सागर में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच, CCTV और पार्किंग निगरानी बढ़ाने के निर्देश

बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस का विशेष अभियान, जिलेभर में हुई जांच

तीनबत्ती न्यूज:15 सितम्बर, 2026

सागर। बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष चेकिंग एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह ने बंडा शराब कांड पर सरकार को घेरा, SP हटाने और उनकी EOW जांच की मांग • बंडा कांड के चार पीड़ित परिवारों को लिया गोद • कलेक्टर ने नहीं उठाए फोन, करेंगे शिकायत • भार्गव - भूपेंद्र और गोविंद राजपूत वाली भाजपा में बताया फर्क

अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा प्रभारियों से चर्चा कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और संभावित जोखिमों की जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।


बैंक के बाहर और पार्किंग में भी CCTV लगाने पर जोर


सागर पुलिस ने बैंकिंग संस्थानों में CCTV कैमरों की संख्या और कवरेज बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैंक के प्रवेश और निकास द्वार, कैश काउंटर, लॉकर क्षेत्र, गलियारों के साथ-साथ परिसर के बाहर पार्किंग और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों को भी CCTV की निगरानी में लाने के लिए कहा गया।



पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण CCTV फुटेज अपराध की रोकथाम के साथ-साथ किसी घटना के बाद संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और उसके आवागमन की पहचान में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध करा सकता है।

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश


बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों को बैंक के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया। पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर एवं त्वरित समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।


पुलिस ने सुरक्षा गार्डों को सतर्क रखने, CCTV कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग की नियमित जांच करने तथा प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

लगातार जारी रहेगा सुरक्षा अभियान

सागर पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल औपचारिक जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में अपराध की रोकथाम, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिस-बैंकिंग संस्थानों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें