शराब दुकान हटाने सड़क पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन • कांग्रेस का सरकार पर हमला, महेश जाटव ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात; पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी और रेखा चौधरी ने उठाए सवाल

शराब दुकान हटाने सड़क पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

• कांग्रेस का सरकार पर हमला, महेश जाटव ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात; पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी और रेखा चौधरी ने उठाए सवाल

तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में शराब से हो रही मौत को लेकर महिलाएं शराब दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।उधर कांग्रेस ने इसके खिलाफ मोर्चा खोला है। कल शनिवार को सागर के मछरयाई शराब दुकान पर एक युवक की शराब पीने से मौत हो गई।वही दूसरे युवक  को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दो महीने पहले बंडा में जहरीली शराब से 20 से अधिक मौतें हुई थी। 

रविवार को मछरयाई क्षेत्र की महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्र से शराब दुकान हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि रहवासी इलाके में शराब दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। शराब पीने वाले देर रात तक उत्पात मचाते हैं और जुआ खेलते हैं। इसके कारण महिलाओं और युवतियों को रास्ते से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में शराब दुकान होने से बच्चों और परिवारों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाइश दी और उनकी मांगों को सुना। इस दौरान महिलाओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए शराब दुकान हटाने की मांग दोहराई। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।

कांग्रेसजनों ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात

सरकारी शराब दुकान के पास शराब पीने के बाद एक युवक की मौत और दूसरे युवक की गंभीर हालत के मामले ने शहर की राजनीति गरमा दी है। घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने मृतक विष्णु पिता राजाराम खटीक (35) के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।महेश जाटव ने आरोप लगाया कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 4-5 दिनों से जिले में जहरीली शराब से मौतों और लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बंडा, जैतपुर और ईश्वरवारा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में घटनाओं के बावजूद प्रशासन और आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ज्ञापन, जुलूस और अन्य माध्यमों से प्रशासन को आगाह कर रही है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। जाटव ने मांग की कि संबंधित शराब दुकान पर तत्काल कार्रवाई की जाए, शराब के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाए तथा मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। साथ ही आम लोगों से शराब और नशे से दूर रहने की अपील की।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

इस दौरान जितेंद्र रोहण, राहुल चौबे, वीरेंद्र राज, हेमराज रजक, जितेंद्र चौधरी, सुनील ठाकुर, इंजीनियर मनीष सिंह, सागर साहू, आनंद हेला, नीलेश अहिरवार, संजू अहिरवार, महेश अहिरवार और शुभम सोनी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त: शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

राजकुमार पचौरी ने उठाया 2650 पेटी शराब के बैच का सवाल

कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सागर में जहरीली शराब से हो रही घटनाओं ने बंडा कांड की याद ताजा कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और आबकारी विभाग अवैध एवं मिलावटी शराब पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

पचौरी ने सवाल उठाया कि 2650 पेटी शराब वाले बैच की लगभग 50 प्रतिशत शराब बिक कैसे गई और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, बिसरा रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों को सजा देने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही घायल युवक के इलाज की पूरी व्यवस्था सरकार से करने को कहा। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार को भाजपा का संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।

रेखा चौधरी ने जहरीली शराब के साथ दूध की महंगाई पर भी सरकार को घेरा


मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सागर जिला शहर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रेखा चौधरी ने जहरीली शराब से हो रही मौतों के साथ सांची डेयरी और मदर डेयरी द्वारा दूध की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक तरफ अवैध और जहरीली शराब लोगों की जान ले रही है, वहीं दूसरी ओर दूध के दामों में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। दूध महंगा होने का असर दही, घी, पनीर और मिठाई जैसे उत्पादों पर भी पड़ रहा है।

रेखा चौधरी ने कहा कि महंगाई और जहरीली शराब की दोहरी मार का सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। जहरीली शराब से परिवारों के मुखिया की जान जा रही है और दूसरी ओर दूध महंगा होने से माताओं के सामने बच्चों के पोषण का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने सागर जिले के बंडा, गौरझामर और शहरी क्षेत्रों सहित दमोह तथा प्रदेश के अन्य हिस्सों में अवैध शराब के कारोबार पर चिंता जताई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और सरकार पर दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगी और दूध की बढ़ी कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें