सागर में सिविल-मिलिट्री समन्वय सम्मेलन आयोजित

सागर में सिविल-मिलिट्री समन्वय सम्मेलन आयोजित


तीनबत्ती न्यूज: 07 अप्रैल, 2026

सागर: सिविल एवं सैन्य समन्वय को सुदृढ़ करने तथा समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शाहबाज़ डिवीजन द्वारा सोमवार को सागर में सिविल-मिलिट्री समन्वय सम्मेलन (CMLC) आयोजित किया गया।

सम्मेलन की सह-अध्यक्षता मेजर जनरल अनिंद्य चौधरी, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, शाहबाज़ डिवीजन तथा श्रीमती लता वानखेड़े, सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद द्वारा की गई। इस मंच पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, सिविल प्रशासन एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य संस्थागत समन्वय एवं पारस्परिक सहयोग को और सुदृढ़ करना था।

अपने मुख्य संबोधन में मेजर जनरल अनिंद्य चौधरी ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं से निपटने हेतु सतत सिविल-मिलिट्री सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षित एवं स्थिर वातावरण सुनिश्चित करने के लिए भारतीय सेना की सिविल हितधारकों के साथ सक्रिय सहभागिता की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

सम्मेलन के दौरान छावनी क्षेत्र की परिधि सुरक्षा, आसपास के क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम, भूमि प्रबंधन से संबंधित मुद्दे तथा सैनिकों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए नागरिक सुविधाओं के उन्नयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, बेहतर सूचना साझाकरण, समन्वित योजना निर्माण तथा आपसी मुद्दों के त्वरित समाधान हेतु प्रभावी तंत्र विकसित करने पर भी चर्चा की गई। सागर में सशस्त्र बलों के सम्मान में तथा नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने हेतु “शौर्य स्थल” के निर्माण के प्रस्ताव को व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।

सम्मेलन का समापन इस साझा संकल्प के साथ हुआ कि इस प्रकार की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे सिविल-मिलिट्री सहयोग की संरचना और अधिक सुदृढ़ हो सके। यह पहल राष्ट्रीय सुरक्षा, जनकल्याण एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करने हेतु ‘समग्र राष्ट्र दृष्टिकोण’ के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें