सागर में 15 करोड़ की लागत से 6 मिनी ऑडिटोरियम एवं मिनी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण
• गोपालगंज थाना के सामने 1.25 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया शिलान्यास
तीनबत्ती न्यूज: 25 अगस्त ,2026
सागर। सागर शहर में नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन के विशेष प्रयासों से नगर में लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से 6 मिनी ऑडिटोरियम (आधुनिक मंगल भवन) एवं मिनी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स विकसित किए जा रहे हैं।
मंगलवार को सिविल लाइन वार्ड स्थित गोपालगंज थाना के सामने जेल परिसर में लगभग 1.25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक मंगल भवन का विधिवत शिलान्यास विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं जेल अधीक्षक रमेश चंद आर्य ने किया।
यह आधुनिक मंगल भवन आसपास के वार्डों के नागरिकों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके साथ ही परिसर में जेल में निरुद्ध कैदियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए टीन शेड का भी निर्माण किया जा रहा है।
विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया : शैलेंद्र जैन
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर में हो रहे विकास कार्य जनता के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम हैं। विधायक ने बताया कि पूर्व में शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 40-40 लाख रुपए की लागत से मंगल भवनों का निर्माण कराया गया था। नागरिकों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए अब वार्डों के क्लस्टर स्तर पर लगभग 1.25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मिनी ऑडिटोरियम एवं मंगल भवन विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आसपास के 3 से 4 वार्डों के नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि वेयर हाउस क्षेत्र में भी एक मंगल भवन एवं स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्रस्तावित है, जिसका शीघ्र भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं, तिली तिराहा क्षेत्र में लगभग 7.5 करोड़ रुपए की लागत से भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण भी आकार ले रहा है।
कैदियों के हुनर को मिलेगा बाजार
परिसर में बनाए जा रहे टीन शेड को लेकर विधायक श्री जैन ने कहा कि यहां जेल में निरुद्ध कैदी भाइयों द्वारा तैयार किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि जेल में बंदियों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं और उनके हुनर से तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण होगी। इससे उनके द्वारा तैयार उत्पाद आम लोगों तक पहुंच सकेंगे और उनके कौशल को प्रोत्साहन मिलेगा।
बेहतर और उपयोगी परिसर के रूप में होगा विकसित : जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक रमेश चंद आर्य ने कहा कि विधायक के सहयोग से यह स्थान एक बेहतर और उपयोगी परिसर के रूप में विकसित होगा। आधुनिक मंगल भवन बनने से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक, पारिवारिक एवं अन्य आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि परिसर में कैदियों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए टीन शेड भी बनाया जा रहा है। इससे बंदियों के हुनर को प्रोत्साहन मिलेगा और उनके उत्पादों को बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि सागर में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। जनसुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना भी विकसित की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन श्री नीरज यादव ने किया तथा आभार श्री वसीम खान ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर एडवोकेट अंकलेश्वर दुबे, डॉ. डी.पी. चौबे, महेश जैन, रुपेश यादव, रीतेश तिवारी, रोशनी वसीम खान, मनीष चौबे, सुमित यादव, गीता गौरी शंकर दक्ष, नितिन साहू, अंबिका यादव, प्रकाश यादव, सुमेश यादव, राजीव श्रीवास्तव, चंद्रप्रकाश पांडे, रविन्द्र वर्मा, प्रशांत जैन, लकी पटेल, वैभव यादव, नीरज तिवारी, अनिल वाल्मीकि, रामू दुबे, हरनाम सिंह, नीलेश जैन, के.के. मिश्रा, कृपाल सिंह, सुनील जैन छाया, भुवनेन्द्र जैन, पंकज पटेल, अमित भट्ट, राजू बख्शी, दिलीप बचकैया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें