Sagar Crime : पति को छोड़ भानेज दामाद के साथ रह रही महिला का मिला शव : सुसाइड नोट में बेवफाई का जिक्र; हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस
तीनबत्ती न्यूज : 15 जून ,2026
सागर। सागर के मकरोनिया के दीनदयाल नगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किराए के मकान के किचन में 35 वर्षीय महिला सोनाली पटेल का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। मृतका पिछले डेढ़ साल से अपने पति खरगराम पटेल को छोड़कर अपने भानेज दामाद (प्रेमी) सुंदर पटेल के साथ रह रही थी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सुसाइड नोट में प्रेमी की बेवफाई का जिक्र, पुलिस मान रही सुसाइड
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रेमी की बेवफाई से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी गई है। मकरोनिया थाना प्रभारी रवींद्र चौहान ने बताया कि सुसाइड नोट में प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी से बेवफाई का जिक्र है। पुलिस को मौके से एक रस्सी भी मिली है। मृतका के हाथ-पैर में कांच लगने से खून निकला था और सिर में भी चोट के निशान थे। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पति ने लगाया हत्या का आरोप: "पैसों के लिए मार डाला"
मृतका के पति खरगराम पटेल ने सुंदर पटेल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पति के अनुसार:
- उनकी शादी 2014 में हुई थी और उनका एक 9 साल का बेटा भी है।
- वर्ष 2024 में वे सागर आए थे, जिसके बाद भानेज दामाद सुंदर पटेल उसकी पत्नी सोनाली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
- 18 लाख रुपये का विवाद: सोनाली के पास करीब 18-20 लाख रुपये कैश थे, जो खरगराम ने मकान खरीदने के लिए रखे थे। पति का आरोप है कि सुंदर ने उन्हीं पैसों से जेसीबी खरीदी और पैसे खत्म होने के बाद सोनाली की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया।
मौत से एक दिन पहले आया था फोन: खरगराम ने बताया कि शव मिलने के एक दिन पहले सोनाली का फोन आया था, जिसने कहा था— "मैं मर जाऊंगी।" जब पति ने उसे ढांढस बंधाया और पैसे भेजने की बात कही, तो अगले ही दिन पुलिस का फोन आ गया।
प्रेमी सुंदर का दावा: "मैं अपने घर पर था"
दूसरी ओर, भानेज दामाद सुंदर पटेल ने पुलिस पूछताछ में खुद को बेकसूर बताया है। टैंकर चालक सुंदर का कहना है कि वह बीना से आकर अपने घर चला गया था। उसने पुलिस को बताया कि सोनाली का फोन आया था कि "घर क्यों चले गए? अब न मिलूंगी।" सुंदर के अनुसार उसके पास इस बातचीत की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी है। उसने यह भी दावा किया कि सोनाली पिछले 4 महीने से यहां किराए पर रह रही थी और उसे पहले भी खुद हाथ-पैर में चोट पहुंचाने की आदत थी।
मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग
शनिवार की रात हुई इस घटना की सूचना सुंदर पटेल ने ही पुलिस को दी थी, जिसके बाद रविवार को पति और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के पति और परिजनों ने सुंदर पटेल और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें