पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू
• पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे, बचाव कार्य का लिया जायजा
तीनबत्ती न्यूज: 23 अगस्त 2026
सागर। सागर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबचंद गुफा क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गदेरी नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से पिकनिक मनाने पहुंचे सागर शहर के 9 युवक-युवतियां नदी के बीच पानी से घिरे टापू पर फंस गए। एक पत्थर पर ढाई घंटे बैठे रहे । सूचना मिलते ही सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे और सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।
------------
वीडियो देखने क्लिक करे
सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू
------------
पिकनिक मनाने गये थे
घटना की सूचना 22 अगस्त की शाम करीब 6:50 बजे डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। बताया गया कि आबचंद गुफा क्षेत्र में तेज बहाव के कारण 9 लोग चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी जोखिम था।
एसपी ने संभाली कमान, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे घटनाक्रम की पल-पल मॉनिटरिंग शुरू कर दी और संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए तत्काल आवश्यक संसाधन मौके पर भेजने के निर्देश दिए। आबचंद गुफा की ओर से सीधे घटनास्थल तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण था। इसके बाद आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने की रणनीति बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय
अंधेरा, घना जंगल और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से रेस्क्यू टीम बच्चों के निकट पहुंची।
तेज बहाव के बीच SDRF ने संभाला मोर्चा
नदी का पानी चारों तरफ से बढ़ रहा था और सभी 9 लोग नदी के बीच टापू पर फंसे हुए थे। स्थिति को देखते हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच अत्यंत सावधानी से नदी में उतरकर एक-एक कर सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों के बेहतर समन्वय से ऑपरेशन सफल रहा।
पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: जिला अधिवक्ता संघ सागर चुनाव: अंकलेश्वर दुबे अध्यक्ष, जितेंद्र राठौर सचिव और आरती जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित
सभी 9 लोग सुरक्षित
रेस्क्यू किए गए सभी 9 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में रिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, उपासना पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, सानिया पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, निक्की उर्फ निकिता पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, डाली पिता संजय अहिरवार, उम्र 16 वर्ष, राज पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 18 वर्ष राजा पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 17 वर्ष, नीरज अहिरवार पिता संतोष अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, सिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 17 वर्ष शामिल है। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया, जिला सागर के निवासी बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें : कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश
पुलिस और SDRF टीम की सराहनीय भूमिका
रेस्क्यू ऑपरेशन में हवलदार भागवती पटेल, एसडीआरएफ आरक्षक मुकुल यादव, मनोज देशमुख, धर्मेंद्र चौहान, नीरज सौर, प्रयास तिवारी, एसके जितेंद्र पटेल, एसके राकेश विश्वकर्मा सहित पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें: उल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना
इसके अलावा थाना प्रभारी गढ़ाकोटा गौरव तिवारी एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी रहली संजय ऋषीश्वर एवं उनकी टीम, चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी बहेरिया शशिकांत गुर्जर एवं उनकी टीम तथा कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान एवं उनकी टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कंट्रोल रूम द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभिन्न टीमों के बीच लगातार समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें