा और खरीदी गई कीटनाशक दवाओं को लेकर बंडा थाने सोमवार को पहुचा । शीतल का कहना था कि हमने 18 हजार रुपये किवंतल का सोयाबीन का बीज खरीदा।जब कीटनाशक डाला तो फसल खराब हो गई। हम चाहते दुकान दर पर कार्यवाई हो।घटिया कीटनाशक बिक रहा है। किसान शीतल रजक की पत्नी निशा रजक ने बताया कि फसल खराब होने से उसके पति बहुत परेशान थे। आज सुबह थाने में ही आत्महत्या करने की बात कहकर निकले। हम लोग पीछे पीछे भागे। जब तक उन्होंने आग ही लगा ली।  गांव के एक लड़के को भी बुला लिया था। सबकी मदद से बुझा पाए। शीतल पहले भी कोशिश आत्महत्या की कर चुका है। 

कीटनाशक की जांच  जारी, पूरा मामला सौंपा SDOP को : ASP विक्रम सिंह

इस मामले में ASP विक्रम सिंह ने बताया कि किसान शीतल रजक ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। उसने अमानक कीटनाशक की शिकायत की थी। कीटनाशक की जांच कृषि विभाग से कराई जा रही है जो भी रिपोर्ट आएगी उस पर कार्यवाई होगी । बंडा थाने ने किस तरह से इस मामले को लिया इसकी जांच SDOP से कराने निर्देश दिए है। जो भी सामने आएगा कार्यवाई की जाएगी। फिलहाल किसान हालत ठीक है। 




तीनबत्ती न्यूज़. कॉम
के फेसबुक पेज  और ट्वीटर से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे


ट्वीटर  फॉलो करें

वेबसाईट


इंस्टाग्राम



Share:

हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत डाक घरो मे तिरंगा झंडा है उपलब्ध


हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत डाक घरो मे तिरंगा झंडा है उपलब्ध


सागर : आजादी की 75वी वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप मे मनाते हुए संपूर्ण देश मे हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है | इसी तारतम्य मे भारतीय डाक विभाग के सागर के संभागीय प्रवर अधीक्षक श्री ए के अरख जी ने माननीय प्रधानमंत्री जी की मंशानुसार हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए बताया कि सागर संभाग अंतर्गत लगभग 30,000 तिरंगे झंण्डे हमे प्राप्त हुए थे जिन्हे संभाग के हर डाकघरो मे आम जनता के लिए विक्री हेतु 25 रुपये प्रति नग की दर पर उपलब्ध कराये गये है |
आम नागरिक अवकाश दिन भी डाकघरो मे जाकर तिरंगा झंडा क्रय कर सकते है |



Share:

महापौर संगीता तिवारी ने किया चेम्बर की दहलीज को नमन, भावुक हुई मेयर की कुर्सी पर बैठकर★ मेयर एक्शन मोड में निर्माण कार्यो का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य एजेंसी के अफसरों को लगाई फटकार

महापौर संगीता तिवारी ने किया चेम्बर की दहलीज को नमन, भावुक हुई मेयर की कुर्सी पर बैठकर

★ मेयर एक्शन मोड में निर्माण कार्यो का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य एजेंसी के अफसरों को लगाई फटकार


सागर। सागर की नवनिर्वाचित महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी ने आज नगर निगम में पहुॅचकर महापौर कक्ष में पूजा-अर्चना उपरांत नोटशीट पर हस्ताक्षर कर
पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निगम में महापौर कक्ष की दहलीज पर  झुककर प्रणाम किया। उसके बाद अपना दायां पैर आगे रखकर पहला कदम रखा।कार्यभार ग्रहण करने के दौरान भावुक नजर आई  मेयर संगीता तिवारी इस दौरान आंसू भी पोछे। इस मौके पर  महापौर प्रतिनिधि एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य  सुशील तिवारी और महापौर के परिवारजन भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमति संगीता तिवारी ने कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ जनता ने महापौर और पार्षदों को चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी, इसलिये पहिले ही दिन से नागरिकों की मूलभूत समस्यायें जैसे सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था आदि कार्य को दुरूस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिये है।

भाजपा प्रदेश समिति सदस्य एवं महापौर प्रतिनिधि श्री सुशील तिवारी ने भी जीत का श्रेय जनता को देते हुये कहा कि अब उनकी भावनाओं पर खरा उतरना है, इसलिये समस्त पार्षद और निगम के समस्त कर्मचारी मिलकर कार्य करें ताकि जनता का विश्वास कायम रहे, इस कार्य में उन्होंने समस्त नगरवासियों से सुझाव और मार्गदर्शन देने के प्रति भी धन्यवाद दिया।
निगम सभाकक्ष में किया मान.महापौर जी का स्वागत:- नगर निगम में पद्भार ग्रहण करने के पश्चात् निगम के सभाकक्ष में सभी पार्षदों एव निगम अधिकारियों / कर्मचारियों ने महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी का स्वागत किया। 
जिसमें निगम के संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा की ओर से श्री राजेशसिंह राजपूत, पं.श्री माधवप्रसाद कटारे, श्री कृष्णकुमार चौरसिया एवं सफाई कामगार यूनियन के पदाधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।


इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षद श्री शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेवारी सौपी है उस पर खरा उतरना अब हमारा कर्त्तव्य है और यह तभी संभव है, जब पार्षद और समस्त कर्मचारी मिलकर काम करें। पूर्व पार्षद श्री नरेश यादव ने कहा कि परिषद और निगम कर्मचारी / अधिकारी एक गाड़ी के दो पहिये है, जिन्हें मिलकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। पार्षद श्री अनूप उर्मिल ने कहा कि हम सबको जनता का विश्वास कायम रखते हुये कार्य करना है।


काम को गति मिले पहली प्राथमिकता

महापौर प्रतिनिधि डॉ.सुशील तिवारी ने कहा कि आज से नगर विकास की नई शुरूआत हो रही है विकास कार्यो में पैसों की कहीं कोई कमी नहीं आयेगी क्योंकि विभाग के मान.मंत्री श्री भूपेन्द्रसिंह जी सागर के ही है और उनका विशेष स्नेह सागर नगर निगम पर है साथ ही मान.मुख्यमंत्री  भी नगर निगम सागर में भाजपा की शानदार जीत से बहुत प्रसन्न है, इसलिये उन्हें सागर आने का आमंत्रण देने सभी भाजपा के पार्षद शीघ्र ही भोपाल जायेंगे नगर विकास की जिम्मेवारी समस्त परिषद और निगम कर्मचारियों की है, इसलिये पार्षद और कर्मचारी विकास के लिये मिलकर कार्य करें तथा जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।


ये रहे मौजूद

इस अवसर नवनिर्वाचित पार्षद श्री शिवशंकर यादव,  श्री रीतेश तिवारी, श्री हेमंत यादव, श्री रूपेश यादव, श्रीमति संगीता शैलेष जैन, श्री अनूप उर्मिल, श्री शैलेन्द्र ठाकुर, अब्दुल नईमखान, श्रीमति किसवर बी, श्रीमति सविता जिनेश साहू, श्रीमति अनीता रामू ठेकेदार, देवेन्द्र अहिरवार, श्रीमति सोना कनई पटैल, श्रीमति गीता संजय दुबे, श्रीमति रोमा कैलाश हसानी, श्रीमति रानी अहिरवार, श्रीमति रश्मि नरेश धानक, श्रीमति रेखा नरेश यादव, सुश्री मेघा दुबे, श्रीमति सुमन रामराकेश साहू, श्रीमति रानी घोषी बजाज, श्रीमति पूजा राधेश्याम सोनी, श्री सूरज घोषी, श्रीमति कंचन सोमेश जड़िया, श्री अशोक साहू चकिया, श्री प्रहलाद पटैल, सुश्री याकृति जड़िया, श्री धर्मेन्द खटीक गुड्डा, श्रीमति रूबी कृष्णकुमार पटैल, श्रीमति डॉली जयकुमार सोनी, श्रीमति आशारानी नंदन जैन, श्रीमति आयुषी अमन चौरसिया, श्री भरत कुमार अहिरवार, श्री नीरज कोरी गोलू, श्री मनोज कुमार चौरसिया, श्री राजकमार पटैल, श्रीमति सरिता विशाल खटीक सहित निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

 महापौर ने ली नगर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक

महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी ने समीक्षा बैठक में आगामी अगस्त एवं सितम्बर माहों में विभिन्न त्यौहारों जैसे मोहर्रम, रक्षाबंधन, जन्माष्टी, गणेश उत्सव एवं नवरात्रि आदि त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुये नगर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त रहें इसलिये 9 अगस्त से 20 अगस्त 2022 तक विशेष सफाई अभियान प्रारंभ  करने के निर्देश दिये। अभियान के दौरान दोनों पारियों में सफाई की जायेगी सागर को स्वच्छता रैकिंग में अच्छी रैकिंग प्राप्त हो उसके लिये जहॉ छोटी-छोटी कमी हो उन कमियों को ध्यान में रखते हुये अभी से ठीक किया जाये।
बैठक में यह भी निर्देश दिये गये कि समस्त वार्डो में मच्छरों की रोकथाम हेतु कीटनाशक दवाईयो का छिड़काव कराया जाये साथ ही जोन प्रभारी अपने-अपने जोन अंतर्गत आने वाले वार्डो में नालियों, जलभराव क्षेत्र गारवेज सहित अन्य सफाई कार्याे का निरीक्षण करें और कमी पाये जाने पर तुरत कार्य करायें।


बैठक में निगमायुक्त ने भी समस्त जोन प्रभारी एवं सफाई दरोगाओं को निर्देशित किया कि मान. महापौर महोदय के जो कार्य प्राथमिकता में है वह सभी जनहित से जुडे कार्य है, जिनका निराकरण करना हमारा मूल कार्य है इसलिये समस्याओं को सकारात्मक तरीके से बिना भेदभाव के हल करना कर्मचारियों की ड्यिूटी है इसलिये जो मान. महापौर महोदय द्वारा निर्देश दिये गये है उनके अनुरूप कार्य किये जायें और सफाई व्यवस्था में तेजी लायी जाये अन्यथा इस कार्य में लापरवाही बरतते पाये जाने पर संबंधित के विरूद्व आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

महापौर ने नगर निगम के नये कार्यालय भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, निर्माण एजेंसी के अधिकारियो को लगाई फटकार


महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी एवं परिषद दायित्व संभालते ही एक्शन मूड में दिखी और चार्ज लेने के बाद महापौर और परिषद के समस्त सदस्य निगम कार्यालय के बाजू में निर्माणाधीन नये निगम कार्यालय भवन के कार्यो का अवलोकन किया और कार्य की गति धीमी पाये जाने पर संबंधित निर्माण एंजेसी के अधिकारियों को फटकार लगाते हुये काम में तेजी लाने के निर्देश दिये।


महापौर प्रतिनिधि श्री सुशील तिवारी ने कहा कि जिस गति के साथ काम की प्रगति होना थी वह नही हुई है, जबकि यह बहुत जरूरी कार्य है, इसलिये निर्माण कार्य में तेजी लाई जाये, चाहे इसके लिये मशीनरी और श्रमिक बढ़ाना पडे़, वह करें, दूसरी ओर प्रतिदिन किये गये कार्य की भी निगरानी की जायेगी ताकि कार्य में गति बने रहे अन्यथा ऐसा ना करने पर संबंधित निर्माण एंजेसी के विरूद्व कार्यवाही की जायेगी।
Share:

जिला पंचायत के सदस्य अपने विवेक एवं समन्वय से करें ग्रामों का संपूर्ण विकास :मंत्री गोविंद राजपूत★ जिलापंचायत अध्यक्ष और सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

जिला पंचायत के सदस्य अपने विवेक एवं समन्वय से करें ग्रामों का संपूर्ण विकास :मंत्री गोविंद राजपूत

★ जिलापंचायत अध्यक्ष और सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ


सागर, 8 अगस्त 2022।
राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर  कहा कि जिला पंचायत से लेकर ग्राम पंचायतें आप सभी की है। सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने विवेक, समन्वय एवं ईमानदारी के साथ सभी ग्रामों का विकास सुनिश्चित करें।
महाकवि पद्माकर सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विधायक श्री शैलेंद्र जैन,  महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, मध्य प्रदेश  खनिज निगग के उपाध्यक्ष  राजेंद्र सिंह मोकलपुर, पूर्व विधायक  नारायण प्रसाद कबीरपंथी,  हरवंश सिंह राठौर, 

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह बमोरा एवं श्रीमती सविता सिंह राजपूत, श्री सुशील तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि श्री पृथ्वी सिंह,  गुलाब सिंह राजपूत,  अभिषेक भार्गव, श्री कमलेश बघेल,  अभय दरे , संभागायुक्त श मुकेश शुक्ला, कलेक्टर दीपक आर्य, जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी  राजेश पटेरिया सहित  जिला पंचायत के नवनिर्वाचित सदस्यगण, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

समारोह में  राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि नवनिर्वाचित सदस्यों कोअपने विवेक, ईमानदारी एवं समन्वय के साथ संपूर्ण ग्रामों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि आज महात्मा गांधी जी की परिकल्पना साकार हो रही है, जब गांव की सरकार का गठन हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले गांव के विकास के लिए पैसा नहीं होता था, केवल श्रमदान के माध्यम से ग्रामों का विकास किया जाता था। किंतु आज  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रामों के विकास के लिए करोड़ों रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की जाती है। जिससे ग्रामों का चहुंमुखी विकास  होता है।



पावर का सही दिशा में करे उपयोग

उन्होंने कहा कि आज आपको गांवों के विकास का जो पॉवर मिला है, उसका सही एवं उचित उपयोग करते हुए विकास करें।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि आज आपके पॉवर (शक्ति) से गांव की तकदीर और तस्वीर बदलने का मौका है। अपनी पूरीशक्ति एवं संकल्प और ईमानदारी के साथ गांव की तस्वीर बदल दें। 
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेंद्र जैन कहा कि सदस्यों ने  जिला पंचायत के अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं जिन सदस्यों को चुना है, वे जांचे - परखे एवं कर्मठ हैं। अब सही मायने में जिला पंचायत के माध्यम से संपूर्ण जिले का विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अपने ग्रामों एवं क्षेत्र का विकास करने में सरकार आपको हर संभव राशि भी प्रदान कर रही है।



नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी विकास के दो पहिए हैं।  इन पहियों के माध्यम से ही पूरे जिले का विकास किया जाएगा। श्री हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि एक - एक गांव का संपूर्ण विकास हो, इसके लिए विस्तृत कार्य योजना भी तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रयास रहेंगे कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को भी  पंचायत सम्मेलन में आमंत्रित किया जाए, जिसमें सभी पंचायतों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी उपस्थित रहकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान लगातार ग्रामीण विकास के लिए अनेक योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित कर रहे हैं। इसी प्रकार ग्रामीण विकास के लिए राशि भी उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद जैन ने किया ,जबकि आभार  उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह ठाकुर ने माना।
Share:

नर्मदा जल लेकर लौटे कांवड़ियों के स्वागत को उमड़ा शहर भोले के जयकारों से गूंजी नगर की गलियां

नर्मदा जल लेकर लौटे कांवड़ियों के स्वागत को उमड़ा शहर भोले के जयकारों से गूंजी नगर की गलियां


सागर। बरमान से नर्मदा जल लेकर लौटे कांवड़ियों का आज शहर में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रा की शोभायात्रा के दौरान शहर का वातावरण पूरी तरह शिवमय था। तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के तत्वाधान में एवं सागर के वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीयश्री देवी प्रसाद दुबे की स्मृति में आयोजित कावड़ यात्रा का आज सागर में आगमन हुआ। तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के अध्यक्ष प्रदीप राजोरिया सहित लगभग 250 कावड़ यात्री वाहन से नर्मदा जल भरकर पैदल चलकर सागर आए।  सागर में बस स्टैंड, वृंदावन बाग मंदिर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई जो बस स्टैंड से परकोटा परकोटा से तीन बत्ती कोतवाली, बड़े बाजार होती हुई रामबाग मंदिर पर समापन हुआ l


 राष्ट्रीय संत श्री विपिन बिहारी जी साथी महाराज एवं कावड़ यात्रा के संयोजक श्री हरिराम सिंह ठाकुर ने बताया कि आज सागर भगवामय एवं भोलेमय हुआ l धर्म प्रेमी बंधुओं ने जगह जगह शिवजी का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया तो वहीं दूसरी ओर शोभा यात्रा का धर्म प्रेमी बंधुओं द्वारा जगह-जगह आत्मीय भाव से इत्र की फुहार कर पुष्प वर्षा कर फूल माला पहनाकर फलों का वितरण कर सभी कावड़ यात्रियों का आत्मीय भाव से भव्य स्वागत किया गया l दूसरी अधिवक्ता संघ बस यूनियन, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी एमआर यूनियन, स्वर्णकार समाज, क्षत्रिय समाज सहित विभिन्न समाजों एवं अन्य संगठनों के लोगों ने कावड़ यात्रियों का आत्मीय भाव से भव्य स्वागत सभी कावड़ यात्रियों एवं धर्म प्रेमी बंधुओं सागर विधायक शैलेंद्र जैन के साथ ही तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के सभी पदाधिकारियों ने रामबाग मंदिर में विशेष पूजा अर्चना कर शिवजी का अभिषेक किया l तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के अध्यक्ष श्री प्रदीप राजोरिया ने कहां की धर्म की पताका फहराने को प्रोत्साहित करने के लिए बरमान से पैदल चलकर आये कावड़ यात्रियों एवं समस्त धर्म प्रेमी बंधुओं के साथ ही पुलिस प्रशासन का तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा हृदय से आभार व्यक्त करती है l



 तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा की शोभा यात्रा एवं जलाभिषेक में शामिल प्रमुख रूप से राष्ट्रीय संत बिपिन बिहारी जी महाराज सागर विधायक शैलेंद्र जैन, श्रीमती रेखा चौधरी, कावड़ यात्रा के संयोजक श्री हरिराम सिंह ठाकुर, अध्यक्ष प्रदीप राजोरिया, लालचंद घोसी, डॉ अनिल तिवारी, नेवी जैन, मुन्ना चौबे, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डॉ अंकलेश्वर दुबे रामजी दुबे, सिटूं कटारे, भरत नेमा, संजय सोनी, अनिल दुबे, शैलेश केशरवानी, ब्रज मोहन पाठक, जुगल किशोर पचौरी, यशवंत करोसिया, अनिल जैन, गिरीश कांत तिवारी, प्रदीप तिवारी, प्रभात मिश्रा, जगन्नाथ गुरैया, गजानंद कटारे, कमलेश सोनी, पंडित मनोज व्यास, नीरज पांडे, अंकित शंकर, नरेंद्र साहू, पहलाद प्यासी, पुष्पेंद्र यादव, अर्पित पांडे, शालीन सिंह, रितेश मिश्रा, आदित्य पांडे, अशोक साहू चकिया सोमेश जडिया, सूरज घोसी, राहुल सोनी सहित हजारों की संख्या में धर्म प्रेमी बंधु ने शोभा यात्रा में शामिल होकर रामबाग मंदिर में शिवजी की विशेष पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया l

बारिश के बीच कांवड यात्रा का किया सेवादल ने भक्तिभाव से भव्य स्वागत


आज कावड़ यात्रियों का नर्मदा जल लेकर सागर आगमन हुआ, तत्पश्चात भव्य शोभायात्रा वृंदावन मंदिर गोपाल गंज से रामबाग मंदिर बड़ा बाजार तक निकाली गयी।


शहर के ह्रदय स्थल तीन बत्ती पर यात्रा का सेवादल परिवार ने भव्य स्वागत किया गया जहां पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत और महाकाल की सवारी पर पूजा-अर्चना कर और पुष्पमाला पहनाकर भक्ति भाव से सेवादल परिवार ने धर्मलाभ अर्जित किया।
स्वागतकर्ताओं में शहर अध्यक्ष श्रीमति रेखा चौधरी,प्रदेश उपाध्यक्ष अमित दुबे रामजी,सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे,वरिष्ठ कांग्रेसी प्रदीप गुप्ता,पार्षद रिचा सिंह,महेश जाटव,उमर खान,महेश अहिरवार,नितिन पचौरी,राहुल व्यास,श्रीकांत पटेल,आदिल राईन,अनिल सोनी, रविन्द्र दुबे,देवेश मिश्रा,जय यादव आदि उपस्थित रहे‌।



Share:

डॉ गौर विश्वविद्यालय: 'हर घर तिरंगा' की अभूतपूर्व रैली निकली

डॉ गौर विश्वविद्यालय: 'हर घर तिरंगा' की अभूतपूर्व रैली निकली


सागर , 7 अगस्त. डॉ हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के एनसीसी, एनएसएस, विद्यार्थियों एवं शिक्षको द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान की अभूतपूर्व रैली का आयोजन किया गया। यह रैली 07 अगस्त को 11बजे निकाली गई जो 'गौर भवन' के मुख्य द्वार से आरंभ हुई। विवि की कुलपति प्रो.नीलिमा गुप्ता ने एनसीसी और एनएसएस ग्रुप लीडर्स को तिरंगा ध्वज प्रदान कर रैली का शुभारंभ किया।


 रैली सिविल लाइन होते हुए कलेक्ट्रेट भवन मार्ग से होते हुए पुनः गौर भवन आकर समाप्त हुई। रैली का जगह-जगह स्कूली विद्यार्थियों, शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं जनसमुदाय द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। राष्ट्रगान के साथ रैली का समापन हुआ। इस यात्रा में विश्वविद्यालय के एन एस एस एवं एन सी सी छात्र समस्त शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं शोधार्थी व समस्त विद्यार्थी की सहभागिता रही।
Share:

हर घर तिरंगा अभियान : निकाली गई विशाल भव्य रैली★ आईजी, कलेक्टर, एसपी ने थामा तिरंगा, ढाई किलो मीटर की भव्य तिरंगा यात्रा निकाली ★°आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक ने स्वयं की राशि से खरीदा तिरंगा

हर घर तिरंगा अभियान : निकाली गई विशाल भव्य रैली
★ आईजी, कलेक्टर, एसपी ने थामा तिरंगा, ढाई किलो मीटर की भव्य तिरंगा यात्रा  निकाली 
★°आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक ने स्वयं की राशि से खरीदा तिरंगा 


सागर, 7 अगस्त 2022
आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अमृत महोत्सव के अंर्तगत 13 से 15 अगस्त चलते वाले हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सागर जिले में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
इसी तारतम्य में पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग के मार्गदर्शन में आज पीटीसी ग्राउंड से कटरा बाजार तक लगभग ढ़ाई किलोमीटर की भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

तिरंगा यात्रा में आई जी श्री अनुराग के साथ कलेक्टर श्री दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री तरुण नायक, नगर निगम कमिश्नर श्री चंद्रशेखर शुक्ला, स्मार्ट सिटी सीईओ श्री राहुल सिंह राजपूत तहसीलदार श्री रोहित वर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा समस्त थाना के थाना प्रभारी शासकीय  शिक्षक संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री राम मिलन मिश्रा श्री बलवंत यादव श्री मनोज नेमा श्री बलवंत यादव महिला अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा साहू हेमलता पचोरिया सहित राजस्व विभाग पुलिस विभाग नगर निगम एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी अधिकारी शिक्षक अन्य अधिकारीगण और नागरिक गण शामिल हुए।



 तिरंगा यात्रा पीटीसी ग्राउंड से होते हुए नगर निगम कार्यालय तीन मडिया परकोटा तीन बत्ती होते हुए कटरा बाजार, मस्जिद पहुंच तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। इस बीच तीन बत्ती स्थित डॉ हरिसिंह गौर की  मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया गया।

 मैंने अपनी कमाई से खरीदा तिरंगा अब आप भी
आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक ने स्वयं की राशि से खरीदा तिरंगा, की अपील


आईजी श्री अनुराग,कलेक्टर श्री दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री तरुण नायक, नगर निगम कमिश्नर से चंद्रशेखर शुक्ला, स्मार्ट सिटी सीईओ श्री राहुल सिंह राजपूत ने तीन बत्ती स्थित खादी भंडार दुकान पर पहुंच कर स्वयं की राशि से पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज खरीदा साथ ही सभी नागरिकों से आह्वान भी किया कि, राष्ट्रीय ध्वज को स्वयं की राशि से खरीदें और अपने अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ फहरायें।
स. क्रमांक 70/2660/2022 फोटो ए संलग्न है।

Share:

रोटरी क्लब भाग्योदय तीर्थ के लिए ङायलिसिस मशीन प्रदान करेगा 8 अगस्त को

रोटरी क्लब भाग्योदय तीर्थ के लिए ङायलिसिस मशीन प्रदान करेगा 8 अगस्त को

सागर । रोटरी क्लब सागर के पूर्व अध्यक्ष एवं रोटरी डिस्ट्रिक्ट 30 40 के पूर्व गवर्नर श्रीमंत सेठ नरेश चंद जैन की पुण्य स्मृति में बी एस जैन परिवार एवं रोटरी क्लब इंटरनेशनल की ओर से  भाग्योदय तीर्थ हॉस्पिटल के लिए डायलिसिस मशीन, मॉनिटर एवं पेशेंट बेड प्रदान किए जा रहे हैं । कार्यक्रम की जानकारी प्रिंस जैन ने देते हुए बताया कि 08 अगस्त सोमवार की सुबह 11:30 बजे से आयोजित कार्यक्रम मे रोटरी क्लब के ङीजी जिंनेद्र जैन, पीङीजी संजीव गुप्ता, नितिन ङफेरिया, नरेंद्र जैन, ङाक्टर के के सराफ, रितु ग्रोवर, सुशील मल्होत्रा, ङाक्टर अरूण सराफ , पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्वदेश जैन गुड्डू भैया विशेष रूप से उपस्थित रहेगे।
Share:

साप्ताहिक राशिफल :8 अगस्त से 14 अगस्त 2022 ★ पण्डित अनिल पांडेय

साप्ताहिक राशिफल :8 अगस्त से 14 अगस्त 2022 

★ पण्डित अनिल पांडेय


जय श्री राम
सबसे पहले आप सभी को रक्षाबंधन की ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं।
कहा गया है :-
जाने दो मित्रों जो होना है वह होना है 
जो भाग्य में नहीं है उसे खोना है।
मैं पंडित अनिल पाण्डेय आप सभी को नमस्कार करता हूं । और 8 अगस्त से 14 अगस्त 2022 अर्थात विक्रम संवत 2079 शक संवत 1944 के श्रावण शुक्ल पक्ष की एकादशी से भाद्रपद कृष्ण पक्ष की  तृतीया तक के सप्ताह में आपके भाग्य में  क्या क्या है यह बताना बताने जा रहा हूं।
इस सप्ताह प्रारंभ में चंद्रमा वृश्चिक राशि में रहेगा तथा धनु मकर और कुंभ राशि से होते हुए 14 तारीख की रात 8:07 पर मीन राशि में प्रवेश करेगा। इस पूरे सप्ताह शुक्र और सूर्य कर्क राशि में  रहेंगे । बुध सिंह राशि में , गुरु वक्री होकर मीन राशि में , शनि वक्री होकर मकर राशि में , राहु मेष राशि में और मंगल ग्रह प्रारंभ में मेष राशि में रहेगा  तथा 10 तारीख को 8:37 रात से वृष राशि में गोचर करेगा।
आइए अब हम राशि राशिफल की चर्चा करते हैं।


मेष राशि
इस सप्ताह आपको लोगों से बहुत अच्छा व्यवहार प्राप्त होगा । समाज में आपकी इज्जत बढ़ेगी ।आपके माताजी का स्वास्थ्य सामान्य तौर पर ठीक रहेगा । कुछ परेशानी आ सकती है । माता जी को कुछ परेशानी हो सकती है । भाग्य आपका साथ देगा ।पिताजी के सिर या गर्दन में दर्द हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए 10 की दोपहर के बाद से 11 और 12 अगस्त लाभदायक हैं । आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह शनिवार को शनि मंदिर में जाकर पूजा अर्चना करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।


वृष राशि
वृष राशि के जातकों को  इस सप्ताह अपने एक भाई से अच्छा समर्थन मिलेगा । आपके माताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा । भाग्य के स्थान पर इस सप्ताह आपको अपने परिश्रम पर यकीन करना चाहिए । छोटी मोटी दुर्घटना हो सकती है । स्वास्थ्य में खराबी आ सकती है । धन आने में बाधा का योग है । इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 अगस्त लाभदायक हैं । आठ नौ और 10 अगस्त की दोपहर तक  आप आपको सावधान रहना चाहिए। कोई भी कार्य करने के पहले पूर्ण सावधानी बरतें । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का प्रतिदिन अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।


मिथुन राशि
आपके प्रयासों से सप्ताह के अंतिम दिनों में आपके सभी शत्रु समाप्त हो सकते हैं । आपका अपने भाइयों के प्रति सहयोग बढ़ेगा । आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । आपके स्वयं का स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा । धन आने का अच्छा योग है । व्यापार में लाभ होगा । इस सप्ताह आपके लिए 8 ,9 और 10 अगस्त की दोपहर तक का समय किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त है । आप अधिकांश कार्यों में सफल रहेंगे । 10 की दोपहर के बाद से 11 और 12 तारीख को आपको कोई भी कार्य बड़ी सावधानीपूर्वक करना चाहिए । अन्यथा आप उस कार्य में असफल हो जाएंगे । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर हनुमान जी की पूजा अर्चना करें । सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।


कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के स्वभाव में इस सप्ताह थोड़ी उग्रता रहेगी । जिस पर आप को कंट्रोल करना चाहिए । धन आने का उत्तम योग है ।  अगर आप व्यापारी हैं तो आपका व्यापार अच्छा चलेगा । संतान से आपको सहयोग प्राप्त होगा । अगर आप प्रयास करेंगे तो   शत्रुओं को इस सप्ताह परास्त कर देंगे । कार्यालय में अधिकारियों से लड़ने का प्रयास न करें । भाग्य से थोड़ी कम मदद मिलेगी । इस सप्ताह आपके लिए 10 की दोपहर के बाद से 11 और 12 तारीख महत्वपूर्ण कार्यों के लिए उपयुक्त है । 8 , 9 और 10 की दोपहर तक तथा 13 और 14 तारीख को  आपको सावधानी  पूर्वक कार्य करना चाहिए । आपको चाहिए कि आप पूरे सप्ताह राम रक्षा स्त्रोत का जाप करें । सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

सिंह राशि
व्यापार में सफलता प्राप्त होगी । आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा । कार्यालय में आपकी इज्जत थोड़ी बढ़ेगी । समाज में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी । भाग्य से आपको मदद प्राप्त नहीं होगी । आपके सभी कार्य आपके परिश्रम के कारण ही संपन्न होंगे । इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 तारीख फलदायक है । 10 तारीख की दोपहर के बाद से 11 और 12 तारीख महत्वपूर्ण कार्यों के लिए उपयुक्त नहीं है । आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह काले कुत्ते को रोटी खिलाएं । सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।


कन्या राशि
इस सप्ताह  आपके पास धन आने का अच्छा योग है । परंतु उसमें कुछ बाधा आ सकती है । आपको चाहिए कि आप बाधाओं पर ध्यान दें । भाग्य आपका कहीं-कहीं पर साथ देगा । व्यापार में थोड़ी परेशानी आ सकती है । इस वर्ष आपके संतान को कष्ट हो सकता है । इस सप्ताह आपके लिए  8 , 9 और 10 की दोपहर तक का समय कार्यों को करने हेतु  उत्तम है । 13 और 14 तारीख को आपको संभल कर कार्य करना चाहिए। संतान को कष्टों से बचाने के लिए तथा अपने परिवार की उन्नति के लिए आपको चाहिए कि आप पूरे वर्ष भर हर सोमवार को भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

तुला राशि
इस सप्ताह आपको  कार्यालय में अपने साथियों से अच्छी मदद मिलेगी । यह भी संभव है कि कोई स्त्री आपके कार्यों में बाधा बने । दुर्घटना का योग है । धन आने की उम्मीद की जा सकती है । व्यापार बहुत अच्छा चलेगा । पेट में पीड़ा की संभावना है । इस सप्ताह आपके लिए  10 तारीख की दोपहर के बाद से 11 और 12 तारीख महत्वपूर्ण कार्यों के लिए उपयोगी है । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप माताजी के कष्ट को दूर करने के लिए चार शनिवार लगातार दक्षिण मुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर सात बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।


वृश्चिक राशि
कार्यालय के कार्यों को समाप्त करने के लिए यह सप्ताह आपको आपके लिए अत्यंत अच्छा है । आपके सभी शासकीय कार्य इस सप्ताह हो सकते हैं । भाग्य भी इस सप्ताह आपकी मदद कर सकता है । परंतु भाग्य के भरोसे ना रहें । आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा । धन भी आएगा । इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 तारीख उत्तम है । आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह शुक्रवार के दिन किसी मंदिर में जाकर गरीबों के बीच में चावल का दान दें । सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

धनु राशि
इस सप्ताह भाग्य आपका साथ देगा । भाग्य के सहारे आपके कई कार्य पूर्ण हो सकते हैं । आपको चाहिए कि अपने कार्यों को  करने के लिए  इस सप्ताह का पूर्ण उपयोग करें । छोटी मोटी दुर्घटना हो सकती है। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा। इस सप्ताह आप लोगों पर जो भी एहसान करेंगे लोग आपके एहसान को नहीं मानेंगे । इस सप्ताह आपके लिए 8 ,9 और 10 अगस्त की दोपहर तक का समय  अनुकूल एवं हितवर्धक है । आपकी चाहिए कि आप  पूरे सप्ताह प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।

मकर राशि
अविवाहित जातकों को इस सप्ताह सतर्क रहना चाहिए । विवाह के जो भी प्रस्ताव आएंगे उन पर कोई व्यक्ति अपनी  कुदृष्टि डाल सकता है । प्रेम संबंधों में भी कोई व्यक्ति बाधा बनकर आ सकता है । इस सप्ताह आपके सुख में कमी होगी । इस सप्ताह आपके लिए 10 की दोपहर के बाद से 11 और 12 तारीख महत्वपूर्ण और कार्यों को करने के लिए उपयुक्त है । 8 अगस्त 9 तथा 10 अगस्त के दोपहर तक  आपको सावधान रहना चाहिए । कोई भी कार्य करने के पहले पूरी सावधानी बरतें । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  भगवान शिव का रुद्राभिषेक करें । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।


कुंभ राशि
इस सप्ताह आपको अपने शत्रुओं से डरने की आवश्यकता नहीं है । आपका स्वास्थ्य ठीक रहना चाहिए । जीवन साथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा । व्यापार में वृद्धि होगी । धन आने का योग है । कार्यालय के  कार्य अच्छे ढंग से चलेंगे । पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा । माताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है  । इस सप्ताह 13 और 14 तारीख आपके लिए फलदाई है । आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह गौमाता को हरा चारा खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

मीन राशि
इस सप्ताह आपको संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है । गलत रास्ते से धन आ सकता है । अगर आप के ऊपर कोई ऋण है तो उसमें कमी भी आ सकती है। संतान से सहयोग प्राप्त होगा । पुत्री का स्वास्थ्य खराब हो सकता है या उसको कोई परेशानी हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 8, 9 और 10 अगस्त की दोपहर तक का समय किसी भी कार्य को करने के लिए उत्तम है ।  13 और 14 अगस्त को आप कोई भी कार्य बहुत सावधानी से करें ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप पूरे सप्ताह राम रक्षा स्त्रोत का जाप करें और गुरुवार को श्री रामचंद्र जी का दर्शन करें । सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।

सतना जिले के मैहर स्थान पर मां शारदा का भव्य मंदिर है । इस मंदिर में आज भी आल्हा रात्रि में आकर प्रातः काल की पहली पूजा करते हैं । इस बात की पुष्टि जी न्यूज़ और न्यूज़ 18 के पत्रकारों द्वारा की जा चुकी है ।  इस पर वीडियो भी बनाया है । उन्हीं मां शारदा से मेरी प्रार्थना है कि आप सभी स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें ।

जय मां शारदा।

निवेदक:-
पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय
सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता
प्रश्न कुंडली विशेषज्ञ और वास्तु शास्त्री
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
 सागर। 470004
 मो 8959594400 /7566503333
Share:

Archive