भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का अनावरण 11 अप्रैल को सागर में
▪️विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री राजभूषण चौधरी सहित अनेक विशिष्टजन होंगे शामिल
तीनबत्ती न्यूज: 10 अप्रैल, 2026
सागर। भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा का अनावरण 11 अप्रैल 2026 को दोपहर बारह बजे सागर के अटल पार्क परिसर में होने जा रहा है। सुप्रसिद्ध सोशलिस्ट चिंतक व राजनेता रघु ठाकुर की पहल से नगरपालिका निगम सागर ने कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा स्थापना के लिए अटल पार्क में स्थान सुरक्षित किया है। प्रतिमा का अनावरण मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष व प्रसिद्ध पत्रकार रामबहादुर राय , भारत सरकार के जलशक्ति मंत्री राजभूषण चौधरी, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र जैन, प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार की उपस्थिति में होगा। समारोह की अध्यक्षता रघु ठाकुर करेंगे। दो वर्ष पहले ही भारत सरकार ने अपने सर्वोच्च सम्मान भारतरत्न से कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत सम्मानित किया था।
____________
कर्पूरी ठाकुर की सादगी के बारे में पढ़ने क्लिक करे
भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर : सत्ता में रहकर अपनी सादगी से सबको प्रेरित किया ▪️कर्पूरी जी के घनिष्ठ साथी रहे है रघु ठाकुर ▪️लेखक : जयंत सिंह तोमर
___________
बिहार के रहे दी दफा सीएम
उल्लेखनीय है कि कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री, लोकसभा व बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। पहले आमचुनाव से फरवरी 1988 तक निरंतर वे किसी न किसी सदन में गरीबों की आवाज को मुखरता से उठाते रहे। उनकी गणना भारत के उन सोशलिस्ट नायकों में होती है जिन्होंने समाजवाद को जमीन पर उतारा।
रघु ठाकुर उनके घनिष्ठ साथी रहे
रघु ठाकुर उनके घनिष्ठ साथी रहे और उनके निमंत्रण पर कर्पूरी ठाकुर सागर सहित देशभर में अलग अलग स्थानों पर गये। जिस दिन उनका निधन हुआ उस दिन भी रघु ठाकुर के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ में अकलतरा के एक शिविर में उन्हें पहुंचना था।
मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ में इकलौती प्रतिमा स्थापना
सागर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जो प्रतिमा लग रही है वह समूचे मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ में इकलौती है। नगरनिगम सागर की महापौर संगीता तिवारी ने बताया कि समिति के संरक्षक श्री रघु ठाकुर ने विशेष पहल की थी। समिति के अनुरोध पर नगर निगम मेयर - इन- काउंसिल ( एम आई सी ) ने प्रस्ताव पारित कर अटल पार्क सागर में प्रतिमा स्थापना की स्वीकृति प्रदान की है। इसके बाद नगरनिगम महापरिषद ने भी इसे स्वीकृत किया।सागर नगर के लिए यह गौरव की बात है कि समूचे मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ राज्य में भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर की पहली प्रतिमा सागर नगर में स्थापित हुई है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें