सुरखी में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया गौशाला निरीक्षण, बंजारी माता मंदिर के नए निर्माण का भूमिपूजन

सुरखी में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गौशाला का किया निरीक्षण, बंजारी माता मंदिर के नए निर्माण का किया भूमिपूजन


तीनबत्ती न्यूज |31 जुलाई 2026

सागर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को सुरखी स्थित सांवरे सरकार गौशाला का निरीक्षण किया और बंजारी माता मंदिर में नव मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौ सेवा और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि "मंदिर और गौशालाएं हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं।"

मंत्री राजपूत अपनी धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत के साथ गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित विपिन बिहारी जी महाराज का आशीर्वाद लिया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के साथ उन्होंने गौशाला और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गौ सेवा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सांवरे सरकार के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।



इसके पश्चात मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बंजारी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता रानी के दर्शन-पूजन कर नए मंदिर निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

धार्मिक स्थलों के विकास का दिलाया भरोसा

मंत्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा के धार्मिक स्थलों और आस्था केंद्रों का लगातार सौंदर्यीकरण एवं विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग से गौशाला तक पक्की सड़क, मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइट सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे आश्रम और मंदिर परिसर का स्वरूप भव्य हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और पुनर्जीवन का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गौ संरक्षण, गौशालाओं के विकास, मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंदिर समिति ने जताया आभार

मंदिर समिति एवं पंडित विपिन बिहारी जी महाराज ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले मुख्य मार्ग से मंदिर तक पहुंचने में लोगों को कठिनाई होती थी, जिसे देखते हुए मंत्री ने पक्की सड़क का निर्माण कराया। साथ ही मंदिर परिसर में प्रकाश व्यवस्था और अन्य निर्माण कार्य भी कराए गए, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली।

कार्यक्रम में सरमन सिंह, अरुण गौतम, कमलेश पांडेय, सुमन यादव खरी, विजय सिंह, सतेंद्र सिंह सहित मंदिर समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें