बीएमसी सागर में बन रहे 10 मॉड्यूलर ओटी का विधायक शैलेन्द्र जैन ने किया निरीक्षण : निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी
तीनबत्ती न्यूज: 13 मई, 2026
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के सतत प्रयासों से अस्पताल परिसर में 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत 10 अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाने की भी योजना है, जिसके लिए अलग से प्रस्ताव तैयार किया गया है।
परियोजना के अंतर्गत लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से 60 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में आधुनिक भवन संरचना तैयार की जा रही है। इस 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की स्थापना एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के लिए बीएमसी प्रबंधन द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपये का अतिरिक्त एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा गया है। विधायक श्री जैन ने इस राशि की स्वीकृति दिलाने की बात कही है।
बुधवार को विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बीएमसी अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश जैन एवं सहायक अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह के साथ निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार को कार्य शीघ्र एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
फायर फाइटिंग सिस्टम की ड्राइंग एवं डिजाइन में हो रही देरी को लेकर विधायक श्री जैन ने निर्माण एजेंसी हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक ड्राइंग एवं डिजाइन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक श्री जैन ने कहा कि यह परियोजना सागर के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि साबित होगी। वर्तमान में ऑपरेशन थिएटर की कमी के कारण मरीजों को ऑपरेशन के लिए कई दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। 10 नए मॉड्यूलर ओटी स्थापित होने के बाद न केवल मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा, बल्कि चिकित्सकों को भी बेहतर एवं आधुनिक कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद विभिन्न प्रकार के रोगियों के ऑपरेशन एक साथ अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे, जिससे सागर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के अधिकारी, चिकित्सक एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
----------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________












