सागर खेल परिसर की जर्जर इमारत होगी डिस्मेंटल, बनेगा अत्याधुनिक खेल भवन : कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सागर खेल परिसर की जर्जर इमारत होगी डिस्मेंटल, बनेगा अत्याधुनिक खेल भवन 

• कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया निरीक्षण, बैडमिंटन और मार्शल आर्ट्स हॉल को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश

तीनबत्ती न्यूज, 22 सितंबर 2026

सागर। जिले के खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सागर खेल परिसर का कायाकल्प किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सागर खेल परिसर का निरीक्षण कर पुरानी और जर्जर इमारत को नियमानुसार डिस्मेंटल कर उसकी जगह सर्वसुविधायुक्त, बहुउद्देश्यीय और अत्याधुनिक खेल भवन निर्मित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (BDC) के अधिकारियों को पुरानी इमारत को शीघ्र डिस्मेंटल करने तथा नवीन खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण तेजी से प्रारंभ करने के निर्देश दिए।



खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित न हो


कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए बैडमिंटन हॉल और मार्शल आर्ट्स हॉल सहित खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें: सागर में अब मॉर्निंग वॉक भी महंगी! खेल परिसर में वॉक करने वालों पर लगा ₹500 रजिस्ट्रेशन और ₹300 मासिक टहलना शुल्क

उन्होंने परिसर में संचालित जिम को भी निर्माण अवधि में बंद नहीं रखने के निर्देश दिए। जिम को परिसर के भीतर ही किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर अस्थायी रूप से शिफ्ट कर नियमित रूप से संचालित करने को कहा गया, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण की सुविधा लगातार मिलती रहे।

यह भी पढ़ें: खेल परिसर में मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार

तय समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निर्माण

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने BDC और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से द्रुत गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा।


कलेक्टर ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सागर खेल परिसर में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।


निरीक्षण के दौरान संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मीला डाबर, बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के कार्यपालन यंत्री तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें