पद्मश्री भगवान दास रैकवार के परिवार को ₹2 लाख की सहायता मंजूर : सीएम डॉ यादव के समक्ष विधायक शैलेन्द्र जैन ने रखे अहम विषय
तीनबत्ती न्यूज; 23 अप्रैल, 2026
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नरयावली विधानसभा प्रवास के दौरान सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
इस दौरान विधायक जैन ने सागर के मार्शल आर्ट कलाकार एवं पद्मश्री सम्मान के लिए नामित दिवंगत भगवान दास रैकवार के निधन की जानकारी मुख्यमंत्री को दी और उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल ₹2 लाख की सहायता राशि स्वीकृत कर दी।
इसके साथ ही विधायक जैन ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत कक्षा 8वीं तक निजी स्कूलों में निशुल्क पढ़ने वाले विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर भी अहम सुझाव दिया। उन्होंने आग्रह किया कि ऐसे छात्रों को कक्षा 9वीं से संदीपनी विद्यालयों में प्रवेश देने का प्रावधान किया जाए, ताकि उन्हें आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
विधायक ने बताया कि आरटीई के तहत चयनित अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिन्हें कक्षा 8वीं के बाद बेहतर शिक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में संदीपनी विद्यालयों में प्रवेश की सुविधा उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें