सागर पहुंची प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की टीम, नए जिलों और तहसीलों के गठन पर जुटाए सुझाव

प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की तैयारी, आयोग की टीम ने किया सागर का दौरा



तीनबत्ती न्यूज, 13 जुलाई 2026

सागर। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों को अधिक जनोन्मुखी, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में गठित मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की टीम सोमवार को सागर पहुंची। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल और अपर कलेक्टर अविनाश रावत मौजूद रहे। टीम ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक जानकारी एकत्रित की।

शासन द्वारा इस अध्ययन के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (आईआईपीए), नई दिल्ली को नॉलेज पार्टनर बनाया गया है। आयोग के दल का नेतृत्व आईआईपीए के सलाहकार राजीव रंजन कर रहे हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत टीम ने कलेक्टर कार्यालय, राहतगढ़ तहसील कार्यालय और जैसीनगर विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक इकाइयों के मौजूदा ढांचे, कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों का आकलन किया गया।



अध्ययन का उद्देश्य भौगोलिक परिस्थितियों और जनता की जरूरतों के आधार पर अधिक सुलभ प्रशासनिक मॉडल तैयार करना है। इसके लिए अधिकारियों और विभाग प्रमुखों से विस्तृत प्रश्नावली के माध्यम से सुझाव और फीडबैक लिए जा रहे हैं।

जिला और ब्लॉक स्तर पर सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मानव संसाधन की पर्याप्तता और उनकी क्षमता का आकलन।अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए डिजिटल गवर्नेंस, ई-ऑफिस प्रणाली और जनसेवा निवारण हेतु आवश्यक प्रशिक्षण। नए जिलों या तहसीलों के गठन के लिए जनसंख्या का आकार, भौगोलिक परिस्थितियां (नदियाँ, वन, पहाड़) और परिवहन संपर्क मार्ग जैसे मानकों का निर्धारण।

आयोग की टीम वर्तमान संभाग, जिला, तहसील और ब्लॉक सीमाओं के पुनर्संरेखण की आवश्यकता, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मानव संसाधनों की उपलब्धता, डिजिटल गवर्नेंस और ई-ऑफिस प्रणाली के प्रशिक्षण तथा नए जिलों और तहसीलों के गठन के मानकों पर जानकारी जुटा रही है।

सभी विभाग प्रमुखों को सुझाव दर्ज करने के लिए एक डिजिटल लिंक भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से वे अपने सुझाव ऑनलाइन आयोग को भेज रहे हैं। सागर में दौरा और डेटा संकलन पूरा करने के बाद आयोग की टीम सागर संभाग के अन्य जिलों छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और दमोह का भी दौरा करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें