शाहगढ़ में वन विभाग की टीम पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार; ट्रैक्टर जब्त

वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

• वन भूमि पर ट्रैक्टर चलाकर कब्जे का प्रयास रोकने पर किया था हमला, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त



तीनबत्ती न्यूज:15 अक्टूबर 2026

सागर। वन भूमि पर अवैध रूप से ट्रैक्टर चलाकर कब्जा करने से रोकने पर वन विभाग की टीम के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में शाहगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को वनरक्षक नारायण सिंह ने थाना शाहगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम निवाही स्थित बीट बट्टवाहा के कक्ष क्रमांक आरएफ-477, छोटा बंधा के पास कुछ लोग ट्रैक्टर चलाकर वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।

सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी वन विभाग के अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई करने से रोकने पर आरोपियों ने कथित तौर पर वन विभाग की टीम के साथ मारपीट की। इस घटना में डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी और वनरक्षक नारायण सिंह को चोटें आईं।

वनरक्षक की रिपोर्ट पर थाना शाहगढ़ में अपराध क्रमांक 315/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 132, 151(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर तीनों गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में शाहगढ़ पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के निर्देशन तथा एसडीओपी बंडा रोहित लखारे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिराम यादव पिता जनक यादव, अमित यादव पिता हरिराम यादव और हरेन्द्र यादव पिता हरिराम यादव, सभी निवासी ग्राम निवाही, थाना शाहगढ़, जिला सागर के रूप में हुई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी शाहगढ़ उप निरीक्षक संदीप खरे, उप निरीक्षक गणपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश खरे, प्रधान आरक्षक अमित, जानकी, जय, हरिराम एवं संतोष राय तथा आरक्षक दिनेश, लखन, रवि, आर्यन और सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें