जन सुनवाई में गैर हाजिर नपा सीएमओ को नोटिस: कलेक्टर का ऑन द स्पॉट एक्शन

जन सुनवाई में गैर हाजिर  नपा सीएमओ को नोटिस: कलेक्टर का ऑन द स्पॉट एक्शन


तीनबत्ती न्यूज: 10 फरवरी 2026

सागर: कलेक्टर संदीप जी आर ने जैसीनगर में आयोजित जनसुनवाई में बगैर पूर्व सूचना एवं बगैर अनुमति के अनुपस्थित रहने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी बिलहरा श्री के बी एस बघेल को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

कलेक्टर कार्यालय से जारी कारण बताओ नोटिस के अनुसार मुख्य नगरपालिका अधिकारी बिलहरा श्री के बी एस बघेल बिना किसी पूर्व सूचना / अनुमति के अनुपस्थित रहे, जबकि इस संबंध में सीएमओ को पूर्व में सूचना दी गई थी, जिससे शिकायतों की उचित समीक्षा नहीं की जा सकी जिसके लिये प्रथम दृष्टया सीएमओ उत्तरदायी है। जिस हेतु उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर समक्ष में उपस्थित होकर कारण व्यक्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही  आदेशित किया गया कि यदि नियत समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं हुआ तो प्रकरण में अग्रेतर कार्यवाही की जावेगी।

कलेक्टर की सख्त चेतावनी

कलेक्टर  संदीप जी आर ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आदेशों के पालन में देरी या लापरवाही करने वाले किसी भी शासकीय सेवक को बख्शा नहीं जाएगा।

बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर 16 फरवरी से जन आक्रोश रथ यात्रा : भानू सहाय , बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष ▪️ नेताओं ने की वादाखिलाफी, 20 फरवरी को सागर में आएगी यात्रा

बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर 16 फरवरी से जन आक्रोश रथ यात्रा : भानू सहाय , बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा 

▪️नेताओं ने की वादाखिलाफी, 20 फरवरी को सागर में आएगी यात्रा


तीनबत्ती न्यूज: 10 फरवरी, 2026

सागर : बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर 16 फरवरी से 13 मार्च तक जनआक्रोश रथ यात्रा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल में निकाली जाएगी। इसमें अंचल के सभी जनपदों के 350 गांवों से यात्रा निकलेगी। बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय ने मीडिया को आज यह जानकारी दी । इस मौके पर  मोर्चा के अंकलेश्वर दुबे, विवेक तिवारी, प्रवक्ता रघुराज शर्मा और मीडिया प्रभारी हनीफ खान मौजूद रहे।

2014 में किया था वादा

भानु सहाय ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र के निवासी वर्षों से अपने अलग राज्य की माँग करते आ रहे हैं। वर्ष 2014 में देश की जनता से बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने का वादा किया गया था, जिस पर विश्वास करके हम बुन्देलियों ने सरकार को भारी समर्थन दिया। उस समय उमाभारती ने इसका समर्थन किया था। तत्कालीन मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उमा जी का समर्थन किया था। लेकिन बादा पूरा नहीं किया। अब उमाभारती अनर्गल बाते करती है। भाजपा में अब कोई उमा की नहीं सुनता। अब उमा फ्यूज बल्ब की तरह है।

उन्होंने कहा कि  12 वर्षों के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया। इससे बुंदेलखंड की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। आज भी हमारा क्षेत्र बेरोजगारी, गरीबी, सूखा, पलायन, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाए बिना इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। बार-बार आश्वासन देने के बाद भी ठोस कदम न उठाना जनता के साथ विश्वासघात है।


जनाक्रोश यात्रा 

भानू सहाय ने बताया कि वनवासी राम (चित्रकूट) से राम राजा सरकार के चरणों (ओरछा धाम) तक की अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र यात्रा दिनांक 16 फरवरी से 13 मार्च तक प्रथम चरण की जनआक्रोश रथ यात्रा की जा रही है। रथ यात्रा का मार्ग चित्रकूट, बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, उरई, हमीरपुर, महोबा, छतरपुर, निवाड़ी, झांसी देहात, झांसी एवं ओरछा में यात्रा सम्पन्न होगी। रथ यात्रा में एक लाख संघर्ष करने वाले बुंदेली योद्धा तैयार किए जाएंगे जो बुन्देलखण्ड क्षेत्र के हर गांव और मजरों से होंगे। उत्तरप्रदेश कांग्रेस ने इसका समर्थन किया है। मध्यप्रदेश में जीतू पटवारी ने अभी आश्वासन दिया है कि वे पार्टी फोरम पर चर्चा रखेंगे।

उन्होंने कहा कि रथ यात्रा में बुंदेलखंड राज्य का समर्थन नहीं करने वाले जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाने के लिए 'राम कौ कॉल' (राम की कसम) अभियान पुनः प्रारम्भ किया जा रहा है, इस बार गंगाजली भी उठवाई जाएगी। बुंदेलखंड राज्य का समर्थन नहीं करने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनाव में हरवाने का कार्य किया जाएगा। चुनाव आते ही जो नेता बुंदेलखंड राज्य की राग अलापने लगते हैं वो अब स्वीकार नहीं की जाएगी। "जो बुन्देलखण्ड का नहीं वो किसी काम का नहीं"।


निजी अस्पतालों ने मोड़ा मुँह: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ने चिकिनपाक्स से पीड़ित नवजात को दिया जीवनदान

निजी अस्पतालों ने मोड़ा मुँह: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ने चिकिनपाक्स से पीड़ित नवजात को दिया जीवनदान 



तीनबत्ती न्यूज:  10 फरवरी, 2026

सागर: मध्यप्रदेश के सागर स्थित शासकीय बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के शिशु रोग विभाग की टीम ने जन्म के तुरंत बाद 'पेरिनेटल चिकनपॉक्स' (Perinatal Chickenpox) जैसी दुर्लभ और जानलेवा बीमारी से जूझ रहे एक नवजात को मौत के मुँह से बाहर निकाल लिया। पीड़ित बच्चे के परिजन निजी अस्पतालों द्वारा हाथ खड़े कर देने के बाद मेडिकल कालेज पहुंचे थे । डॉक्टरों ने न केवल चुनौती स्वीकार की बल्कि वेंटिलेटर सपोर्ट और आइसोलेशन में रखकर बच्चे को पूरी तरह स्वस्थ कर दिया।


सांस लेने में थी तकलीफ

परिजनों के मुताबिक जन्म के बाद नवजात को सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी। गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे 2-3 निजी अस्पतालों और विशेषज्ञों के पास ले गए। लेकिन कहीं भी राहत नहीं मिली। अंततः बच्चे को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुँचने पर बच्चे की स्थिति इतनी नाजुक थी कि वह स्वयं सांस भी नहीं ले पा रहा था, जिसके बाद उसे तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।

लाखों में एक है यह बीमारी: 50% होता है मृत्यु दर

विशेषज्ञों के अनुसार जन्म के समय चिकनपॉक्स का संक्रमण एक अत्यंत दुर्लभ स्थिति है, जो 1 लाख में से किसी एक बच्चे को होती है। इसमें मृत्यु दर 50% तक होती है, यानी संक्रमित होने वाले आधे बच्चे दम तोड़ देते हैं। इसके साथ ही इसमें कई गंभीर जटिलताओं का खतरा रहता है। जैसे:मस्तिष्क के विकास का रुकना, लिवर फेलियर और रक्त का थक्का जमना (Coagulation issues) , आंखों की रोशनी और सुनने की क्षमता पर प्रभाव पडना। 

यह बीमारी अत्यंत संक्रामक है। जिससे इलाज करने वाले डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को भी संक्रमण का खतरा था। इसके बावजूद, विभागध्यक्ष डॉ. आशीष जैन के मार्गदर्शन और डॉ. अजीत असाटी व डॉ. महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने पूरी सावधानी के साथ बच्चे को आइसोलेशन में रखा।

उपचार टीम में डॉ. रूपा अग्रवाल, डॉ. अंकित जैन, डॉ. अंकित जैन (सीनियर), डॉ. हर्ष पाटीदार, डॉ. पीयूष गुप्ता, डॉ. दिव्याश्री बघेल, डॉ. यश सोनी और डॉ. एस.के. पांडे सहित नर्सिंग स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

अब स्वस्थ है 'नन्हा योद्धा'

मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि डॉक्टरों की निरंतर निगरानी और समर्पण का परिणाम है कि नवजात की हालत में अब उल्लेखनीय सुधार है। बच्चा अब बिना वेंटिलेटर के स्वयं सांस ले रहा है और सामान्य रूप से दूध भी पी रहा है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ पीएस ठाकुर और अधीक्षक डॉ राजेश जैन ने इस सफल उपचार के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

सांदीपनि विद्यालय, विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने का केंद्र बनेगा: मंत्री गोविंद राजपूत ▪️100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण

सांदीपनि विद्यालय, विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने का केंद्र बनेगा: मंत्री गोविंद राजपूत 

▪️100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण


तीनबत्ती न्यूज :  09 फरवरी 2026

सागर। जहां शिक्षा का प्रकाश फैलता है वहां से विकास का मार्ग निकलता है, सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों के सपने को पूरा करने का केंद्र बनेगा राहतगढ़ का चहुमुखी विकास होगा। यह बात खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में 100 करोड रुपए से अधिक कार्यों की भूमि पूजन एवं लोकार्पण एवं सांदीपनि विद्यालय की लोकार्पण के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय भव्य आधुनिक संसाधनों से युक्त है जिसमें हमारे राहतगढ़ के विद्यार्थी यहां आत्याधुनिक शिक्षा प्राप्त कर जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगेें।

यह भी पढ़ें: सागर: विक्की मोगली आत्महत्या कांड : परिजनों ने डायरी सौंपी थाने में : परिजनों ने बताए नाम



उन्होंने कहा कि यह सांदीपनि विद्यालय का नाम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन के सांदीपनि आश्रम के नाम पर इसलिए रखा क्योंकि सांदीपनि ने आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान श्री बलराम ने शिक्षा प्राप्त की और अब आप सभी इस सांदीपनि विद्यालय में शिक्षा प्राप्त करें और आगे बढ़े। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन होता है इसे कोई चुरा नहीं सकता जितना बांटों, उतना बढ़ता है उन्होंने कहा कि शिक्षा का विकास जहां से फैलता है वहां विकास आगे बढ़ता है। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि हमने जब पढ़ाई करते थे तो उस समय चाॅक और डस्टर से पढ़ाई होती थी और टेबल कुर्सी जगह टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ना पड़ता था। अब इनकी जगह स्मार्ट क्लास ने ले ली है। जिसके माध्यम से पढ़ाई करना बेहद सरल और रोचक हो गया। उन्होंने कहा कि सुरखी की विधानसभा क्षेत्र के सभी मिडिल एवं हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएगी। मध्य प्रदेश शासन शीघ्र ही सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों के आने जाने के लिए बसों की व्यवस्था करेगा। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के चलते पूरे देश में चहूं ओर हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। डिजिटल इंडिया, स्किल डेव्हलपमेंट जैंसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर कार्य किया जा रहा है।  मंत्री श्री राजपूत ने कहा सभी अभिभावकों से अपील की कि आप सभी प्रति माह होने वाली बालक शिक्षक संघ की बैठक में आए और विद्यालय के साथ अपने बच्चों की प्रगति की जानकारी लें।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत विकास के पर्याय बनते जा रहे हैं सुरखी विधानसभा क्षेत्र में चारों तरफ विकास ही विकास नजर आ रहा है। श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में मडिया डैम के माध्यम से सिंचाई भी सिचित होगी और शुद्ध पेयजल भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की सरकार शिक्षा स्वास्थ्य सड़क पेयजल के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सांदीपनि विद्यालय सहित 100 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपजन

मंत्री श्री राजपूत ने आज 100 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया जिसमें राहतगढ़ के प्राथमिक शाला निवोदिया का उन्नयन माध्यमिक शाला में किया गया इसके साथ ही, हाईस्कूल बटयावदा भवन के लिए 21 लाख, परासरीकलां के लिए 39 लाख, शास.क.हा.सेके.राहतगढ़ के लिए 1 करोड़ 28 लाख, मसुरहाई के लिए 1.10 लाख, झिला के लिए 55 लाख, पीपरा के लिए 35 लाख एवं मीरखेड़ा शाला भवन के लिए 1.10 लाख सहित स्कूलों में प्रयोगशालाओं के लिए राहतगढ़ स्कूल के लिए 60 लाख, मीरखेड़ी के लिए 40 लाख, भैंसा भीष्मनगर के लिए 18 लाख की घोषणा करते हुए अन्य विकास कार्य जिनका अति प्राचीन शिव मंदिर बसेनी घाट का सौंदर्यीकरण, वाटरफॉल को पर्यटन स्थल बनाने हेतु विकास कार्य सिविल अस्पताल भवन हेतु, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, फोर्स ट्रेवलर एम्बुलेंस (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु), इंडोर स्टेडियम, अनुविभागीय राजस्व भवन,शासकीय भवन निर्माण (4 भवन), मुख्य मार्ग से रेस्ट हाउस तक सौंदर्यीकरण एवं चैड़ीकरण, राहतगढ़ स्टेडियम,सामुदायिक भवन, शास. महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, पुनर्घनीकरण योजना बस स्टैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स,पार्किंग, खीरखेड़ा-दरकोली-बसेनी घाट 135 मीटर लंबा पुल निर्माण, 50 सीटर बालक उत्कृष्ट छात्रावास, 50 सीटर अनुसूचित जाति जनजाति छात्रावास, प्रशिक्षण भवन, राहतगढ़ वार्ड 6 छोटा पुल,ओपन जिम, मढ़िया बांध निर्माण, चकरपुर बांध निर्माण, पार्क निर्माण, राहतगढ़ वार्ड 7 में संजीवनी क्लिीनिक, शा.हाई.से. कन्या विद्यालय में फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब, बायोलॉजी लैब इत्यादि निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मंत्री श्री राजपूत ने राहतगढ़,झिला,सीहोरा, खैजरामाफी पीएमश्री, परासरीकलां, भैंसा भीष्मनगर, बिचपुरी, चंद्रापुर, बटयावदा, मीरखेड़ी में 2-2 स्मार्ट क्लास की घोषणा की। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई एवं मंत्री श्री राजपूत के द्वारा रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर संदीप ने विद्यालय का लोकार्पण किया एवं बच्चों को साईकिल वितरण किया। 

ये रहे शामिल

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रियंक तिवारी, सुरेंद्र रघुवंषी, भाजपा नेता विनोद कपूर, विनोद ओसवाल, शैलेंद्र श्रीवास्तव, राजकुमार पप्पू तिवारी, गोविंद बटयावदा, सुरेंद्र शर्मा, प्रमोद पटैल, रंधीर सिंह, अजब सिंह यादव, केके अग्रवाल, रामकुमार यादव, मनोज नामदेव, पूनमदास कबीरपंथी, अरविंद सिंह टिंकू राजा, पार्षद नेकीराम खटीक, प्रमीण गोस्वामी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमित राय, नईम मंसूरी, डेनी जैन, राहुल तिवारी, अनुराग पाठक, मुन्ना कुरैषी, विसाल खटीक, राहुल जैन, संदीप शुक्ला, सोनू सोनी, श्रीमति संजना जैन महिला मोर्चा, राजेश जैन, संजय जैन, सचिन घोषी, अनिल पीपरा, अशोक साहू, तुलसीराम सेन, अजीत यादव, राजेंद्र घोषी, चार्ली यादव, केके तिवारी, सरंपच राजू चैधरी, प्रमोद यादव, ऋषभ ओसवाल, श्रीराम देवलिया, सतीष तिवारी, शैतान सिंह, हनुमत कुशवाहा सहित संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शत्रुंजय प्रताप सिंह जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन जिला परियोजना अधिकारी, गिरीश मिश्रा, राजकुमार कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

ग्रीष्मकालीन जल संकट रोकने कलेक्टर ने अवैध सिंचाई पर लगाई रोक : बेबस व बीना नदी से सिंचाई पर प्रतिबंधित

ग्रीष्मकालीन जल संकट रोकने कलेक्टर ने अवैध सिंचाई पर लगाई रोक : बेबस व बीना नदी से सिंचाई पर प्रतिबंधित



तीनबत्ती न्यूज :  09 फरवरी 2026

सागर: कलेक्टर  संदीप जी आर के आदेशानुसार सागर जिले की बण्डा तहसील अंतर्गत नगर की पेयजल आपूर्ति के मुख्य स्रोत बेबस नदी तथा नगर पालिका खुरई क्षेत्र अंतर्गत पेयजल के प्रमुख स्रोत बीना नदी के जल भंडारण को आगामी ग्रीष्मकाल की समाप्ति तक सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: सागर: विक्की मोगली आत्महत्या कांड : परिजनों ने डायरी सौंपी थाने में : परिजनों ने बताए नाम


उक्त आदेशानुसार बेबस नदी से ग्राम रमपुरा, खजरा, मुडिया, क्वायला एवं चौका तथा बीना नदी के दलपतपुर घाट से दानखेड़ी एवं हनौता तक निकाय इंटेकबेल के आसपास किसानों द्वारा की जा रही अवैध सिंचाई के कारण नदी का जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। इससे निकट भविष्य में ग्रीष्मकाल के दौरान नगर बण्डा एवं नगर पालिका खुरई में भीषण पेयजल संकट उत्पन्न होने की आशंका है।

संभावित पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए तहसील बण्डा में बेबस नदी एवं बीना नदी से जुड़े उक्त ग्रामों के किसानों को पेयजल के अतिरिक्त किसी भी अन्य उपयोग हेतु नदी से पानी लेने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन किए जाने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध अधिनियम की धारा 9 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Sagar News: बोर्ड परीक्षा 2026 का महाकुंभ 10 फरवरी से : 142 परीक्षा केंद्रों पर 55 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल

Sagar News: बोर्ड परीक्षा 2026 का महाकुंभ 10 फरवरी से : 142 परीक्षा केंद्रों पर 55 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल


तीनबत्ती न्यूज :  09 फरवरी 2026

सागर: माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 12वीं की परीक्षा का महाकुंभ मंगलवार से शुरू हो रहा है, जिसमें सागर जिले में 142 परीक्षा केंद्रों पर 55000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। 

यह भी पढ़ें: सागर: विक्की मोगली आत्महत्या कांड : परिजनों ने डायरी सौंपी थाने में : परिजनों ने बताए नाम

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि, केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जा चुकी है एवं सभी विकास खंडों में उड़न दस्तों का गठन किया गया है।

Sagar: शीत लहर का असर कम : स्कूले अब पूर्व निर्धारित समय से लगेंगी: आदेश हुए जारी

उन्होंने बताया कि संपूर्ण परीक्षा के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विवेक केवी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में संबंधित पुलिस थाना से खुले अभिरक्षा में प्रश्न पत्रों का आहरण किया जाएगा एवं परीक्षा केंद्र तक ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के निर्देशों एवं आरक्षण का पालन करते हुए संपूर्ण परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। कक्षा 12वीं के प्रथम प्रश्न पत्र में 58880 परीक्षार्थी 142 परीक्षा केंद्रों पर अपनी परीक्षा देंगे।

Sagar: शीत लहर का असर कम : स्कूले अब पूर्व निर्धारित समय से लगेंगी: आदेश हुए जारी

Sagar: शीत लहर का असर कम : स्कूले अब पूर्व निर्धारित समय से लगेंगी: आदेश हुए जारी


तीनबत्ती न्यूज: 09 फरवरी, 2026

सागर: ठंड का मौसम में लगातार बदलाव आने और शीत लहर घटने से अब स्कूलों के संचालित होने के समय में बदलाव किया गया है। पिछले महीने स्टैंड ज्यादा होने से कलेक्टर संदीप जी आर ने समय बढ़ाया था। अब पुनः पूर्व निर्धारित समय पर स्कूलों के संचालन के आदेश जारी किया गया है। 

सागर में भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित होगी : मेयर संगीता तिवारी ▪️भगवान परशुराम चौराहा के सौंदर्यीकरण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न


जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक  तापमान में गिरावट होने से संस्थाओं में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए सागर जिले में संचालित समस्त शासकीय/अशासकीय / आई.सी.एस.ई./सी.बी.एस.ई./ अनुदान प्राप्त एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं प्रातः 9.30 बजे से पूर्व संचालित नहीं किये जाने संबंधी आदेश जारी किया गया था।

यह भी पढ़ेंHoroscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय

10 फरवरी से होगा आदेश लागू

आदेशानुसार वर्तमान में शीत ऋतु का प्रभाव कम होने एवं तापमान सामान्य हो जाने से उपरोक्त आदेश को निरस्त करते हुए  10 फरवरी.2026 से विद्यालय पूर्ववत समय पर शाला संचालित कर सकेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।


महापौर निवास पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी : महापौर संगीता तिवारी से की आत्मीय भेंट

महापौर निवास पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी :  महापौर संगीता तिवारी से की आत्मीय भेंट


तीनबत्ती न्यूज: 08 फरवरी, 2026

सागर: भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी आज नगर निगम सागर की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के निवास पर पहुंचे और महापौर श्री मति संगीता तिवारी और डॉ सुशील तिवारी से आत्मीय मुलाकात की।

यह भी पढ़ें :सागर में भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित होगी : मेयर संगीता तिवारी ▪️भगवान परशुराम चौराहा के सौंदर्यीकरण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न


महापौर निवास पर महापौर और परिवारजनों ने उनका शाल श्री फल भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी और महापौर संगीता तिवारी और डॉ सुशील तिवारी ने सागर सागर के विकास पर चर्चा की। इस मौके पर बीजेपी नेता रिशांक तिवारी और सूर्यांश तिवारी मौजूद रहे।

सागर में भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित होगी : मेयर संगीता तिवारी ▪️भगवान परशुराम चौराहा के सौंदर्यीकरण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न

सागर में भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की  प्रतिमा स्थापित होगी : मेयर संगीता तिवारी

▪️भगवान परशुराम चौराहा के सौंदर्यीकरण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न


तीनबत्ती न्यूज: 08 फरवरी ,2026

सागर:  महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी द्वारा सिविल लाइन चौराहा का नाम भगवान परशुराम चौराहा करने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद नगर निगम द्वारा भगवान परशुराम चौराहा का सौंदर्यीकरण किए जाने हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के मुख्य आतिथ्य में, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य एवं एम आई सी सदस्यों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में रविवार को संपन्न हुआ।

विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित

कार्यक्रम में महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि आज का यह शुभ अवसर हम सभी के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। आज हम सागर शहर के एक महत्वपूर्ण चौराहे भगवान परशुराम चौक के सौंदर्यीकरण कार्य के भूमिपूजन के लिए यहाँ एकत्रित हुए हैं। भगवान परशुराम न्याय, शौर्य, तपस्या और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे महान आदर्श पुरुष के नाम से इस चौराहे की पहचान होना और अब उसका सुव्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप लेना, हमारे शहर की सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सशक्त करेगा। महापौर ने कहा कि सौंदर्यीकरण केवल ईंट-पत्थर का कार्य नहीं होता यह शहर की सोच, उसकी पहचान और आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ी गई विरासत होती है। इस चौक का विकास न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि यह स्थान एक प्रेरणादायक स्थल के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि सागर शहर विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को भी संजोकर आगे बढ़े। मैंने महसूस किया है कि सिविल लाइन चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम के नाम होने के निर्णय के बाद से ही विप्र समाज के हित में एक बदलाव की क्रांति आई। मैं समझती हूं, सागर में पहली बार हुआ, जब किसी सार्वजनिक जगह का नामकरण भगवान परशुरामजी के नाम से हुआ। इसके बाद शिवाजी वार्ड में एक भवन भगवान परशुरामजी के नाम से लोकार्पित हुआ। भगवान परशुराम जी के नाम से ही एक अन्य बड़े भवन का निर्माण वर्तमान में मां हरसिद्धि मंदिर के पास बाघराज वार्ड में श्री प्रमेन्द्र रिछारिया गोलू द्वारा कराया जा रहा है।



महापौर ने कहा कि यह सब  सबकी एकता से ही संभव हो पा रहा है। इससे पहले हमारा विप्र समाज इस तरह की सुविधाओं से अब तक अछूता ही रहा है, दरअसल, एकता और संगठन में शक्ति होती है। शास्त्रों में भी लिखा है संघे शक्ति युगे युगे...।महापौर ने कहा कि मैंने भगवान परशुराम जी की विश्व की सबसे ऊंची 35 फुट की प्रतिमा स्थापित करने के लिए घोषणा की थी उस पर निगम परिषद की स्वीकृति भी हो चुकी है। आने वाले समय में सभी की सहमति से भव्य और दिव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि भगवान परशुराम जी चौक का यह कार्य समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण किया जाएगा । 



भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने के हरसंभव मदद: विधायक शैलेन्द्र जैन

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि आज बड़ा सौभाग्य है इस नगर के लिए कि सिविल लाइन चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम जी के नाम पर कर उसका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मैं महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी,एम आई सी सदस्यों का धन्यवाद करता हूं। महापुरुष राष्ट्र की संपत्ति होते हैं इसलिए भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए सरकारी अथवा निजी जमीन ली जाएगी तथा उसकी कीमत भी देंगे। उन्होंने कहा कि बाघराज वार्ड में आधा एकड़ जमीन भगवान परशुराम भवन के खाली कराई और 70 लाख रुपए की राशि मप्र सरकार ने भवन निर्माण के लिए स्वीकृत की है, मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि सिविल लाइन अंग्रेजों की संस्कृति का प्रतीक है इसको विलोपित करने की शुरुआत सागर से हुई है। हमारे ऋषि शस्त्र और शास्त्र के ज्ञाता थे,यह देश हिंदुत्व को मानने वाला है और हम सभी सनातन धर्म को मानने वाले हैं। उन्होंने महापौर जी को बधाई देते हुए कहा कि बहुत ही सुंदर वंदेमातरम चौक का निर्माण नगर निगम द्वारा किया गया है तथा संजय ड्राइव पर छत्रपति शिवाजी महाराज,उनकी मां जीजाबाई, राजमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा सहित सौंदर्यीकरण का कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सागर की पहाड़ियों पर भगवान शिव व हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करने हेतु सभी से चर्चा करेंगे। उन्होंने भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापित करने हेतु निजी अथवा विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की ।


भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मैं बधाई देता हूं महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी,एम आई सी सदस्यों एवं नगर निगम को जिन्होंने सागर के सबसे व्यस्ततम चौराहे का नामकरण भगवान परशुराम जी के नाम पर करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। इस प्रकार के सांस्कृतिक, रचनात्मक कार्य सरकार अथवा समाज द्वारा किए जाते हैं वे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं। यह ब्राम्हण समाज की मांग थी जिसे पूरा करने पर मैं महापौर एवं सभी जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी समाजों को मंगल भवन देने का कार्य किया है तथा देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के नाम पर सड़क का नामकरण किया है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी की नाम पट्टिका भी लगाएं जिससे सभी को जानकारी हो और आने वाले समय में भव्य प्रतिमा स्थापित हो।



वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ सुशील तिवारी ने कहा कि आज 8 फरवरी 2026 इतिहास में दर्ज होगी क्योंकि अंग्रेजी दासता के प्रतीक सिविल लाइन चौराहा का नाम अब भगवान परशुराम जी के नाम से जाना जाएगा। अंग्रेजों ने हर शहर में सिविल लाइन की स्थापना की थी और भारतीयों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया।  उन्होंने कहा कि यह कार्य विधायक जी, निगम अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित सभी की प्रेरणा से यह कार्य संभव हो पाया। भगवान परशुराम जी के नाम से चौराहा का नामकरण किये जाने से हमारी आने वाली पीढ़ी हमारी संस्कृति को जानेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस वार्ड का नाम भी भगवान परशुराम जी वार्ड करेंगे और इस लक्ष्य को पूरा करके ही मानेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी की 35 फुट की प्रतिमा सुंदर पार्क के साथ स्थापित होगी। उन्होंने कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने वाले सभी नागरिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


इन्होंने भी किया सम्बोधित

कार्यक्रम को रविन्द्र दुबे कक्का,  अजय दुबे विश्व हिंदू परिषद, एसवीएन के‌ कुलपति अनिल तिवारी ने भी संबंधित किया और महापौर को चौराहा का नामकरण भगवान परशुराम जी चौराहा करने पर बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन रचना तिवारी ने किया और आभार इंद्रजीत दुबे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने पुष्पवर्षा कर सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर एम आई सी सदस्यअनूप उर्मिल,राजकुमार पटेल,संगीता शैलेष जैन, कंचन सोमेश जड़िया, पार्षद रूबी पटेल, प्रहलाद पटेल, कनई पटेल, प्रफुल्ल दुबे, डॉ. डी पी चौबे ,रामावतार पाण्डेय, डा.श्याम मनोहर सिरोठिया, प्रदीप तिवारी एड., संतोष दुबे, प्रदीप पाठक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संध्या भार्गव, शिवशंकर मिश्रा,अर्पित पाण्डेय ,पप्पू तिवारी ,माधव कटारे, दिनकर तिवारी, अमित रामजी दुबे,सूर्यांश तिवारी,संध्या द्विवेदी , मधुसूदन खेमरिया, यशोवर्धन चौबे, सुदेश तिवारी, शुभ दुबे जी, नमन चौबे, निष्कर्ष दुबे, शुभम शुक्ला, स्वराज, श्वेता तिवारी,डा प्रियंका उपाध्याय, शालिनी तिवारी, मनोरमा कटारे,अजय मिश्रा, रीतेश मिश्रा, विद्याभूषण तिवारी, अनिल दुबे, आशालता सिलाकारी,पप्पू तिवारी, नीरज पांडे, दीपा तिवारी, राजकुमार टोंटे, राजकुमार पचौरी, सचिन दुबे लल्ला,संजय तिवारी, राकेश दुबे, सिदगुवां, कार्यपालन यंत्री, महादेव सोनी, सहित बड़ी संख्या में ब्राम्हण समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

,

CCTV पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने चार दिन में ढूंढ निकाला ऑटो रिक्शा में छूटा बैग

CCTV पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने चार दिन में ढूंढ निकाला ऑटो रिक्शा में छूटा बैग



तीनबत्ती न्यूज : 08 फरवरी ,2026

सागर पुलिस का सीसीटीवी कंट्रोल रूम न केवल तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अपनी नियमित ड्यूटी का निर्वहन करता है, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और नागरिकों के प्रति कर्तव्यबोध के साथ ड्यूटी से आगे बढ़कर भी पीड़ितों की हरसंभव सहायता करता है। यह कंट्रोल रूम, नोडल अधिकारी सीसीटीवी जिला सागर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में लगातार आम नागरिकों की मदद कर पुलिस की सकारात्मक, संवेदनशील और भरोसेमंद छवि प्रस्तुत कर रहा है।

ऑटो रिक्शा में छूटा था बैग

पुलिस के मुताबिक 3 फरवरी  को  थाना जैसीनगर के देवलचौरी निवासी हरिओम तिवारी सीसीटीवी कंट्रोल रूम सागर पहुंचे। उन्होंने उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को बताया  कि उनकी बहन मोतीनगर से बस स्टैंड तक ऑटो से आई थीं, किंतु उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में कपड़े एवं आवश्यक कीमती सामान रखा हुआ था।

यह भी पढ़ेंSagar Crime : रेत व्यापारी से सवा करोड़ की ठगी : प्राईवेट जाब और कमाने का दिया झांसा

पुलिस की सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम तत्काल सक्रिय हुई। प्रारंभिक स्तर पर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर जांच की गई। जिसकी जिम्मेदारी सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक को सौंपी गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित ऑटो पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था, तथा शहर में समान प्रकार के कई ऑटो संचालित होने के कारण केवल सीसीटीवी फुटेज देखने से सफलता नहीं मिल सकी।

यह भी पढ़ेंHoroscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय

ऑटो कंपनी से ली जानकारी

उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान एवं चीता-05 मोतीनगर में पदस्थ आरक्षक बद्री सिंह द्वारा एक  रणनीति अपनाई गई। शहर की विभिन्न ऑटो एजेंसियों से संपर्क कर उन ऑटो चालकों एवं मालिकों की जानकारी एकत्र की गई। जिनके ऑटो अभी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में थे। इस प्रयास में करीब 15 ऑटो मालिकों के मोबाइल नंबर एवं विवरण प्राप्त किए गए।

सभी ऑटो चालकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर पूछताछ की गई, जिसके परिणामस्वरूप उस ऑटो चालक की पहचान हो सकी, जिसमें बैग छूट गया था। संबंधित ऑटो चालक को सीसीटीवी कंट्रोल रूम बुलाया गया, जहां से बैग को पूर्णतः सुरक्षित अवस्था में बरामद किया गया।

आज रविवार की सीसीटीवी कंट्रोल रूम सागर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में श्री हरिओम तिवारी को उनका बैग सुपुर्द किया गया, जिसमें रखे सभी कपड़े एवं कीमती सामान सुरक्षित पाए गए। बैग प्राप्त होने पर श्री तिवारी ने सागर पुलिस, सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संबंधित ऑटो चालक को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी यात्री का सामान वाहन में छूटता है, तो उसे तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम में जमा कराना सुनिश्चित करें।

सराहनीय भूमिका

इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक, आरक्षक बद्री सिंह (चीता-05 मोतीनगर) तथा संपूर्ण सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय रही। 

Sagar Crime : रेत व्यापारी से सवा करोड़ की ठगी : प्राईवेट जाब और कमाने का दिया झांसा

Sagar Crime : रेत व्यापारी से सवा करोड़ की ठगी : प्राईवेट जाब और कमाने का दिया झांसा


तीनबत्ती न्यूज : 08 फरवरी ,2026

सागर: फोन पर लुभावने झांसे और कमाई का ऑफर देकर ठगने कि घटनाए अब आम होने लगी है। सागर जिले के केसली थास क्षेत्र निवासी एक रेत व्यापारी के साथ सवा करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। केसली थाना क्षेत्र में रेत व्यापारी से 1.26 करोड़ रुपए की ठगी गई है। ठगों ने व्यापारी को प्राइवेट जॉब और अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। जिसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपए ट्रांसफर करा लिए। धोखाधड़ी का मामला सामने आते ही रेत व्यापारी ने केसली थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया। शिकायत पर जांच करते हुए केसली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।

यह भी पढ़ेंHoroscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय

व्हाट्सअप के जरिए हुई शुरुआत

पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, फरियादी विपेंद्र यादव निवासी केसली ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि वह खेती-किसानी और रेत का व्यापार करते है। 15 अप्रैल 2025 को वाट्सएप नंबर पर रश्मिका नाम की महिला ने संपर्क किया। उसने प्राइवेट जॉब और अच्छे मुनाफे का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर पैसे लगाना शुरू कर दिया। उसने 22 अप्रैल से 22 सितंबर 2025 तक मुझसे अलग-अलग बैंक खातों में 1 करोड़ 26 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। उक्त राशि स्वयं के बैंक खातों से ट्रांसफर की। व्यापारी ने रकम रिश्तेदार और दोस्तों से ली थी।

लेकिन रश्मिका और उसके अन्य साथियों के खातों में पैसा भेजने के बाद उन्होंने न तो मुनाफा और नौकरी दी और न ही अब पैसा वापस लौटा रहे है। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई कर मामला दर्ज कर लिया है। 



Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय


Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक

▪️पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज: 08 फरवरी, 2026

जय श्री राम 

जगद्गुरु शंकराचार्य जी द्वारा रचित एक श्लोक है -

भज गोविन्दं भज गोविन्दं

गोविन्दं भज मूढमते।

सम्प्राप्ते सन्निहिते काले

न हि न हि रक्षति डुकृञ्करणे॥

इस श्लोक का अर्थ है

हे मूढ़ बुद्धि!

गोविन्द (ईश्वर) का भजन करो।

अंत समय आने पर

व्याकरण या विद्या काम नहीं आती।

संकट आने पर हम सभी ईश्वर का भजन करते हैं और मैं पंडित अनिल पाण्डेय आज आपको यह बताऊंगा कि इस सप्ताह अर्थात 9 फरवरी से 15 फरवरी के बीच में आपका कब कब अच्छा समय है और कब थोड़ा कम अच्छा समय ।

यह भी पढ़ेंSurya Gochar In Kumbh Rashi 2026 : 13 फरवरी 2026 को सूर्य का कुंभ राशि में प्रवेश : इन राशियों पर पड़ेगा असर


इस सप्ताह मंगल मकर राशि में, बुध और शुक्र कुंभ राशि में, वक्री गुरु मिथुन राशि में,  शनि मीन राशि में और राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे ।  सूर्य प्रारंभ में मकर राशि में रहेगा तथा 13 तारीख के 8:36 दिन से कुंभ राशि में प्रवेश करेगा ।

आईये अब राशिवार राशिफल की चर्चा करते हैं ।

यह भी पढ़ें: पूर्ववर्ती सरकारों के बजट में राष्ट्रीय चेतना और ग्रामीण विकास का अभाव : मौजूद बजट मे विकसित भारत बनाने व अर्थव्यवस्था को मजबूती : केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके ▪️दुनिया में अस्थिरता के बावजूद भारत की विकास दर बेहतर : मंत्री प्रहलाद पटेल ▪️केंद्रीय बजट पर मीडिया व मातृशक्ति से संवाद


मेष राशि:-

इस सप्ताह कार्यालय में आप पूर्णतया सफल हो सकते हैं । आपको अपने सबसे बड़े अधिकारी से समन्वय करना पड़ेगा । धन आने का योग है । कचहरी के कार्यों में सावधानी बरतें ।  संतान से कोई विशेष सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा ।  थोड़ा बहुत सहयोग प्राप्त हो सकता है ।  भाई बहनों से संबंध नरम-गरम रहेंगे ।  आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा ।  पिताजी को थोड़ा सा मानसिक क्लेश हो सकता है ।  इस सप्ताह आपके लिए 9 और 15 फरवरी कार्यों को करने के लिए उपयुक्त है । 10 ,11 और 12 फरवरी को आपको आकस्मिक धन लाभ हो सकता है या कोई यात्रा भी हो सकती है ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है ।

यह भी पढ़ेंSagar Police : पुलिस प्रशिक्षण शाला के दो अधिकारियों SI प्रणेद्र तिवारी और हेड कांस्टेबिल जितेंद्र कोरी को मिलेगा उत्कृष्ट सेवा पदक

वृष राशि :-

इस सप्ताह आपके पास धन आएगा परंतु उसकी मात्रा थोड़ी कम हो सकती है ।  भाग्य से आपको मदद मिलेगी ।  अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो कार्यालय में आपकी स्थिति ठीक रहेगी।  आपको चाहिए कि आप अपने अधिकारियों से प्रतिवाद ना करें ।  10,  11 और 12 तारीख को आपके जीवन साथी को थोड़ा कष्ट हो सकता है। इन्हीं तरीकों में आपको अपने व्यापार के प्रति भी आप सावधान रहना चाहिए । सतर्कता पूर्वक कार्य करने पर कचहरी के कार्यों में सफलता की उम्मीद है । भाई बहनों के साथ तनाव हो सकता है।  इस सप्ताह आपके लिए पूरे सप्ताह सतर्कता पूर्वक कार्य करना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें ।  सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

पूर्व BJP मंत्री अजय विश्नोई बैठे धरने पर: धान उपार्जन के फर्जीवाड़े को लेकर

__________

मिथुन राशि:-

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा जीवनसाथी और माता-पिता जी का स्वास्थ्य भी ठीक रहने की संभावना है ।  भाग्य से आपको मदद मिल सकती है ।  दुर्घटनाओं के प्रति आपको सतर्क रहना चाहिए ।  भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे ।  इस सप्ताह आपके लिए 12 की दोपहर से लेकर 13 और 14 तारीख कार्यों को करने के लिए उचित है ।  10 ,11 और 12 तारीख को आपको शत्रुओं के को परास्त करने का प्रयास करना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें ।  सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

यह भी पढ़ें: Sagar Crime : कपड़ा व्यापारी विक्की मोगली ने सल्फास खाकर आत्महत्या की : सूदखोरों से तंग आकर ▪️परिजनों और क्षेत्र वासियों ने शव रखकर किया चक्काजाम

कर्क राशि :-

इस सप्ताह आपके पास धन आने का योग है । भाग्य से मामूली मदद मिल सकती है । कचहरी के कार्यों में आपको सावधान रहना चाहिए ।  वकील की सलाह माननी चाहिए । इस सप्ताह आपको दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको अपने संतानों से अच्छा सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी  । 9 और 15 फरवरी कार्यों को करने के लिए मददगार है ।  12 , 13 और 14 तारीख को आपको सावधान रहकर के अपने कार्यों को करना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  तांबे के पत्र में जल अक्षत और लाल पुष्प लेकर भगवान सूर्य को जल अर्पण करें । सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है। 

---------------
वीडियो देखने क्लिक करे


-----------------

सिंह राशि :-

अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा  । विवाह के अच्छे-अच्छे प्रस्ताव आएंगे  ।  प्रेम संबंधों को भी बढ़ाने के लिए यह सप्ताह ठीक है   ।  इस सप्ताह आप थोड़े से प्रयास से ही अपने शत्रुओं को पराजित कर सकते हैं  ।  धन आने की उम्मीद है परंतु धन गलत रास्ते से आएगा  ।  माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा । इस सप्ताह आपके लिए 12 की दोपहर के बाद से लेकर 13 और 14 तारीख कार्यों को करने के लिए थोड़ा ठीक है । 10  ,11 और 12 तारीख की दोपहर तक आपको अपने प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहना चाहिए ।  इन्हीं तारीखों को आपका मन थोड़ा खिन्न हो सकता है । इस सप्ताह 15 तारीख को आपको सतर्क रहना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन  हनुमान चालीसा का पाठ करें एवं शनिवार को दक्षिण मुखी हनुमान जी का दर्शन करें और उनके सामने बैठकर हनुमान चालीसा का वाचन करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

यह भी पढ़ें: केवल सुंदरकांड पढ़ने और सुनने से कोई लाभ नहीं होगा,पूरी कथा पढ़ना चाहिए : पूज्य प्रेमभूषण जी महाराज ▪️केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह श्रीराम कथा में शामिल हुए: दक्षिणमुखी हनुमान जी की उतारी आरती

कन्या राशि:-

यह सप्ताह आपके संतान के लिए अच्छा हो सकता है ।  परीक्षार्थियों का रिजल्ट भी अच्छा आएगा ।  भाई बहनों के साथ संबंधों में तनाव आ सकता है। इस सप्ताह आपके शत्रु शांत रहेंगे ।  भाग्य का साथ मिल सकता है ।  इस सप्ताह आपके लिए 12 की दोपहर के बाद से लेकर 13 और 14 तारीख कार्यों को करने के लिए लाभदायक है ।  सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक है ।  10 , 11 और 12 तारीख को आपके भाई बहनों को कुछ कष्ट हो सकता है ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं ।  सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

______________

वीडियो देखने क्लिक करे

श्री रुद्राक्षधाम मंदिर: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री हनुमान जी की पूजन-अर्चना

______________________

तुला राशि:-

इस सप्ताह आपकी प्रतिष्ठा बढ़ सकती है ।  भाग्य भी आपका साथ देगा  ।  संतान से आपके सहयोग मिल सकता है  ।  व्यापार ठीक चलेगा  ।  आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा  ।  अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो आपको अपने अधिकारी से व्यर्थ वार्तालाप नहीं करना चाहिए । इस सप्ताह आपके लिए 9 और 15 तारीख कार्यों को करने के लिए अनुकूल है ।  10,  11 और 12 तारीख को आपके पास धन आने की संभावना है ।  सप्ताह के बाकी दिन ठीक-ठाक हैं ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें । सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है ।

यह भी पढ़ें: किसी भी युग में ब्राह्मणों का अपमान विनाशकारी साबित हुआ है - प्रेमभूषण जी महाराज ▪️केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 6 फरवरी को शामिल होंगे श्री रामकथा


वृश्चिक राशि:-

अगर आप व्यापारी हैं तो इस सप्ताह आपके व्यापार में लाभ की संभावना बढ़ जाती है  । अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो यह सप्ताह आपके लिए ठीक है परंतु आपको सतर्क रहकर कार्य करना चाहिए  ।  अगर आप सामाजिक कार्यकर्ता हैं तो आपके लिए यह सप्ताह ठीक है। आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी । भाई बहनों के साथ संबंध नरम-गरम रह सकता है । इस सप्ताह आप अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकते हैं । भाग्य थोड़ा  साथ देगा । इस सप्ताह आपके लिए 12 की दोपहर से लेकर 13 और 14 तारीख कार्यों को करने के लिए परिणाम दायक है ।  सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहना चाहिए । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें ।  सप्ताह का शुभ दिन रविवार है ।

यह भी पढ़ेंSAGAR NEWS : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नर्स की गोली मारकर हत्या : आरोपी फरार

धनु राशि:-

इस सप्ताह आपके पास धन आने की संभावना है । धन उचित मात्रा में आएगा ।  अगर आप व्यापारी हैं तो आपको लाभ होगा ।  अगर आप अधिकारी या कर्मचारी हैं तो  आपके लिए यह सप्ताह सामान्य है ।  सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भी यह सप्ताह सामान्य रहेगा ।  भाई बहनों के साथ संबंध नरम-गरम रहेंगे ।  इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग मिल सकता है ।  इस सप्ताह आपके लिए 12 , 13 और 14 तारीख कार्यों को करने हेतु   फल दायक है ।  10 ,11 और 12 तारीख को आपको कचहरी के कार्यों में सतर्कता पूर्वक कार्य कर सफलता प्राप्त करना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए की आप काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर पूजन करें ।  सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

यह भी पढ़ें: नर्स दीपशिखा हत्याकांड : मौसेरा भाई निकला हत्यारा : एक तरफा प्रेम ने ली जान : जबलपुर से सागर आया था मौसेरा भाई : परिजनों ने किया चक्काजाम

मकर राशि:-

व्यापारियों के लिए यह सप्ताह ठीक है । व्यापार में लाभ होने की पूरी संभावना है ।  नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सप्ताह थोड़ा सावधान रहने का है ।   जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। भाई बहनों के साथ संबंध  ठीक रहेंगे ।  धन आने की पूरी संभावना है ।  अगर आप पेट के रोगी हैं तो उसमें आपको इस सप्ताह आराम मिलेगा  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप अपने कार्यों को 9 और 15 तारीख को करने का प्रयास करें । कार्यों में अवश्य सफलता प्राप्त होगी ।  आपको 12 तारीख की दोपहर से लेकर 13 और 14 तारीख को सजग रहना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि  आप प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें ।  सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

यह भी पढ़ेंप्रशिक्षण में लापरवाही पर पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी एवं सहायक यंत्री को निलंबित किया सागर कमिश्नर ने

कुंभ राशि:-

व्यापारियों के लिए यह सप्ताह उत्तम है । व्यापार में उनको लाभ होगा ।  कचहरी के कार्यों में भी सफलता प्राप्त होगी । नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह थोड़ा सावधान रहना चाहिए , विशेष रूप से 10,  11 और 12 तारीख को । जनप्रतिनिधियों को 10 ,11 और 12 तारीख को प्रतिष्ठा मिल सकती है । इस सप्ताह आप सबके लिए 15 तारीख को विशेष रूप से सजग रहना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं ।  सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है ।

यह भी पढ़ेंSagar News : वनकर्मियों पर हमला : दोनों तरफ से गोलीबारी : हमलावरों पर FIR दर्ज : अवैध सागौन की लकड़ी जब्त

मीन राशि:-

नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह धन प्राप्त होने की उम्मीद है ।  परंतु उन लोगों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों से सावधान भी रहना चाहिए ।  व्यापारियों के लिए यह सप्ताह थोड़ा कम ठीक है ।  जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह प्रतिष्ठा दायक है ।  इस सप्ताह आप लोगों को भाग्य से मदद नहीं मिल पाएगी ।   आपको अपने सभी कार्य अपने बल पर करने पड़ेंगे ।  इस सप्ताह आपके लिए 12 तारीख की दोपहर से लेकर 13 और 14 तारीख कार्यों को करने हेतु लाभप्रद है ।  9 तारीख को आपको होशियार रहना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षर मंत्र का जाप करें ।  सप्ताह का शुभ दिन रविवार है ।

ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है  । अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्वाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए । मां शारदा से प्रार्थना है या आप सदैव स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें।


जय मां शारदा।

 निवेदक:-

पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय

सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता

प्रश्न कुंडली  और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ

साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया , 

सागर  (मध्य प्रदेश) , पिन कोड:-470004

मोबाइल नंबर :-8959594400