सागर-बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं प्रमुख मांगें
• सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन, नागपुर के लिए सीधी ट्रेन और वंदे भारत एवं अमृत भारत नेटवर्क से सागर को जोड़ने की मांग
तीनबत्ती न्यूज: 22 अक्टूबर, 2026
सागर। पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत रेल सुविधाओं के विकास एवं विस्तार को लेकर गुरुवार को आयोजित महाप्रबंधक एवं सांसदों की बैठक में राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल की ओर से उनके प्रतिनिधि भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सोनी ने सागर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ा 10 सूत्रीय मांग पत्र रेलवे महाप्रबंधक को सौंपा। मांग पत्र में नई रेल लाइनों के निर्माण, प्रमुख महानगरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी, आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार, रेलवे स्टेशनों के विकास एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। रेलवे महाप्रबंधक ने मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने अपने मांग पत्र में उल्लेख किया कि सागर बुंदेलखंड का महत्वपूर्ण शैक्षणिक, व्यापारिक एवं प्रशासनिक केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी, व्यावसायिक गतिविधियों और यात्रियों की आवश्यकताओं को देखते हुए रेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रेल प्रशासन से सागर एवं बुंदेलखंड के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
सागर रेलवे स्टेशन के विस्तार और लॉजिस्टिक हब विकसित करने की मांग
सांसद अग्रवाल ने सागर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे की खाली भूमि का उपयोग रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के माध्यम से करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस भूमि का उपयोग सागर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा व्यावसायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में किया जा सकता है।
इसके साथ ही सागर के निकट लॉजिस्टिक हब एवं रेल साइडिंग विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करने की मांग की गई, जिससे माल परिवहन, भंडारण तथा लोडिंग-अनलोडिंग की सुविधाओं का विस्तार हो सके और क्षेत्र की औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल लाइन और नागपुर से सीधी रेल सेवा का मुद्दा उठाया
मांग पत्र में सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया। इस रेल मार्ग के विकसित होने से बुंदेलखंड के प्रमुख नगरों के बीच संपर्क सुविधाओं का विस्तार होने के साथ पर्यटन और व्यापार को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त सागर से नागपुर के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने तथा दिल्ली, मुंबई, इंदौर एवं लखनऊ जैसे प्रमुख महानगरों के लिए ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ाने के विकल्पों पर विचार करने की मांग की गई।
वंदे भारत और अमृत भारत नेटवर्क से सागर को जोड़ने की मांग
राज्यसभा सांसद अग्रवाल ने सागर को वंदे भारत एवं अमृत भारत ट्रेनों के नेटवर्क से सुदृढ़ रूप से जोड़ने की मांग की। आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार से सागर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा के विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
साथ ही मकरोनिया रेलवे स्टेशन को यात्री टर्मिनल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे सागर क्षेत्र में बढ़ते यात्री दबाव को व्यवस्थित करने और रेल सुविधाओं के विस्तार में सहायता मिल सके।
बीना मालखेड़ी स्टेशन को भोपाल मंडल में शामिल करने की मांग
मांग पत्र में बीना मालखेड़ी रेलवे स्टेशन को जबलपुर मंडल से हटाकर पुनः भोपाल मंडल में शामिल करने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही बीना स्टेशन से जुड़ी झांसी लाइन एवं कटनी लाइन की रेलवे सीमाओं के पुनर्निर्धारण की मांग की गई।
क्षिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने और सागर का आरक्षण कोटा बढ़ाने की मांग
सांसद अग्रवाल ने क्षिप्रा एक्सप्रेस की साप्ताहिक आवृत्ति तीन दिन से बढ़ाकर सात दिन करने की मांग की। साथ ही सागर में ट्रेन का ठहराव यथावत रखते हुए यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय-सारणी निर्धारित करने तथा सागर के यात्रियों के लिए आरक्षण कोटा बढ़ाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अतिरिक्त महत्वपूर्ण रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) एवं अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग की गई, ताकि रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से नागरिकों को राहत मिल सके और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो।
महाप्रबंधक ने दिया शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन
बैठक में राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल का प्रतिनिधित्व करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सोनी ने रेलवे महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपकर सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने सागर एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की बढ़ती रेल आवश्यकताओं से महाप्रबंधक को अवगत कराया। रेलवे महाप्रबंधक ने मांग पत्र में उल्लेखित विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें