सागर: री-काउंटिंग के बाद खत्म हुआ विवाद, अंकलेश्वर दुबे 11 वोटों से जीते; बने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष

सागर: री-काउंटिंग के बाद खत्म हुआ विवाद, अंकलेश्वर दुबे 11 वोटों से जीते; बने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष


तीनबत्ती न्यूज:24 सितम्बर, 2026

सागर। सागर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा विवाद आखिरकार गुरुवार को पुनर्मतगणना (री-काउंटिंग) के साथ समाप्त हो गया। वीडियोग्राफी की निगरानी में हुई पुनर्मतगणना में अंकलेश्वर दुबे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एडवोकेट संजय द्विवेदी को 11 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज की।



572 वोट पाकर हासिल की जीत


पुनर्मतगणना में अंकलेश्वर दुबे को कुल 572 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी संजय द्विवेदी को 561 वोट प्राप्त हुए। जीत की घोषणा होते ही साथी अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।


यह था पूरा विवाद


जिला अधिवक्ता संघ के लिए 21 अगस्त को मतदान हुआ था और 22 अगस्त को मतगणना की गई थी। शुरुआती मतगणना में अंकलेश्वर दुबे आगे रहे थे। हालांकि, प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी संजय द्विवेदी ने मतगणना में भिन्नता का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 1350 के बजाय 1355 मतपत्र गिने गए हैं।



मामला मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद में पहुँचने के बाद विशेष समिति ने वीडियोग्राफी के साथ पुनर्मतगणना के आदेश जारी किए। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उच्च न्यायालय जबलपुर के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस संजय द्विवेदी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।




नवनियुक्त अध्यक्ष की प्राथमिकताएं
जीत के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे ने कहा, "सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।" उन्होंने अधिवक्ताओं के हित में अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए बताया:

  • अधिवक्ताओं को 5 लाख रुपये का कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस दिलाना।
  • सीनियर अधिवक्ताओं के लिए पेंशन की व्यवस्था।
  • नए अधिवक्ताओं को 5 साल तक हर महीने 15 हजार रुपये दिलाने का प्रयास करना।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें