विधायक शैलेन्द्र जैन ने CM डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से की मुलाकात
तीनबत्ती न्यूज: 23 नवंबर, 2026
सागर। सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर जनहित और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
विधायक जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बल्लभ भवन में भेंट कर कोविड-19 महामारी के दौरान सेवाएं देने वाले लगभग 4 हजार स्वास्थ्य कर्मियों की पुनर्बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित इन स्वास्थ्य कर्मियों ने विषम परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा की थी। 28 मार्च 2022 को सेवाएं समाप्त होने के बाद ये प्रशिक्षित एवं अनुभवी स्वास्थ्य कर्मी बेरोजगार हैं। विधायक ने पात्र कोविड योद्धाओं को नियमित अथवा संविदा आधार पर पुनः सेवा में लेने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के लगभग 6 हजार व्यावसायिक प्रशिक्षकों (Vocational Trainers) की लंबित मांगों के निराकरण का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इसमें थर्ड पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर विभाग के माध्यम से सीधे वेतन भुगतान, न्यूनतम 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, वार्षिक वेतनवृद्धि, स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा देने की मांग शामिल है। विधायक जैन ने दोनों विषयों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष को सागर पदयात्रा की तैयारियों की जानकारी दी
विधायक शैलेन्द्र जैन ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने सागर विधानसभा क्षेत्र एवं स्थानीय संगठन की गतिविधियों से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया।
विधायक जैन ने आगामी 29 नवंबर को सागर में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' संकल्प के तहत आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा की तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह है और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। भेंट के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं की सहभागिता बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें