सागर में शराब दुकान हटाने महिलाओं का मोर्चा:भाजपा पार्षद डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
तीनबत्ती न्यूज: 16 नवंबर, 2026
सागर। मछरयाई स्थित कांच मंदिर कलारी को बंद कराने और वहां से हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं का विरोध तेज हो गया है। सोमवार, 16 नवंबर को भाजपा पार्षद एवं महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. याकृति जड़िया के नेतृत्व में विवेकानंद वार्ड क्रमांक 36 की महिलाओं ने जिलाधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर
गौरतलब है कि दो दिन पहले इसी शराब दुकान से शराब पीने के बाद एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक की तबीयत गंभीर हो गई थी। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र की महिलाएं शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रही हैं।
ज्ञापन में महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान को हटाने के समर्थन में वार्ड की 100 प्रतिशत महिलाओं ने हस्ताक्षर किए हैं। उनका कहना है कि दुकान के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे महिलाओं और लड़कियों का इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन गाली-गलौज, हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं होती हैं। शराब दुकान के आसपास खाली बोतलें और कचरा फेंके जाने से गंदगी फैल रही है, जिससे बच्चों और रहवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि शराब दुकान के नजदीक कांच मंदिर, शनि मंदिर, ग्यादिन तिगड्डा स्थित हनुमान मंदिर और विवेकानंद वार्ड की मुख्य आंगनबाड़ी संचालित है। महिलाओं ने इन धार्मिक स्थलों और आंगनबाड़ी के आसपास शराब दुकान संचालित होने पर आपत्ति जताई।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
पार्षद डॉ. याकृति जड़िया और क्षेत्र की महिलाओं ने प्रशासन से जनहित, महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मछरयाई कांच मंदिर कलारी को तत्काल बंद कर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. याकृति जड़िया के साथ शीतल खटीक, मनीषा सोनी, रश्मि सोनी, सुरभि खटीक, गीता खटीक, सीता बाई, नेहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें