पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में खुरई नपा के विशेष सम्मेलन में अनेक प्रस्ताव पारित, सीवर एजेंसी को अल्टीमेटम मिलेगा
तीनबत्ती न्यूज: 28 जून,2026
खुरई। आगामी 6 जुलाई को स्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती पर खुरई नगर पालिका के नवनिर्मित भवन के प्रांगण में स्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम होगा। इसी दिन खुरई नगर पालिका के नवनिर्मित भवन का नामकरण श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन नाम से होगा। इस आशय का प्रस्ताव पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुए नगरपालिका परिषद खुरई के विशेष सम्मेलन में पारित किया गया। खुरई के सरदार वल्लभ भाई पटेल आडिटोरियम में लौह पुरुष सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा उनकी आगामी जयंती तक स्थापित कर अनावरण कराए जाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ।
खुरई नपा के विशेष सम्मेलन में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि 6 जुलाई को ही देश की धर्म, संस्कृति, स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए अपना बलिदान देने वाले सिखों के गुरु तेग बहादुर जी के नाम से खुरई के बीना बायपास चैराहे का नामकरण भी होगा। पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि संतोषजनक वर्षा होने की स्थिति में 15 जुलाई के आसपास तारीख निश्चित कर खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक दिन में 1 लाख पेड़ लगाने के वृहद वृक्षारोपण संकल्प के तहत खुरई नगर पालिका क्षेत्र में 35 हजार वृक्ष लगाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि गत वर्ष खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में 65 हजार वृक्ष लगा कर वृक्षारोपण के क्षेत्र में खुरई विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश में रिकार्ड बनाया था। अब एक दिन में एक लाख वृक्ष रोप कर अपने ही रिकार्ड को तोड़ कर नया कीर्तिमान बनाया जाएगा।
सभी लगाए पौधे
पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने सभी 42 पार्षदों, 6,एल्डरमेन व नपा के अधिकारियों से कहा कि सभी अपने वार्डों, क्षेत्रों में वृक्षारोपण योग्य स्थानों को सूचीबद्ध कर सीएमओ राजेश मेहतेल को सौंप दें ताकि सूची के आधार पर वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त गड्ढे, ट्रीगार्ड तथा फलदार वृक्षों के पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अपने वार्ड के सभी परिवारों को वृक्षारोपण कार्य में शामिल करें। वृक्षारोपण करने वाले परिवार चाहें तो अपने किसी पूर्वज परिजन की स्मृति पट्टिकाएं भी रोपे गए वृक्षों पर लगा सकते हैं। निजी स्थानों पर पेड़ लगाने के लिए भी इच्छुक परिवारों को निशुल्क फलदार वृक्षों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रचार प्रसार दीवार लेखन, फ्लेक्स, सोशल मीडिया आदि सभी प्लेटफार्म पर किया जाए।
सम्मेलन में सीवरेज कार्य की मीक्षा, वर्षा पूर्व शहर में जल निकासी की सुनिश्चितता सहित अनेक विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। निर्माणाधीन सीवर योजना पर विस्तार से चर्चा के बाद यह निर्णय पारित किया गया कि सीवर लाइन का कार्य कर रही एजेंसी रेस्टोरेशन व पिचिंग का कार्य नियमानुसार नहीं करते हुए लापरवाही कर रही है। अतः एजेंसी के स्थान पर खुरई नपा द्वारा पिचिंग कार्य किया जाएगा जिसका व्यय भुगतान एजेंसी द्वारा किया जाएगा। यह भी निर्णय लिया गया कि सीवर कार्य एजेंसी द्वारा रोड के अनुसार कनेक्शनों का लेबल नहीं बनाया है। एजेंसी को सात दिवस में सभी स्थानों पर कनेक्शन का की ऊंचाई रोड के समान लेबल करने का नोटिस दिया जाए तथा असमान लेबल के चलते होने वाली किसी भी दुर्घटना में पीड़ित पक्ष को एजेंसी द्वारा क्षतिपूर्ति देना होगी। सीवर के संबंध में पारित किए गए जिन निर्णयों को शासन हेतु भेजा जाएगा उनमें यह बिंदु भी शामिल है कि सीवर कार्य एजेंसी ने अपने काम के दौरान खुरई नगर की जो भी नाले, नालियां आदि संरचनाएं तोड़ी हैं उनका दस दिन के भीतर गुणवत्ता पूर्ण रेस्टोरेशन एजेंसी सुनिश्चित करें। ऐसा नहीं होने पर एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उक्त सभी कार्यों के लिए सुपरविजन एजेंसी पीआईयू के स्थान पर खुरई नगरपालिका को नियुक्त किया जाए यह भी प्रस्ताव पारित हुआ।
विशेष सम्मेलन में हुई चर्चा में यह निष्कर्ष निकल कर आया कि सीवर एजेंसी द्वारा कार्य में विलंब के कारण अनेक स्थानों पर वर्षाकाल में जलभराव की स्थिति निर्मित होंगी। ऐसे असुविधा ग्रस्त क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जो भी कार्य नगरपालिका खुरई द्वारा किया जाएगा उसका भुगतान सीवर एजेंसी एमपीसीईडी द्वारा किया जाएगा। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने सीएमओ को निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति में नपा के पास उपलब्ध संसाधनों के द्वारा पंपिंग के माध्यम से जलनिकासी सुनिश्चित की जाए तथा इस कार्य हेतु स्टाफ की वार्डवार ड्यूटी लगाई जाए। यह भी निर्णय पारित किया गया कि नगर में चल रहे जिन निर्माण कार्यों से मकानों,नाले नालियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से क्षतिग्रस्त होने की आशंका है उन सभी निर्माण कार्यों पर वर्षाकाल के चार महीनों तक रोक लगाई जाएगी। भवन निर्माण कार्यों से निकले वेस्ट मटेरियल(मलमा)को उठवाने के लिए संबंधितों को समयबद्ध नोटिस जारी किए जाएं और समयावधि में नहीं उठाए जाने पर नगरपालिका उक्त मटेरियल को स्वयं उठवा कर व्यय की वसूली संबंधित प्रापर्टी मालिक से करेगी।
ये हुए शामिल
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार, उपाध्यक्ष राहुल चैधरी, वरिष्ठ पार्षद देशराज सिंह यादव, नीतिराज पटेल, राजेंद्र यादव कल्लू,अजीत सिंह अजमानी, बलराम यादव, गनेश पटेल, राशिद बेग, श्रीमती कुसुम विनोद राजहंस, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मनोज राय, जयराम अहिरवार,श्रीमती मोना धर्मेंद्र सिंघई, जगदीश अहिरवार निर्तला, श्रीमती सुनीता इंद्रकुमार राय, हेमन्त सिंह मुहली, एल्डरमेन रंधीर सिंह, आकाश परिहार, गोलू उर्दोना, नन्नू सेन, मिंदर रजक, इंद्राज सिंह, मनोज दुबे, श्रीमती सपना महेश विश्वकर्मा, सीएमओ राजेश मेहतेल सहित सभी पार्षद गण, एल्डरमैन उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें