कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सागर शहर के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
• तिली चौराहा ऑडिटोरियम, कनेरादेव कॉलोनी, प्रमुख चौराहों और छोटी झील घाट का लिया जायजा
तीनबत्ती न्यूज : 03 नवंबर 2026
सागर। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार सुबह नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री एवं नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं, यातायात व्यवस्था, आवासीय कॉलोनी और पार्कों सहित छोटी झील किनारे विकसित किए जा रहे कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तिली चौराहा ऑडिटोरियम का निरीक्षण
कलेक्टर ने तिली चौराहा स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑडिटोरियम की कुल बैठक क्षमता, कमरों एवं हॉल, टॉयलेट, पेयजल और पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेप के माध्यम से भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन की भी समीक्षा की।
उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ऑडिटोरियम में प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग रखे जाएं। भवन का निर्माण इस तरह किया जाए कि भविष्य में उसका रखरखाव आसान हो।
![]() |
कलेक्टर ने भवन के खुले हिस्सों और खिड़कियों को ग्लास एवं जाली आदि से व्यवस्थित रूप से ढकने के निर्देश दिए, ताकि पक्षियों के कारण होने वाली गंदगी को रोका जा सके। उन्होंने परिसर में मौजूद पेड़-पौधों को सुरक्षित रखने और निर्माण के दौरान उन्हें काटने की आवश्यकता न पड़े, इस तरह कार्य करने के निर्देश दिए।
चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने तिली चौराहा, राजघाट तिराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात विशेषज्ञ से ट्रैफिक फ्लो का सर्वे कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार रोटरी विकसित कर चौराहों को सुंदर बनाने के साथ यातायात को भी व्यवस्थित किया जाए। सभी प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
कनेरादेव आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण
कलेक्टर ने कनेरादेव आवासीय कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलोनी में निर्मित ब्लॉकों, आवंटित भवनों और निर्माणाधीन भवनों की जानकारी ली तथा पूरे परिसर का भ्रमण किया।
उन्होंने बिजली व्यवस्था के लिए स्थापित डीपी, सड़कों और पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं।
कलेक्टर ने इंजीनियर्स को स्थानीय निवासियों की मांग के अनुसार मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के बेहतर रखरखाव के लिए यहां के निवासियों की सोसाइटी गठित की जाए और कॉलोनी की देखरेख एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सोसाइटी को सौंपी जाए, जिससे नियमित रूप से रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
पार्कों और छोटी झील घाट का निरीक्षण
कलेक्टर ने वीरांगना झलकारी बाई पार्क, कला मंच और छोटी झील किनारे नवनिर्मित घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पार्कों में नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय पर घास की कटाई और पेड़ों की छंटाई होने से पार्कों की सुंदरता एवं स्वच्छता बेहतर होती है। व्यवस्थित रखरखाव वाले पार्क नागरिकों के लिए ‘हैप्पी प्लेस’ के रूप में विकसित होते हैं, जहां लोग चहलकदमी के साथ बेहतर हरियाली और स्वस्थ वातावरण का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने पार्कों में स्थापित प्रतिमाओं से जुड़े इतिहास की जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले लोग उनके ऐतिहासिक महत्व से परिचित हो सकें।
छोटी झील किनारे नवनिर्मित घाट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कबाड़ से जुगाड़ के माध्यम से बनाए गए गदा के आकार सहित अन्य कलाकृतियों को देखा और उनकी जानकारी ली। उन्होंने सागर में 3R—रिसाइकल, रियूज और रिड्यूस को बढ़ावा देने के लिए संचालित 3R सेंटर तथा अन्य गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें