शाहपुर में मजबूत हो रही जल प्रदाय व्यवस्था, 15 वार्डों में शुरू हुआ ट्रायल रन

शाहपुर में मजबूत हो रही जल प्रदाय व्यवस्था, 15 वार्डों में शुरू हुआ ट्रायल रन

1.75 एमएलडी जल शोधन संयंत्र सहित परियोजना का 94 प्रतिशत काम पूरा, 2,700 घरों तक पहुंचे जल कनेक्शन



तीनबत्ती न्यूज: 07 अक्टूबर, 2026

सागर। शाहपुर नगर में नागरिकों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल प्रदाय परियोजना का काम तेजी से पूर्णता की ओर है। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा संचालित इस परियोजना का करीब 94 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। संचालन एवं संधारण सहित परियोजना की लागत लगभग 17.47 करोड़ रुपये है।

परियोजना के तहत शाहपुर में 1.75 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन और अन्य जरूरी अधोसंरचना तैयार की गई है।

47 किलोमीटर वितरण नेटवर्क पूरा

परियोजना के अंतर्गत 7 किलोमीटर रॉ-वाटर राइजिंग मेन पाइपलाइन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं 47 किलोमीटर वितरण नेटवर्क भी पूरी तरह बिछाया जा चुका है।

5.17 किलोमीटर क्लियर वाटर राइजिंग मेन में से अब तक 3.80 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। दशहरा मैदान में 320 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण भी लगभग पूरा होने की स्थिति में है।

2,700 घरों को मिले जल कनेक्शन

नागरिकों को परियोजना का लाभ पहुंचाने के लिए घरेलू जल कनेक्शन का काम भी तेजी से किया गया है। कुल 2,738 कनेक्शन के लक्ष्य के मुकाबले 2,700 घरेलू जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का लगभग 98.61 प्रतिशत है।

15 वार्डों में ट्रायल रन शुरू

शाहपुर के 15 वार्डों में जल प्रदाय व्यवस्था का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। इसके माध्यम से नई व्यवस्था को वास्तविक परिस्थितियों में परखा जा रहा है। ट्रायल के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों और आवश्यक सुधारों को समय रहते दूर किया जा रहा है।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद शाहपुर के नागरिकों को अधिक व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों शेष कार्य

नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल प्रदाय अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। शाहपुर में विकसित की जा रही आधुनिक जल प्रदाय व्यवस्था से नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही संचालन एवं संधारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें