सागर में जहरीली शराब से मौतों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ हल्लाबोल : मशाल जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन • पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांगी कार्रवाई • ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने देवरी के जैतपुर शराब कांड में SIT जांच और मुआवजे की मांग उठाई

सागर में जहरीली शराब से मौतों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ हल्लाबोल : मशाल जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन

• पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांगी कार्रवाई

• ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने देवरी के जैतपुर शराब कांड में SIT जांच और मुआवजे की मांग उठाई


तीनबत्ती न्यूज: 12 नवंबर, 2026

सागर। जिले में अवैध और कथित जहरीली शराब से हो रही मौतों तथा गांव-गांव में जारी अवैध शराब के कारोबार को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने देवरी क्षेत्र के जैतपुर में चार ग्रामीणों की मौत के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

राजीव गांधी भवन से राधा तिराहे तक निकाला मशाल जुलूस

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी भवन से मशाल जुलूस शुरू किया। जुलूस कटरा, जामा मस्जिद और गुजराती बाजार होते हुए राधा तिराहे पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर '37 मौतों का हिसाब दो', 'अवैध शराब बंद करो' और 'जहरीली शराब बेचने वालों को सजा दो' जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद भी जिले में अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जहरीली शराब से अब तक करीब 37 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की।

महेश जाटव ने कहा कि जहरीली शराब से कई परिवार उजड़ गए हैं। बरेठी शराब दुकान में 1300 पेटी अवैध शराब मिलने और केसली में संदिग्ध मौत जैसे मामले बताते हैं कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। उन्होंने 37 मौतों की न्यायिक जांच, दोषी ठेकेदारों और आबकारी अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

पूर्व सांसद आनंद अहिरवार ने भी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि देवरी क्षेत्र में भी मौतें हो रही हैं, लेकिन प्रशासन अवैध शराब के कारोबार को रोकने में नाकाम है।

अमित रामजी दुबे ने कहा कि 37 मौतें गंभीर मामला हैं और इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री जारी रहना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी ने मशाल जुलूस को मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि और प्रशासन के लिए चेतावनी बताते हुए कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर मौतों का वास्तविक आंकड़ा जुटाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

देवरी के जैतपुर शराब कांड पर ग्रामीण कांग्रेस ने उठाए सवाल



जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने  एक बयान में कहा कि बंडा शराब कांड के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के गौरझामर के डोम जैतपुर में कथित अवैध शराब के सेवन से चार ग्रामीणों की मौत हो गई। उन्होंने इसे भाजपा सरकार के संरक्षण में पनप रहे शराब माफिया का परिणाम बताते हुए पूरे मामले की SIT जांच कराने की मांग की।

मुहासा ने कहा कि गांव-गांव में अवैध शराब खुलेआम बिक रही है। जैतपुर और ईसुरवारा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। केसली और गौरझामर क्षेत्र में ग्रामीणों को पांच घंटे तक चक्काजाम करना पड़ा, तब जाकर प्रशासन सक्रिय हुआ।

उन्होंने मांग की कि जैतपुर शराब कांड की उच्चस्तरीय SIT जांच कराई जाए और शराब बेचने वालों के साथ उन्हें संरक्षण देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं नेताओं पर भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। गौरझामर थाना प्रभारी को तत्काल हटाने, मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा जैतपुर, ईसुरवारा सहित पूरे जिले में अवैध शराब के अड्डों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की।

मुहासा ने स्थानीय विधायक बृज बिहारी पटेरिया से भी सवाल करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर समय रहते सख्ती की जाती तो चार लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने जिले में अवैध एवं जहरीली शराब और नशीले पदार्थों के बेखौफ कारोबार पर गंभीर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने आबकारी आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा कर सागर जिले में प्रभावी कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में चौधरी ने कहा कि बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों और बड़ी संख्या में लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की घटना के बाद भी अवैध शराब का कारोबार जारी है। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति और मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा है।

उन्होंने बंडा के वार्ड क्रमांक 15 निवासी करण पिता भागीरथ अहिरवार की कथित अवैध शराब सेवन से हुई मौत, केसली तहसील के जैतपुर डोमा निवासी अंकुश लोधी की मौत तथा अन्य संदिग्ध मौतों का उल्लेख किया। इसके अलावा नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ईशरवारा निवासी हरिशंकर अहिरवार की अवैध शराब सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने और सीने में जलन की शिकायत पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचाररत होने की जानकारी भी पत्र में दी है।

चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बंडा-शाहगढ़ की घटना के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों का कारोबार जारी रहना प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने मांग की कि बंडा-शाहगढ़ शराब कांड से प्रभावित सभी परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए। पूरे मामले की समय-सीमा में निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। घटना के समय और उससे पहले संबंधित क्षेत्रों में पदस्थ रहे प्रशासनिक, पुलिस और आबकारी अधिकारियों तथा मैदानी अमले की भूमिका की भी जांच कराई जाए।

इसके साथ ही केसली, बंडा, नरयावली के ईशरवारा सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

बड़े आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभावी रोक नहीं लगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल छापेमारी और निर्देश जारी करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि शराब माफिया और उसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई जरूरी है।

मशाल जुलूस में ये हुए शामिल

मशाल जुलूस एवं प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी श्रीमती रेखा चौधरी पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव मुकुल पुरोहित रमाकांत यादव बाबू सिंह बब्बू यादव सुलेखा राकेश राय सिंटू कटारे संदीप सब लोक कमलेश तिवारी संदीप चौधरी सागर साहू डॉ किरण लता स्वामी राहुल चौबे शिव शंकर गुड्डू यादव रोशनी वसीम खान ताहिर खान हेमराज रजक नरेंद्र मिश्रा वीरेंद्र राजे निलेश अहिरवार अवधेश तोमर हीरालाल चौधरी रजनी ठाकुर आनंद हेला रेखा सोनीरेखा अहिरवार महेश अहिरवार दीनदयाल तिवारी चक्रेश रोहित पंकज सिंघई जितेंद्र चौधरी शरद पुरोहित तोता यादव ज्योति मालिया मीना पवन पटेल साजिद राईन फिरदौस कुरैशी शाहनवाज कुरैशी नौशाद अब्बासी समीर खान अर्चना कनोजिया टीकाराम दीवान सुनील ठाकुर अजय ठाकुर शिवराज लड़ियां प्रेम नारायण विश्वकर्मा आदिल रयान अरविंद बंटी कोरी संजय रैकवार श्री दास रैकवार मानसिंह चौधरी अशोक नागवानी कुंजीलाल लाडिया भैयन पटेल दीपक कुर्मीअजय लारिया रोहित मांडले वीरू चौधरी महेश यादव पीयूष अवस्थी अमन लोधी चंदन सुहाने जाहिद ठेकेदार गगन जैन हरिश्चंद्र सोनवार रवि सोनी देशराज यादव सुरेश पंजवानी घनश्याम पंजवानी अरविंद मछंदर गंगाराम चौधरी प्रभात भंडारी प्रशांत सोनी कल्लू पटेल संजय सराफ कुंदन विश्वकर्मा अजीत भाई जान जयदीप तिवारी आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें