ट्रेन से गिरकर रेलवे पटरी पर घायल हुआ व्यक्ति, डायल-112 जवानों ने समय पर पहुंचाया अस्पताल
तीनबत्ती न्यूज, 02 सितंबर 2026
सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर रेलवे पटरी पर घायल हुए एक व्यक्ति के लिए डायल-112 के जवान तत्काल मददगार साबित हुए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने घायल को सुरक्षित पटरी से बाहर निकाला और एफ.आर.व्ही. वाहन से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, 02 सितंबर को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि थाना मोतीनगर क्षेत्र के राहतगढ़ बस स्टैंड के पास रेलवे पटरी पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफ.आर.व्ही. वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे आरक्षक कैलाश बागरी एवं पायलेट सलमान खान ने देखा कि एक व्यक्ति ट्रेन से गिरने के कारण रेलवे पटरी पर घायल अवस्था में पड़ा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को सुरक्षित रूप से रेलवे पटरी से उठाकर सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद घायल व्यक्ति को डायल-112 के एफ.आर.व्ही. वाहन से तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर ले जाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
डायल-112 जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें