सुरखी में 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया मंत्री-सांसद ने
तीनबत्ती न्यूज, 14 अक्टूबर 2026
सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ग्राम सेमरा गोपालमन, चादौनी, करैया और जैसीनगर में 10 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क एवं पहुंच मार्ग, पेयजल टंकी, नाली और चबूतरा निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इस दौरान जैसीनगर में आधार केंद्र का शुभारंभ भी किया गया।
इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, आधार केंद्र शुरू होने से स्थानीय लोगों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
विकास कार्यों से बदलेगी गांवों की तस्वीर : गोविंद सिंह राजपूत
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों से कुछ लोगों की राजनीति प्रभावित हुई है, इसलिए भ्रमित करने वाला प्रचार किया जा रहा है। लेकिन जनता विकास कार्यों को देख रही है और योजनाओं से मिल रहे लाभ को महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री राजपूत की सोच ने बदली सुरखी की तस्वीर : सांसद लता वानखेड़े
कार्यक्रम में सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से सुरखी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास क्षेत्र को अलग पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री राजपूत क्षेत्र की जनता के बीच लगातार उपलब्ध रहते हैं। जनता के साथ उनका पारिवारिक जुड़ाव और विश्वास ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांव-गांव में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं और भाजपा सरकार की नीतियों से सुरखी की तस्वीर बदल रही है।
सड़क, पेयजल और नाली निर्माण से ग्रामीणों को राहत
सुरखी विधानसभा के विभिन्न गांवों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को ग्रामीण जीवन की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए मंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कें किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में सहूलियत देती हैं।मंत्री ने कहा कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिक के दैनिक जीवन में दिखाई दे। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह, राजा करैया, साहब सिंह सेमरा, हरनाम सिंह, धर्मेंद्र पटेल, मंडल अध्यक्ष संतोष पटेल, उमेश गढ़ेरिया, निर्भय सिंह, नारायण पटेल, हाकम सिंह, लाखन सिंह, विश्वनाथ सिंह, सिहोनी लाल सिंह, सूरज सिंह, मदन सिंह, छोटे सिंह, गोवर्धन सिंह, डब्बू आढ़तिया, पप्पू तिवारी, प्रहलाद प्रजापति, देवेंद्र दुबे, राजकुमार सिंह, हेमंत सिंह, चंद्रभान सिंह, रामराज सिंह, राजाराम प्रजापति, निर्भय गोंड और गजभान सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें