सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस

सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

सागर। सागर जिले की गोपालगंज थाना पुलिस ने एक शातिर और फरार बदमाश को पकड़ने के लिए फिल्मी अंदाज में अनोखी कार्रवाई की है। कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की टीम हाथ ठेला लेकर उसके इलाके में पहुंची और नाटक कर रहे बदमाश का पर्दाफाश करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की यह सूझबूझ भरी कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

वीडियो देखने क्लिक करे

बीमारी का नाटक कर बच रहा था आरोपी

​मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के शनिचरी इलाके का है। पुलिस को लंबे समय से मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मगरा की तलाश थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी खुद को घायल बताकर बीमारी का नाटक कर रहा था। इतना ही नहीं, वह पुलिस को चकमा देने के लिए नाम बदल-बदल कर अलग-अलग जगहों पर अपना इलाज भी करवा रहा था।

यह भी पढ़ेंसागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे

कटर मारकर लूट करने का है मामला

​गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम मगरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 11 फरवरी को पीड़ित भास्कर श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अंकित उर्फ मगरा ने उनके साथ कटर मारकर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।"थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी अंकित बेहद शातिर है और उस पर पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस ने बदला भेष

​आज पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि आरोपी अंकित अपने घर पर ही छिपा हुआ है। आरोपी दोबारा भाग न पाए और उसे पुलिस की मौजूदगी का शक न हो, इसलिए टीम ने अपनी रणनीति बदली। पुलिसकर्मी हाथ ठेला लेकर आम लोगों की तरह उसके इलाके में दाखिल हुए।

​जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, उसका बीमारी का नाटक धरा का धरा रह गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।

होगी जिला बदर की कार्रवाई

थाना प्रभारी के मुताबिक बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उस पर शिकंजा और कसने की तैयारी में है। थाना प्रभारी ने साफ किया है कि इस शातिर अपराधी के खिलाफ जिला बदर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें