सुरखी में जन-समस्या निवारण शिविर: मंत्री गोविंद राजपूत बोले- यह भाषण सुनाने का नहीं, समस्याओं के समाधान का शिविर
तीनबत्ती न्यूज: 03 अक्टूबर 2026
सागर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सुरखी में जन-समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया । इसके बाद मंत्री राजपूत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
‘यह भाषण सुनाने का नहीं, समस्याओं के समाधान का शिविर है’
विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह आयोजन केवल भाषण सुनाने का औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और धरातलीय समाधान के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश के जिला, खंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य जिला प्रशासन के अधिकारियों को सीधे जनता के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का निराकरण करना है। मंत्री ने कहा कि “आज कलेक्टर से लेकर जिले का पूरा प्रशासनिक अमला आपके बीच मौजूद है। सरकार और जिला प्रशासन चलकर आपके घर तक आया है। आमजन शिविर में आएं, अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें, योजनाओं की प्रक्रिया समझें और उनका पूरा लाभ उठाएं।”उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका पारदर्शी एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने दिए तीन दिन में निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शिविर को आमजन की समस्याओं के निराकरण का सुलभ माध्यम बताते हुए नागरिकों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए। जिन मामलों में जांच अथवा प्रक्रियात्मक कार्रवाई आवश्यक है, उनका निराकरण अनिवार्य रूप से तीन दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं, पात्रता शर्तों और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी आम नागरिकों को दी।अधिकारियों ने नागरिकों से अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग के स्टॉल पर संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीता औंकार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव, एसडीएम श्री रोहित वर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और आम नागरिक उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें