गौधाम में गौ अभ्यारण्य और गीता भवन बनेगा, दोनों मंदिरों का नवनिर्माण कर वैभव लौटाएंगे : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह
▪️प्लेबैक सिंगर मानसी घोष की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मालथौन गौरव दिवस संपन्न
तीनबत्ती न्यूज: 14 जनवरी, 2026
गौधाम,(मालथौन)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मालथौन के लिए घोषित किया गया गौ अभ्यारण्य सिद्ध क्षेत्र गौधाम में बनाया जाएगा। गऊधा धाम में 5 करोड़ की लागत से गीता भवन बनाया जाएगा जो सभी धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन स्थल बनेगा। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने यहां आयोजित मालथौन गौरव दिवस के मंच से यह घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मालथौन का गौधाम एक बड़े धार्मिक तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। मालथौन गौरव दिवस प्लेबैक सिंगर मानसी घोष की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि देवभूमि , धर्म भूमि गऊधाधाम से मैं सभी को मकर संक्रांति के पुण्य पर्व पर शुभकामनाएं देता हूं। गौधाम, गऊधा धाम के प्रति लोगों की आस्था प्राचीन काल से रही है। मकर संक्रांति पर लगने वाले मेले में यहां के दिव्य कुंड, प्राचीन हनुमान जी मंदिर और प्राचीन शिव मंदिर के दर्शन करने हजारों लोग आते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार खुरई विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में जब मैं यहां आया तो यह सिद्ध क्षेत्र जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। 5 करोड़ की लागत से गऊधा धाम कुंड के सौंदर्यीकरण और गहरी करण कार्य के बाद इस क्षेत्र को उसका सांस्कृतिक वैभव लौटाने के प्रयास शुरू किए गए थे। यहां तक पहुंचने के लिए अच्छी सड़क भी बनवाई गई।
150 एकड़ जमीन पर बनेगा धाम
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि गऊधा धाम में 150 एकड़ सरकारी भूमि है जिस पर गौ अभ्यारण्य बनाया जाएगा जिसमें हजारों गौवंश सुख सुविधा से रह पाएंगे। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ से बनने वाले गीता भवन में कई कमरे, बड़ा हाल जैसी सभी सुविधाएं होती हैं। मालथौन व आसपास के लोग अपने कथा,पूजा,यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए गीता भवन का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गऊधा धाम के भगवान शिव तथा हनुमान जी मंदिरों को पुनः उनकी प्राचीन शैली में भव्य स्वरूप के साथ निर्मित करना है। इसका नक्शा बन चुका है और जल्दी ही इस पर काम शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे मन में था कि गऊधा धाम को एक धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से गौधाम मेले और मालथौन गौरव दिवस को तीन दिवसीय आयोजन के रूप में किया जाएगा। इस मेले में 500 से अधिक दूकानें लग रही हैं जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बहुत लाभ होता है।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन पर क्षेत्र के लाखों लोगों ने उनका एतिहासिक स्वागत किया जिसके लिए आप सभी धन्यवाद के पात्र हैं। मुख्यमंत्री जी ने एक हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दीं जिसके लिए उनका क्षेत्र वासियों की ओर से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मालथौन के लिए मल्टी पर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की सौगात दी है जिसमें सभी खेलों की उच्च स्तरीय मानकों की सुविधाएं होती हैं।
पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह का मंच पर लगभग 65 कंबल, बड़ी मात्रा में स्टेशनरी सामग्री से स्वागत हुआ। बरोदिया में भी पूर्व जिला पंचायत सभापति राजेंद्र सिंह दरी और इसकाक भाई सहित अनेक लोगों ने बहुत सी साड़ियों, टिफिन बाक्सों, वाटर बाटलों जैसी सामग्री से उनका स्वागत हुआ जो स्थानीय महिलाओं और बच्चों को वितरित कर दी गई। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि फूल मालाओं से स्वागत नहीं कराने का संकल्प लेने के बाद पिछले बीस दिनों में लगभग 10 लाख की उपयोगी सामग्री से उनका स्वागत किया गया जिसे जरूरतमंदों और स्कूली बच्चों को वितरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि चार दिनों में 5000 कंबल खुरई के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों को दिए गए। इतने ही बच्चों को कापी, पेन, ज्योमेट्री बाक्स आदि सामग्री वितरित की गई। उन्होंने कहा कि फूल-मालाएं सिर्फ भगवान, संत महात्माओं और महापुरुषों को पहननाई जाना चाहिए। मैं जनता का सेवक मात्र हूं।
प्लेबैक सिंगर मानसी घोष की प्रस्तुतियों ने समां बांधा
मालथौन गौरव दिवस कार्यक्रम में इंडियन आइडल-2025 की विजेता प्लेबैक सिंगर मानसी घोष और उनकी टीम की भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। मानसी ने “चोरी किया रे“ गाने से अपना परफार्मेंस शुरू किया। सोनू निगम के प्रसिद्ध गीत “ये दिल, दीवाना है ये दिल“ जैसी तड़कती भड़कती प्रस्तुतियों से जहां उन्होंने युवा दर्शकों को झूमने मजबूर किया वहीं “अजीब दास्तां है ये“ जैसे पुराने हिट गीत सुना कर पारंपरिक श्रोताओं को रिझाया। हजारों की संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम को देखा। युवा नेता अविराज सिंह ने मंच पर सिंगर मानसी घोष को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अविराज सिंह ने स्वयं भी मंच से शोले का गीत “ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे“ सुना कर क्षेत्र की जनता का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम तीन बजे से आरंभ होकर छह बजे शाम तक जारी रहा।
तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका को नियुक्ति पत्र सौंपे
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका दीक्षा लोधी मढ़खेरा, कीर्ति लोधी बोबई तथा कविता राय को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे।
पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने गौधाम पहुंच कर सबसे पहले प्राचीन शिव मंदिर, हनुमान जी मंदिर तथा दिव्य कुंड के दर्शन किए। मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर चर्चा की। कार्यक्रम में मालथौन नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला ने 51 कंबलों से, जाहर सिंह लोधी ने 12 कंबलों से, अशोक यादव बेसरा ने कापी पेन से, सीमा राय ने ज्यामेट्री बाक्स से तथा रामदयाल पाठक, गोविंद सिंह नैगुवां, रामभरत चाचौंदिया, राजेंद्र सिंह देवपुरा, जयसिंह लोधी अंडेला, पूर्व शिक्षक दयाराम और सीएमओ राजेश मेहतेल ने विभिन्न प्रकार की स्कूली उपयोग की स्टेशनरी आदि सामग्री से स्वागत किया। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने इनमें से 25 कंबल गऊधाधाम पर अखंड रामायण पाठ करने वाली रामायण मंडली के सदस्यों को भेंट किए। साथ ही उन्होंने कहा कि सागर कार्यालय में एक दिन पूर्व मिले कंबलों सहित 400 कंबल अगले कार्यक्रम में अंडेला की आदिवासी बस्ती में वितरित कर दिए जाएंगे।
कार्यक्रम को युवा नेता अविराज सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन आकाश जैन ने किया। कार्यक्रम में एसडीएम मनोज चौरसिया नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, उपाध्यक्ष श्रीमती मालती अहिरवार, बरोदिया नप अध्यक्ष श्रीमती मीना कुशवाहा, विश्वनाथ लोधी बांदरी, तीन भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह लोधी, नीतेश यादव, अनिल पाराशर, वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह दरी, छोटे राजा दरी, सीएमओ राजेश मेहतेल, आशीष पटैरिया, श्रीमती आशा देवेंद्र सिंह, गोविंद सिंह खिरिया, गोविंद सिंह नैगुवां, दुरग सिंह परिहार, राजेंद्र सिंह रामछांयरी, राजकुमार बघेल, वीर सिंह यादव, नत्थू यादव, गोलू प्रताप राय, उमेश यादव सहित अनेक गणमान्य जन, भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें