खुरई, मालथौन और बांदरी के शासकीय कालेजों में नये पाठ्यक्रमों, स्टाफ व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पर ध्यानाकर्षण में चर्चा, उच्च शिक्षा मंत्री ने सहमति जताई
तीनबत्ती न्यूज : 23 फरवरी। 2026
सागर। पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आज विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से खुरई विधानसभा क्षेत्र के खुरई, मालथौन व बांदरी शासकीय महाविद्यालयों में संकाय व विषय बढ़ाने, स्टाफ बढ़ाने, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाने की मांग की। उन्होंने खुरई शासकीय महाविद्यालय में विधि संकाय एवं बीएड प्रारंभ करने की मांग भी की। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने अपने उत्तर में श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाई गई ज्यादातर मांगों पर अपनी सहमति प्रदान करते हुए अगले सत्र से पाठ्यक्रम प्रारंभ करने तथा जगह की उपलब्धता होने पर जल्द ही स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्वीकृत करने का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें: योगाचार्य विष्णु आर्य सहित सात वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को "अटल कार्यकर्ता " सम्मान
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई महाविद्यालय में स्नातक में 1714 तथा स्नातकोत्तर में 363 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। खुरई कालेज में स्टेडियम नहीं है, भवन में भी कठिनाई है। यहां विज्ञान संकाय में वनस्पतिशास्त्र, रसायनशास्त्र, प्राणी शास्त्र, भौतिक शास्त्र तथा कला संकाय के अंग्रेजी साहित्य विषय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एवं वाणिज्य संकाय में स्नातक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता है। इसके अलावा विधि संकाय में नवीन पाठ्यक्रम व बीएड भी आरंभ किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मालथौन शासकीय महाविद्यालय में 1700 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं जिन्हें नवीन पाठ्यक्रमों की आवश्यकता है। उन्होंने मालथौन शासकीय महाविद्यालय में हिंदी, ज्योग्राफी, राजनीति विज्ञान, इतिहास तथा विज्ञान संकाय में वनस्पति विज्ञान, दूदाजी में पोस्ट ग्रेजुएशन कक्षाओं की आवश्यकता है। बांदरी शासकीय महाविद्यालय की स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां कुल 900 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं जिन्हें वाणिज्य संकाय में स्नातक तथा कला संकाय में पीजी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता है।
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने ध्यानाकर्षण में कहा कि मालथौन शासकीय महाविद्यालय में 15 पद स्वीकृत हैं जिनमें से 10 पद रिक्त हैं तथा बांदरी महाविद्यालय में 19 स्वीकृत पदों में से 14 पद रिक्त हैं जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता है जिससे उन पर आर्थिक बोझ आता है।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने उक्त बिंदुओं पर अपने उत्तर में कहा कि स्ववित्तीय योजना में सरकार या विभाग से अनुमति की जरूरत नहीं है। 2023 में इस आशय का संशोधन कर दिया गया है। प्राचार्य ही संकाय में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ कर सकते हैं। इन महाविद्यालयों में नवीन विषय, संकाय प्रारंभ करने के लिए प्राचार्य ही सक्षम है। इसके लिए प्राचार्यों को उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जा रहा है। मंत्री श्री परमार ने बताया कि शासकीय महाविद्यालयों खुरई, मालथौन व बांदरी में रिक्त पदों की पूर्ति हेतु कार्यवाही करते हुए वर्ष 2025 में शास महाविद्यालय खुरई में 01 सहायक प्राध्यापक, बांदरी में 01 सहायक प्राध्यापक तथा मालथौन में 02 सहायक प्राध्यापकों को पदस्थ किया गया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से प्राप्त वर्ष 2022 की 2053 अभ्यर्थियों, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल तथा क्रीड़ा अधिकारी की चयन सूचियों के आधार पर नियुक्ति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इन महाविद्यालयों में अधोसंरचना विकास, नये विषय एवं संकाय प्रारंभ करने तथा रिक्त पदों की पूर्ति हेतु नियमानुसार वित्तीय संसाधनों के अनुसार कार्यवाही और वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने बताया कि इन तीनों महाविद्यालयों का हमने परीक्षण करा लिया है। जो कुछ विषय यहां से शुरू कराना होगा वह यहां से कराने की तैयारी कर रहे हैं, बाकी कुछ हम स्ववित्तीय योजना से संचालित कर सकते हैं उसमें हमने प्राचार्यों को निर्देशित किया है। रिक्त पदों पर हम भर्ती कर रहे हैं लेकिन उसकी वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पूरी पात्रता रखने वाले अतिथि विद्वानों की व्यवस्था की गई है।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदरसिंह परमार ने अपने उत्तर में कहा कि खुरई महाविद्यालय में उपलब्ध जमीन में भवन के बाद जो खाली स्थान बचा है उसका हम परीक्षण करा रहे हैं यदि वहां स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बन सकता है तो जरूर बनाएंगे। समयावधि पर उन्होंने कहा कि जो विषय प्रारंभ करने के लिए प्राचार्यों को अधिकार हैं वह खोल सकते हैं, भोपाल से अनुमति देने की जरूरत नहीं है लेकिन प्राचार्यों ने नहीं किया है तो हम उनसे पूछेंगे। उनको कठिनाई होगी तो उनका निराकरण करेंगे, जो हम यहां से कर सकते हैं यहां से भी करेंगे। शासन स्तर से हमने काफी काम किया है उनको हम समयावधि में करेंगे ताकि अगले सत्र से वहां पर हम पाठ्यक्रम शुरू करा सकें। यदि जगह मिल गई है तो हम बहुत जल्दी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्वीकृत कर देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें