रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से विधायक प्रदीप लारिया ने छावनी विलय और आरओबी निर्माण को लेकर चर्चा की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से विधायक प्रदीप लारिया ने छावनी विलय और आरओबी निर्माण को लेकर चर्चा की


तीनबत्ती न्यूज : 04 अप्रैल, 2026

नई दिल्ली :  नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े दो अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रक्षा मंत्री को पत्र सौंपकर जनहित में त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया।

छावनी परिषद का नगरीय निकाय में विलय

विधायक  लारिया ने सागर छावनी परिषद के नगरीय निकाय में विलय की प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री का ध्यान भूमि स्वामित्व की तकनीकी अड़चनों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने आग्रह किया कि विलय के उपरांत भूमि का मालिकाना हक राज्य सरकार या निकाय को हस्तांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे का विकास निर्बाध रूप से हो सके। उन्होंने सुरक्षा मानकों का सम्मान करते हुए कृषि और बंगला क्षेत्रों को भी विलय प्रक्रिया में शामिल करने का अनुरोध किया।

रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की अनुमति

मुलाकात का दूसरा मुख्य बिंदु डिम्पल पेट्रोल पंप के पास, बीना-कटनी रेलवे गेट नंबर-25 पर सड़क ऊपरी पुल (ROB) का निर्माण रहा। विधायक श्री लारिया ने अवगत कराया कि यह मार्ग यातायात की दृष्टि से अत्यधिक व्यस्त है और यहाँ फ्लाईओवर की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा रक्षा मंत्रालय के पोर्टल पर आवेदन पूर्व में ही किया जा चुका है। श्री लारिया ने जनहित में इस परियोजना को शीघ्र अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्री का आश्वासन

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक श्री लारिया द्वारा सौंपे गए पत्र एवं उठाए गए दोनों विषयों को गंभीरता से सुना और विभागीय स्तर पर उचित समीक्षा कर सकारात्मक कार्यवाही हेतु आश्वस्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें