ऐरण और उदयपुर को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग : केंद्रीय मंत्री से मिलीं सांसद डॉ. लता वानखेड़े
तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी 2026
सागर: पिछले दिनों सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर उन्हें सागर लोकसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों के विकास का आग्रह करते हुए बताया कि बीना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक स्थल ऐरण तथा विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा के अंतर्गत ग्राम उदयपुर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर को विशेष रूप से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने का निवेदन किया।
सांसद ने बताया कि ऐरण गुप्तकालीन स्थापत्य कला के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां के स्तंभ, शिलालेख और प्राचीन अवशेष भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं, वहीं कुरवाई विधानसभा का ग्राम उदयपुर में बने 11वीं सदी का परमार कालीन शिव मंदिर अपनी भव्य वास्तुकला और धार्मिक आस्था के कारण हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।
उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि इन स्थलों पर पर्यटक स्थलों की भांति सुविधाऐ क्षेत्र में विकसित की जाए ताकि पर्यटन को नई गति मिले, और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ें । केंद्रीय मंत्री ने सांसद के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें