एएनसी पंजीयन और स्वास्थ्य लक्ष्यों में पिछड़ने पर होगी कार्रवाई : निजी अस्पतालों का भी निरीक्षण
• कलेक्टर प्रतिभा पाल ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा
तीनबत्ती न्यूज: 08 अक्तूबर, 2026
सागर: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एएनसी पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, एनीमिया प्रबंधन और अनमोल पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग में लापरवाही को गंभीरता से लिया। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध वेतन राजसात करने सहित कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया नया कार्य विभाजन, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
कलेक्टर ने अप्रैल से सितंबर 2026 तक अनमोल 2.0 के माध्यम से हुए एएनसी पंजीयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से लक्ष्य और उपलब्धि की जानकारी ली। लक्ष्य के अनुरूप एएनसी पंजीयन नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में जाकर गर्भवती महिलाओं से संपर्क कर शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच अथवा संबंधित गतिविधि जिस दिन हो, उसी दिन उसका डाटा अनमोल पोर्टल पर अपलोड किया जाए। डाटा में कमी या त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।
एनीमिया प्रबंधन में लापरवाही पर वेतन राजसात
कलेक्टर ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समीक्षा करते हुए शहरी क्षेत्र में एचआरपी की संख्या में कमी के कारणों की जानकारी ली और एचआरपी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।
सीवियर एनीमिया प्रबंधन का लक्ष्य प्राप्त नहीं होने पर संबंधित सीएचओ के सात दिवस का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी बीएमओ को अपने-अपने सेक्टर में एएनसी सहित निर्धारित स्वास्थ्य सेवाओं के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस सेक्टर की उपलब्धि जिले के औसत 88 प्रतिशत से कम पाई जाएगी, वहां संबंधित बीएमओ के सात दिवस का वेतन राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी।
बीएमओ पर भी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में बीएमओ की उपस्थिति और कार्यों की समीक्षा की गई। बीना बीएमओ के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
केसली, जैसीनगर और राहतगढ़ ब्लॉक में लापरवाही एवं लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर आगामी आदेश तक संबंधित बीएमओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। केसली, राहतगढ़, मालथौन सहित अन्य ब्लॉकों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा कर कमियां दूर करने को कहा गया।
निजी अस्पताल और नर्सिंग होम का होगा निरीक्षण
कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सागर क्षेत्र में चिकित्सकों को स्वयं मौके पर जाकर एएनसी पंजीयन सहित स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखने और आवश्यक कार्रवाई की रिपोर्ट सात दिवस में प्रस्तुत करने को कहा गया।नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थान के लाइसेंस के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समग्र आईडी से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने और समग्र आईडी से संबंधित कमियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि समग्र आईडी के अभाव में किसी हितग्राही को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो ऐसी समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए।
उन्होंने सभी बीएमओ को क्षेत्र में जाकर लोगों से सीधे संवाद करने तथा जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने कार्यों तथा डाटा की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश कुमार गोमे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया सहित सभी बीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें