नवागत कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने संभाली सागर की कमान, मालथौन में जनविश्वास शिविर में सुनीं समस्याएं, SDM कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

नवागत कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने संभाली सागर की कमान, मालथौन में जनविश्वास शिविर में सुनीं समस्याएं, SDM कार्यालय का किया औचक निरीक्षण



तीनबत्ती न्यूज: 30 अक्टूबर 2026

सागर। सागर जिले के नवागत कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी श्री यादव इसके पूर्व मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल में प्रबंध संचालक के पद पर पदस्थ थे।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और शासकीय कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।


पहलवान बब्बा मंदिर में किए दर्शन

पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत कलेक्टर श्री यादव पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मालथौन जनविश्वास शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं

कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्री यादव मालथौन पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत बस स्टैंड परिसर में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में शामिल हुए। उन्होंने आमजनों से व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्राप्त किए और उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जनविश्वास शिविर की विशेषता यह है कि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आमजन की समस्याओं के आवेदन लेकर उनका समाधान एक ही स्थान पर किया जाता है। इससे प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ती है और आम नागरिकों को राहत मिलती है।

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों में जो समस्याएं तत्काल निराकृत हो सकती हैं, उनका निराकरण उसी दिन किया जाए। अन्य आवेदनों का निराकरण 7 से 15 दिवस की समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

राजस्व प्रकरणों की होगी नियमित मॉनिटरिंग

कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि राजस्व विभाग के सभी प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। विकासखंड स्तर पर लंबित प्रकरणों का निराकरण कर पेंडेंसी शून्य की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का विधिवत संधारण करने, पोर्टल पर अपलोड करने और निराकृत आवेदनों की जानकारी आगामी समय-सीमा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों को ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण की व्यवस्था की जानकारी भी दी। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला स्व-सहायता समूहों को 1.35 करोड़ की स्वीकृति

जनविश्वास शिविर में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। शारदा, कृष्णा एवं जागृति स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों को 1 करोड़ 35 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

इसके अलावा लक्ष्मी अहिरवार को लाड़ली लक्ष्मी योजना, बाबू बंजारा की माता को संबल योजना के तहत सहायता राशि, सुखलाल अहिरवार को मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये की सहायता का पत्र तथा किसान कल्याण खंगार को रोटावेटर खरीदने के लिए अनुदान पत्र प्रदान किया गया।

यह भी पढ़ें: सागर के नए SP संजीव सिंहा ने संभाला पदभार, तीन दशक का पुलिस सेवा अनुभव

कृषकों से किया संवाद

शिविर में कृषक संवाद के दौरान बरोदिया गोसाई निवासी बद्री प्रसाद कुर्मी, बरोदिया कला निवासी राकेश कुमार जैन एवं कृषक प्रदीप मालवीय ने अपनी उन्नत खेती के अनुभव साझा किए तथा कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

एसडीएम कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

मालथौन प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा रिकॉर्ड रूम, न्यायालयीन प्रकरणों की फाइलों और जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति देखी।


उन्होंने लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन, स्वच्छता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव, मालथौन एसडीएम सुश्री मोना दांगी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें