गर्ल्स डिग्री कालेज का निरीक्षण : होम साईंस विभाग का पूरा स्टाफ नदारद : ताला लगा : बिना हस्ताक्षरों का मिला हाजिरी रजिस्टर
▪️ क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक ने नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज : 22 अप्रैल 2026
सागर : उच्च शिक्षा विभाग ने सागर में शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही उजागर होने पर सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे ने बुधवार को कॉलेज के नवीन साइंस ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. आर.के. गोस्वामी और डॉ. भावना यादव भी मौजूद रहे। कॉलेज संचालन में पाई गई अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए अतिरिक्त संचालक ने प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी को तत्काल तलब किया।
निरीक्षण में सामने आईं बड़ी खामियां
निरीक्षण के दौरान गृह विज्ञान विभाग में सभी शिक्षक व स्टाफ अनुपस्थित मिले, विभाग पर ताला लगा था।कई विषयों की स्नातकोत्तर कक्षाएं और प्रायोगिक कार्य संचालित नहीं पाए गए। अतिरिक्त संचालक ने अनुपस्थित प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस दौरान साइंस ब्लॉक प्रभारी डॉ. अरविंद बोहरे के संज्ञान में अवकाश आवेदन न होने पर आपत्ति दर्ज की गई।
उपस्थिति में भी लापरवाही
निरीक्षण के दौरान सुबह 11:30 बजे तक अधिकांश शैक्षणिक और अशैक्षणिक स्टाफ द्वारा उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर नहीं किए गए थे, जो गंभीर अनुशासनहीनता मानी गई।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
अतिरिक्त संचालक ने कॉलेज प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने और अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें