केसली में जन विश्वास अभियान का शिविर: विधायक बृज बिहारी पटेरिया बोले- अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की समस्या का समाधान ही अभियान का मूल
तीनबत्ती न्यूज, 09 अक्टूबर 2026
सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत कृषि उपज मंडी प्रांगण केसली में खंड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संभाग आयुक्त दिलीप कुमार और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आमजन से व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्राप्त किए और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
शिविर में देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: केसली में कमिश्नर-कलेक्टर का दौरा: स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण
विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू किया गया जन विश्वास अभियान प्रशासन आपके द्वार की संकल्पना को साकार कर रहा है। अभियान के माध्यम से जनसंवाद कर आमजन की शिकायतें और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से संबंधित आवेदन लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की समस्या का समाधान ही जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य है। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की समीक्षा कर उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान के तहत पौधरोपण
कार्यक्रम के अंत में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक, संभाग आयुक्त, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण किया।
कबड्डी के खिलाड़ियों का सम्मान
शिविर के दौरान U-19 70वीं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित केसली स्कूल के विद्यार्थियों जय सिंह गौड़ और आदर्श मेहरा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त एक्शन, सागर में 13 पटवारी निलंबित और 137 को नोटिस
हितलाभ का वितरण
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
- पीएम विश्वकर्मा योजना: ग्रामोद्योग विभाग द्वारा नीरज जैन को 1 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र।
- PMFME योजना: उद्यानिकी विभाग द्वारा मलखान सिंह को 2 लाख 52 हजार रुपये का स्वीकृति पत्र।
- कस्टम हायरिंग (AIF) योजना: कृषि विभाग द्वारा सुरभी दुबे को प्रमाण पत्र।
- प्राकृतिक खेती: कृषि विभाग द्वारा विवेक लोधी को प्रमाण पत्र।
कृषक एवं उद्यमी संवाद
कृषक संवाद में मलखान सिंह ने बताया कि उन्हें PMFME योजना का लाभ मिला है। कृषि विभाग के माध्यम से अनुदान पर उन्होंने लहसुन की खेती के लिए ग्रेडिंग मशीन और प्लांटर मशीन खरीदी है।
उद्यम संवाद में उद्यमी अवधेश राजपूत ने बताया कि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत राइस मिल यूनिट स्थापित करने के लिए उन्हें लाभ मिला। उनकी राइस मिल में चावल ग्रेडिंग और कस्टम मिलिंग का कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्तमान में 20 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और आमजन को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी भी दी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें