प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी पहुँची 85 हजार एमवीए के पार : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर
▪️ 400 केवी सबस्टेशन बीना में एमपी ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया : 315 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर
तीनबत्ती न्यूज: 07 जून ,2026
सागर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी कुल ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) को 85,000 एमवीए के पार पहुँचा दिया है। अब एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी (पारेषण क्षमता) बढ़कर 85284 एम वी ए की हो गई है इस उपलब्धि में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा सागर जिले के 400 केवी सबस्टेशन बीना में 315 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना एवं उसके सफल ऊर्जीकरण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बीना में बढ़ाई क्षमता
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि बीना क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे औद्योगिक विकास तथा विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की गई है। सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 1260 एम वी ए की हो गई है। इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता और गुणवत्ता में सुधार होगा तथा भविष्य की बढ़ती मांगों को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
श्री तोमर ने कहा कि प्रदेश की ट्रांसफॉर्मेशन कैपेसिटी का 85,000 एमवीए के आंकड़े को पार करना ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के सभी बिजली कर्मियों, अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है।
- - सागर जिले की क्षमता में वृद्धि
सागर जिले में एमपी ट्रांसको अपने 12 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। इन सब स्टेशनों में 400 केवी सबस्टेशन बीना के अलावा 400 के वी सबस्टेशन सागर,220 केवी सबस्टेशन बीना तथा 132 केवी के सागर, बंडा, राहतगढ़, देवरी, खुरई, खिमलासा , देवरी, गौरझामर,गढाकोटा, रहली शामिल है। बीना सबस्टेशन की क्षमता बढकर जहाँ 1260 एम वी ए की हो गई है वहीँ सागर जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी 3906 एम वी ए की हो गई है।
प्रदेश की ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी पहुंची 85 हजार के पार
एम पी ट्रांसको के पास वर्तमान में कुल 85248 एमवीए ट्रांसफार्मेशन कैपेसिटी हो गई है। कंपनी के नेटवर्क में कुल 1,052 अति उच्च दाब ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनमें 400 केवी के 41, 220 केवी के 220 तथा 132 केवी के 791 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कंपनी द्वारा 43,079 सर्किट किलोमीटर लंबी अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों का संचालन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में कंपनी के कुल 417 सबस्टेशन कार्यरत हैं, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें