बीएमसी ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ से उपकरण खरीद की अनुमति
• पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के पत्र पर मुख्य सचिव ने दी स्वीकृति
तीनबत्ती न्यूज: 13 सितम्बर, 2026
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ रुपये की राशि से आवश्यक उपकरणों की खरीदी का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के पत्र पर मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव कार्यालय ने उपकरण खरीद की अनुमति प्रदान कर दी है।
उल्लेखनीय है कि भूपेन्द्र सिंह के आग्रह पर उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी विधानसभा के सदन में दी थी।
7 अगस्त को मुख्य सचिव को लिखा था पत्र
पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने 7 अगस्त 2026 को मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन को पत्र लिखकर बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के लिए स्वीकृत 2 करोड़ रुपये की राशि से आवश्यक उपकरणों की खरीदी की अनुमति देने का आग्रह किया था।
पत्र में उन्होंने बताया था कि बीएमसी सागर द्वारा उन्हें अवगत कराया गया है कि स्वीकृत राशि के उपयोग के लिए वित्त संचालक, चिकित्सा शिक्षा से आवश्यक क्रय अनुमति तथा प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करना जरूरी है।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजा पत्र
भूपेन्द्र सिंह के पत्र पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सचिव कार्यालय ने उन्हें अवगत कराया है कि उपकरणों की खरीदी की अनुमति प्रदान कर दी गई है। साथ ही इस संबंध में प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है।
इस अनुमति के बाद बीएमसी सागर के ब्लड बैंक के आधुनिकीकरण के लिए स्वीकृत राशि से आवश्यक आधुनिक उपकरणों की खरीदी की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें