अगले दो महीने में प्रारंभ होगी भोपाल से शारजाह तक डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट : सीएम डॉ. यादव • अगले दस साल में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाएंगे : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू • मध्यप्रदेश में जल्द ही बनेंगे पांच नए एयरपोर्ट: चार नई सीधी उड़ानों का हुआ शुभारंभ

अगले दो महीने में प्रारंभ होगी भोपाल से शारजाह तक डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट : सीएम डॉ. यादव

• अगले दस साल में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाएंगे : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू

• मध्यप्रदेश में जल्द ही बनेंगे पांच नए एयरपोर्ट: चार नई सीधी उड़ानों का हुआ शुभारंभ



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने चार नई सीधी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखा


तीनबत्ती न्यूज: 09 अगस्त ,2026

भोपाल: मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में रविवार को एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू के साथ मध्यप्रदेश में चार नई सीधी हवाई सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर इनका शुभारंभ किया। भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवाओं से प्रदेश के विंध्य और महाकौशल अंचल को राजधानी भोपाल तथा पूर्वी भारत के प्रमुख महानगर कोलकाता एवं पटना से सीधा हवाई संपर्क मिला है। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने भोपाल से रीवा तक जाने वाली अलायन्स एयर की नवप्रारंभ फ्लाइट के यात्रियों को बोर्डिंग पास भी वितरित किए। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल भोपाल से रीवा की इसी फ्लाइट में बैठकर रीवा के लिए रवाना हुए।

पांच नए एयरपोर्ट मिले


चार नई हवाई सेवाओं के शुभारंभ अवसर पर राजा भोज विमानतल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार का “ऐतिहासिक दिन” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज मध्यप्रदेश के विकास और नागरिक सुविधाओं को नए पंख लग रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपालवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अगले दो महीने के भीतर भोपाल से शारजाह तक सीधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए तेजी से काम कर रही है। बीते तीन साल में ही प्रदेश में रीवा, सतना और दतिया के रूप में तीन नए एयरपोर्ट प्रारंभ हो गए हैं। उज्जैन और शिवपुरी में भी नए एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट्स बनाने की मंजूरी दे दी है। इसमें सबसे पहले सिंगरौली में एयरपोर्ट बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो साल में ही दस से अधिक रूट पर हवाई सेवाएं प्रारंभ हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हवाई कनेक्टिविटी का लाभ प्रदेश के सभी अंचलों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश में ही एयर एम्बुलेंस सर्विस प्रारंभ हुई है। राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई हेली सेवा प्रतिदिन चल रही हैं और इसमें पच्चयानवें प्रतिशत आकोपेंसी दर्ज की गई है।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक समय प्रदेश में हवाई सेवाएं सीमित थीं और सुविधाएं नगण्य थीं, लेकिन आज एक साथ चार नई उड़ानों का शुरू होना बदलते मध्यप्रदेश और बदलते भारत की तस्वीर प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं का सबसे बड़ा लाभ समय की बचत के रूप में सामने आएगा। भोपाल-रीवा के बीच सप्ताह में चार दिन, जबकि भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ानें संचालित होंगी। वर्तमान में इन शहरों के बीच सड़क अथवा रेल मार्ग से यात्रा में कई घंटे तक लगते हैं, जबकि सीधी हवाई सेवा से यही दूरी महज दो से ढाई घंटे में ही तय की जा सकेगी।

दस महीनों में बढी सुविधाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय स्थल होने के साथ विभिन्न राज्यों की कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि इन सीधी उड़ानों के प्रारंभ होने से उद्योगपतियों, व्यापारियों और पर्यटकों के समय तथा धन दोनों की बचत होगी। साथ ही रीवा और जबलपुर जैसे औद्योगिक केंद्रों का कोलकाता से सीधा जुड़ाव स्थानीय उद्योगों और एमएसएमई क्षेत्र के लिए बड़े बाजारों के द्वार भी खोलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच महज दस महीनों में प्रदेश में आठ नए हवाई मार्गों पर सेवाएं शुरू हुई हैं, जिनमें इंदौर-अबूधाबी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान भी शामिल है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 से अधिक हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड हैं। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं का विस्तार केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार को गति देने वाला आधारभूत ढांचा है। मध्यप्रदेश की ‘नागर विमानन नीति 2025’ के अंतर्गत राज्य सरकार हवाई सेवाओं को समर्थन दे रही है। किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए इंदौर, भोपाल और जबलपुर एयरपोर्ट को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है। वहीं विमानन क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए कोर्स फीस का 60 प्रतिशत हिस्सा सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज से प्रांरभ हुई सीधी हवाई सेवाएं “विकसित मध्यप्रदेश” की आधारभूत संरचना को और भी मजबूत करेगी।


2036 तक हवाई सेवाओं के विकास-विस्तार पर 29 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी केंद्र सरकार




केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सिविल एविएशन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है। वर्ष 2016 में ‘उड़ान’ योजना के माध्यम से ‘उड़े देश का आम नागरिक’ के संकल्प के साथ छोटे शहरों और आम नागरिकों तक हवाई सेवाओं की पहुंच बढ़ाई गई। पिछले वर्षों में देश में करीब 90 नए एयरपोर्ट विकसित हुए हैं और विमानों के बेड़े और हवाई यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट और हवाई कनेक्टिविटी केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। एयरपोर्ट के आसपास रियल एस्टेट, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ती हैं और रोजगार के अवसर सृजित होते हैं।


केंद्रीय मंत्री श्री नायडू ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सिविल एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हुआ है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में सुविधाओं के विस्तार के साथ सतना, दतिया और रीवा में नए एयरपोर्ट विकसित किए गए हैं। कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मध्यप्रदेश की सिविल एविएशन पॉलिसी प्रभावी है और देश की राज्यों की विमानन नीतियों में इसे सर्वश्रेष्ठ नीतियों में माना जा सकता है। इसके परिणामस्वरूप इंदौर से अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी और रीवा-कोलकाता, रीवा-पटना, जबलपुर-कोलकाता और भोपाल-रीवा जैसे नए हवाई मार्ग शुरू हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। प्रदेश की लगभग दस हवाई पट्टियों को एयरपोर्ट में परिवर्तित करने और कुछ शहरों में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। श्री नायडू ने कहा कि ‘उड़ान’ योजना को अगले दस वर्षों के लिए विस्तारित किया गया है और इसके लिए केंद्र सरकार ने लगभग 29 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे नए एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को गति मिलेगी। ‘उड़ान’ योजना, मध्यप्रदेश की एविएशन पॉलिसी और प्रदेशवासियों के सहयोग से मध्यप्रदेश को सिविल एविएशन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।



केंद्रीय मंत्री श्री नायडू ने कहा कि सिविल एविएशन क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन रहा है।नए एयरपोर्ट और बढ़ती विमानन गतिविधियों से रोजगार की संभावनाएं और बढ़ेंगी।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का विजन हर 150 किलोमीटर पर एक एयरपोर्ट, हर 75 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी और हर 45 किलोमीटर पर एक हेलिपोर्ट विकसित करने का है। केंद्र सरकार इस दिशा में मध्यप्रदेश को पूरा सहयोग देगी। आज प्रारंभ हो रही नई हवाई सेवाएं एक नई शुरुआत हैं और आने वाले समय में प्रदेश को और अधिक शहरों एवं गंतव्यों से हवाई सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा।


उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए दूरदर्शी स्टेट एविएशन पॉलिसी- 2025 तैयार की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के छोटे शहरों को प्रमुख शहरों से जोड़ने का कार्य तेजी से हो रहा है। विशेष रूप से विंध्य क्षेत्र के लिए नई हवाई सेवाओं का विस्तार विकास की नई संभावनाओं को गति देगा। रीवा से दिल्ली, इंदौर और रायपुर की सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं तथा अब रीवा को भोपाल और कोलकाता से जोड़ने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी। सिंगरौली देश के प्रमुख पावर हब में शामिल है। क्षेत्र में तीन राष्ट्रीय उद्यान तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। चित्रकूट भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़ी महत्वपूर्ण पवित्र भूमि है। हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से इन संभावनाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि एटीआर-72 जैसे विमानों के संचालन के लिए वित्तीय सहयोग की आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदर्शी सोच से स्टेट एविएशन पॉलिसी तैयार की गई, जिसकी विमानन क्षेत्र में सराहना हो रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बताया कि रीवा-भोपाल हवाई सेवा का किराया लगभग 2,700 रुपये तथा डायनेमिक फेयर में अधिकतम 3,500 रुपये निर्धारित किया गया है। रीवा-कोलकाता सेवा के किराये की कैपिंग लगभग 5,300 रुपये रखी गई है। इससे हवाई यात्रा आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ होगी।उन्होंने कहा कि भोपाल से पटना होते हुए कोलकाता, भोपाल से रीवा तथा अन्य शहरों के लिए कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विशेषकर विंध्य क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने का कार्य निरंतर आगे बढ़ेगा।


केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2016 से ‘उड़ान’ योजना के माध्यम से टियर-2 और टियर-3 शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 4 जुलाई को ‘मॉडिफाइड उड़ान’ योजना का शुभारंभ किया है। आगामी दस वर्षों में इस योजना से छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने को नई गति मिलेगी। केंद्रीय सचिव श्री सिन्हा ने कहा कि मध्यप्रदेश में उपलब्ध एयरस्ट्रिप्स को चिन्हित कर एयरपोर्ट विकसित करने और हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और नागरिक उड्डयन मंत्रालय राज्य सरकार के साथ समन्वय से कार्य करेंगे। मध्यप्रदेश में एयरस्ट्रिप और टर्मिनल उपलब्ध होने के बावजूद जहां विमानों की सीमित संख्या के कारण सेवाएं प्रारंभ नहीं हो पाई हैं, ऐसे क्षेत्रों को भी ‘मॉडिफाइड उड़ान’ योजना के माध्यम से कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अलायंस एयर के माध्यम से नई हवाई सेवाओं की शुरुआत हो रही है। इंडिगो, अलायंस एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया सहित विभिन्न एयरलाइंस द्वारा नए विमानों के ऑर्डर दिए गए हैं, जिससे भविष्य में हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं मजबूत होंगी। ‘उड़ान’ योजना के बाद फ्लाई 91, स्टार एयर सहित क्षेत्रीय एयरलाइंस का विस्तार भी हुआ है। मध्यप्रदेश ने नागरिक उड्डयन क्षेत्र की भौगोलिक आवश्यकताओं और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है। केंद्र सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, अलायंस एयर और अन्य एयरलाइंस के सहयोग से प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।


अपर मुख्य सचिव, विमानन विभाग श्री संजय कुमार शुक्ल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बीते एक साल में प्रदेश के सात शहरों से नई हवाई सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। प्रदेश की विमानन नीति के अंतर्गत इंदौर से अबू धाबी के लिए अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा भी प्रारंभ की गई है। श्री शुक्ला ने बताया कि इसी क्रम में आज से चार नई हवाई सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं।


चार नए हवाई मार्गों से मजबूत होगी प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी


आज शुभारंभ होने वाली चारों नई हवाई सेवाएं मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के अंतर्गत वित्त पोषित हैं। सभी घरेलू हवाई मार्गों पर प्रत्येक राउंड ट्रिप के लिए राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) सहायता दी जाएगी। इन चारों सेवाओं का संचालन अलायंस एयर द्वारा किया जाएगा। भोपाल-रीवा हवाई सेवा सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शनिवार एवं रविवार को, भोपाल-पटना सेवा सोमवार, बुधवार एवं रविवार को तथा रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई सेवाएं मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को संचालित होंगी। भोपाल-पटना सीधी हवाई सेवा से मध्यप्रदेश की राजधानी बिहार की राजधानी पटना से जुड़ेगी, जबकि भोपाल-रीवा सेवा से प्रदेश की राजधानी की विंध्य क्षेत्र से सीधी हवाई कनेक्टिविटी स्थापित होगी। रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। चारों नवीन हवाई सेवाओं से पर्यटन, व्यापार एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।


सीधी हवाई सेवाओं से यात्रा का समय होगा कम


सीधी हवाई कनेक्टिविटी से यात्रियों के यात्रा समय में कमी आएगी। भोपाल-रीवा की यात्रा में जहां रेल मार्ग से लगभग 10 घंटे लगते हैं, वहीं हवाई यात्रा से यह समय लगभग 1.5 घंटे रह जाएगा। भोपाल-पटना एवं रीवा-कोलकाता की यात्रा में रेल मार्ग से लगभग 22 घंटे की तुलना में हवाई यात्रा लगभग 2 घंटे में पूरी होगी। जबलपुर-कोलकाता की यात्रा भी रेल मार्ग के लगभग 22 घंटे की तुलना में लगभग 2.5 घंटे में पूरी होगी। इस प्रकार भोपाल-रीवा मार्ग पर लगभग 8.5 घंटे, भोपाल-पटना एवं रीवा-कोलकाता मार्ग पर लगभग 20-20 घंटे और जबलपुर-कोलकाता मार्ग पर लगभग 19.5 घंटे की समय बचत होगी।


किफायती किराए से यात्रियों को मिलेगा लाभ


सीधी हवाई कनेक्टिविटी के अभाव में इन रूट्स पर हवाई यात्रा का किराया लगभग 8 से 10 हजार रुपये होता था तथा यात्रियों को दिल्ली जाकर फ्लाइट बदलनी पड़ती थी। नवीन सीधी सेवाओं से किराया कम होकर लगभग 3,200 से 4,500 रुपये के बीच रहेगा। भोपाल-रीवा का किराया लगभग 3,500 रुपये, भोपाल-पटना 4,500 रुपये, रीवा-कोलकाता 3,200 रुपये और जबलपुर-कोलकाता 4,500 रुपये रहेगा। नवीन चार रूट्स के प्रारंभ होने से प्रदेश की विमानन नीति में एयरलाइंस के विश्वास को भी बल मिला है।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, आयुक्त विमानन विभाग श्री चंद्रमौली शुक्ला, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मेंबर (प्लानिंग) श्री अनिल कुमार गुप्ता, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक, पश्चिमी क्षेत्र श्री एच. पुल्ला, अलायंस एयर के अध्यक्ष श्री अमित कुमार, अलायंस एयर के सीईओ श्री राजर्षि सेन, अलायंस एयर के डिप्टी सीसीओ श्री विनीत भल्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं भोपाल से रीवा फ्लाइट में जाने वाले यात्रीगण उपस्थित थे।

सागर में नाली निर्माण में अनियमितता पर विधायक शैलेंद्र जैन नाराज, ठेकेदार को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

नाली निर्माण में अनियमितता पर विधायक शैलेंद्र जैन नाराज, ठेकेदार को दिए गुणवत्ता सुधारने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज : 09 अगस्त, 2026

सागर। सागर शहर के सूबेदार वार्ड में गुलाब बाबा मंदिर से शीतला माता मंदिर तक चल रहे नाली निर्माण कार्य का विधायक शैलेंद्र जैन ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कुछ कमियां सामने आने पर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को तत्काल गुणवत्ता सुधारने तथा निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : मुरैना में 65 हजार वेतन वाले हेडमास्टर ने 4500 में रखी प्राइवेट शिक्षिका, DEO निरीक्षण में खुलासा : नोटिस जारी

निर्माण कार्य में मिलीं कमियां

निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने नाली निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान मसाले में मिट्टी मिलाकर कार्य किए जाने तथा कंक्रीट मशीन का उपयोग नहीं किए जाने जैसी कमियां सामने आईं।

विधायक ने मौके पर ही ठेकेदार से निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और स्पष्ट किया कि शासकीय राशि से कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में ट्रेन आने से पहले ट्रैक पर फंसा ट्रक, QRF जवानों ने धक्का लगाकर टाला बड़ा हादसा

--------

उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग किया जाए और तकनीकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि नाली निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है। यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं होगा तो इसका अपेक्षित लाभ क्षेत्रवासियों को नहीं मिल पाएगा।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के हित में कराए जाते हैं। इनमें लापरवाही अथवा घटिया निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन स्थानों पर निर्माण की गुणवत्ता में कमी पाई गई है, वहां आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 10 से 16 अगस्त तक मेष से मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा सप्ताह, जानें शुभ दिन और उपाय

समय सीमा में पूरा करने के निर्देश

विधायक ने निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों को कम से कम परेशानी हो और कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं स्थायी जल निकासी की सुविधा मिल सके, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूरा कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो।

स्थानीय नागरिकों से भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्य को लेकर जानकारी ली। नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अमित बैसाखिया सहित स्थानीय नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


अनुशासनहीनता के आरोप में प्राचार्य निलंबित : छात्राओं ने की थी शिकायत: प्राचार्य करते थे बालिका टायलेट का उपयोग : सागर कमिश्नर अनिल सुचारी ने की कार्रवाई

छतरपुर : ईशानगर स्कूल के प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति निलंबित, अनुशासनहीनता के आरोपों पर संभागायुक्त ने की कार्रवाई


तीनबत्ती न्यूज : 09 अगस्त 2026

सागर । सागर संभागायुक्त  अनिल सुचारी ने छतरपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईशानगर के प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति को अनुशासनहीनता के आरोपों पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई छतरपुर कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और जांच प्रतिवेदन के परीक्षण के बाद की गई। स्कूल की छात्राओं और कर्मचारियों ने प्राचार्य की शिकायत की थी।

प्राचार्य श्री प्रजापति के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच जिला शिक्षा अधिकारी छतरपुर द्वारा गठित जांच समिति से कराई गई थी। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, सागर संभाग के 15 जुलाई 2026 को छतरपुर प्रवास के दौरान भी प्राचार्य के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी।

------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में ट्रेन आने से पहले ट्रैक पर फंसा ट्रक, QRF जवानों ने धक्का लगाकर टाला बड़ा हादसा

--------

जांच में सामने आए गंभीर आरोप

जांच प्रतिवेदन के अनुसार विद्यालय में पुरुष टॉयलेट उपलब्ध होने के बावजूद प्राचार्य द्वारा बालिका टॉयलेट का उपयोग किया जाना पाया गया। इसके अलावा संस्था में पदस्थ महिला कर्मचारियों को परेशान करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोपों से जुड़े तथ्य भी जांच में सामने आए।

जांच में अन्य कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, कर्मचारियों का अकारण वेतन रोकने तथा शासकीय योजनाओं की मुखालफत करने संबंधी तथ्य भी पाए गए।

यह भी पढ़ें : मुरैना में 65 हजार वेतन वाले हेडमास्टर ने 4500 में रखी प्राइवेट शिक्षिका, DEO निरीक्षण में खुलासा : नोटिस जारी

प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए प्राचार्य

छतरपुर कलेक्टर से प्राप्त प्रस्ताव और जांच प्रतिवेदन के अवलोकन के बाद संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी ने श्री बसंत लाल प्रजापति को प्रथम दृष्ट्या दोषी पाया। उनके कृत्यों को पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता का द्योतक माना गया।

संभागायुक्त ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 के प्रावधानों का उल्लंघन माना है।

तत्काल प्रभाव से निलंबन

मामले में संभागायुक्त ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईशानगर, जिला छतरपुर के प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान श्री प्रजापति का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला छतरपुर निर्धारित किया गया है।

सागर में ट्रेन आने से पहले ट्रैक पर फंसा ट्रक, QRF जवानों ने धक्का लगाकर टाला बड़ा हादसा

सागर में बड़ा रेल हादसा टला: रेलवे ट्रैक पर बंद हुआ माल से लदा ट्रक, QRF के जवानों ने धक्का मारकर बचाई सैकड़ों जानें

सागर में रेलवे ट्रैक पर फंसे मालवाहक ट्रक को हटाते QRF जवान


तीनबत्ती न्यूज: 09 अगस्त, 2026

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में QRF (क्विक रिएक्शन टीम) के जवानों की अदम्य तत्परता और जांबाजी से एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा होने से टल गया। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के ठीक बीचों-बीच आकर बंद हो गया। इसी बीच ट्रैक पर ट्रेन आने का समय हो चुका था, लेकिन ड्यूटी पर जा रहे जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी जान पर खेलकर ट्रक को ट्रैक से हटा दिया।

-------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में ट्रेन आने से पहले ट्रैक पर फंसा ट्रक, QRF जवानों ने धक्का लगाकर टाला बड़ा हादसा

--------

कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर जा रहे थे जवान

10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), सागर की QRF कंपनी दमोह स्थित प्रसिद्ध बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी संभालने के लिए रवाना हो रही थी। जैसे ही जवानों की गाड़ियां मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास पहुंचीं, उन्होंने देखा कि एक भारी मालवाहक ट्रक ट्रैक के बीचों-बीच फंसा हुआ है। चालक उसे चालू करने की नाकाम कोशिश कर रहा था और ट्रैक पर ट्रेन के आने का खतरा सिर पर मंडरा रहा था।

यह भी पढ़ें : मुरैना में 65 हजार वेतन वाले हेडमास्टर ने 4500 में रखी प्राइवेट शिक्षिका, DEO निरीक्षण में खुलासा : नोटिस जारी

कंधे से कंधा मिलाकर लगाया जोर

खतरे और समय की कमी को भांपते हुए QRF के जवानों ने एक सेकंड भी जाया नहीं किया। भारी-भरकम और सामान से लदे ट्रक को हटाना बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन जवानों ने मोर्चा संभाला और सामूहिक ताकत से ट्रक को धक्का लगाना शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 10 से 16 अगस्त तक मेष से मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा सप्ताह, जानें शुभ दिन और उपाय

समय पर टली बड़ी तबाही

जवानों के एकजुट प्रयास से ट्रक को ट्रेन के पहुंचने से ठीक पहले सुरक्षित दूरी पर धकेल दिया गया। कुछ ही देर में वहां से ट्रेन गुजरी। जवानों की इस सूझबूझ और अदम्य साहस की वजह से न सिर्फ एक बड़ा रेल हादसा टल गया, बल्कि कई मासूम जिंदगियां भी सुरक्षित बच गईं। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने जवानों की इस तत्परता की जमकर सराहना की है।

मुरैना में 65 हजार वेतन वाले हेडमास्टर ने 4500 में रखी प्राइवेट शिक्षिका, DEO निरीक्षण में खुलासा : नोटिस जारी

मुरैना: किराए का टीचर : 65 हजार वेतन पाने वाले हेडमास्टर ने 4500 में रखी प्राइवेट टीचर, DEO के औचक निरीक्षण में खुलासा


तीनबत्ती न्यूज: 09 अगस्त, 2026

मुरैना। मध्य प्रदेश सागर : मध्यप्रदेश में  सरकारी शिक्षा व्यवस्था भाड़े पर है। ताजा मामला मुरैना जिले से सामने आया है। मुरैना जिले में शिक्षा व्यवस्था की एक बेहद गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। शनिवार, 8 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बीएस इंदौलिया ने कैलारस विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गईं।

--------------

सागर में भी थे किराए के शिक्षक पढ़ने क्लिक करे

सागर में स्कूल में किराए पर पढ़ाई कराने वाले शिक्षको और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर एक्शन ▪️डीईओ ,डीपीसी, बीईओ, संकुल प्राचार्य को कारण बताओं नोटिस ▪️तीन जन शिक्षक , पांच शिक्षक निलंबित ▪️अपने स्थान पर अन्य किराए के शिक्षक को नियुक्त करने का मामला

--------

SAGAR: सरकारी स्कूलों में भाड़े के शिक्षक रखने वाले पांच शिक्षक सेवा से बर्खास्त : कलेक्टर ने की कार्यवाही

-----

SAGAR : भाड़े पर शिक्षक मामले में एक बीआरसी और दो विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कमिश्नर सागर ने किया सस्पेंड ▪️तीन जन शिक्षक और पांच शिक्षक पहले हो चुके है सस्पेंड

हाजिरी लगाकर गायब होते थे हेडमास्टर

निरीक्षण के दौरान स्कूल के हेडमास्टर अमर लाल रावत गैरहाजिर मिले। जांच में सामने आया कि हेडमास्टर साहब स्कूल में केवल अपनी हाजिरी (अटेंडेंस) लगाने आते थे और उसके बाद वहां से चले जाते थे।


(डीईओ के साथ प्राईवेट शिक्षक)

4,500 रुपये में किराए पर रखी थी प्राइवेट शिक्षिका

सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार हेडमास्टर को बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रतिमाह 65 हजार रुपये का वेतन मिलता है। हालांकि, उन्होंने खुद पढ़ाने के बजाय बच्चों को पढ़ाने के लिए एक निजी महिला शिक्षिका को रखा हुआ था, जिसे वे अपने पास से महज 4,500 रुपये महीना देते थे।

यह भी पढ़ेंसाप्ताहिक राशिफल: 10 से 16 अगस्त तक मेष से मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा सप्ताह, जानें शुभ दिन और उपाय

स्कूल पर नहीं लगा था साइन बोर्ड

निरीक्षण में DEO को स्कूल भवन पर कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगा मिला। स्थिति यह थी कि बाहर से देखकर यह पहचान पाना भी मुश्किल था कि उस भवन में कोई शासकीय प्राथमिक स्कूल संचालित हो रहा है।

DEO ने बनाया वीडियो, कारण बताओ नोटिस जारी

जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया ने मौके की स्थिति का खुद वीडियो बनाया और मामले को गंभीरता से लेते हुए हेडमास्टर अमर लाल रावत को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है।

साप्ताहिक राशिफल: 10 से 16 अगस्त तक मेष से मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा सप्ताह, जानें शुभ दिन और उपाय

Weekly Horoscope

साप्ताहिक राशिफल: 10 से 16 अगस्त तक मेष से मीन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा सप्ताह, जानें शुभ दिन और उपाय

• पंडित अनिल पाण्डेय

तीनबत्ती न्यूज: 09 अगस्त, 2026

गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि हनुमान जी के पास राम नाम का रसायन है। इसका अर्थ हुआ हनुमान जी के पास राम नाम रूपी दवा है। श्री हनुमान जी श्री रामचंद्र जी के सेवक हैं, इसलिए उनके पास राम नाम रूपी दवा है। इस दवा का उपयोग हर प्रकार के रोग में किया जा सकता है। दुनिया में सिर्फ श्रीराम नाम ही एक ऐसी दवा है जिससे सभी रोग ठीक हो जाते हैं।

श्री हनुमान जी को याद करने के अद्भुत ग्रंथ श्री हनुमान चालीसा में लिखा है:

"राम रसायन तुम्हरे पासा, सदा रहो रघुपति के दासा॥"

इस चौपाई के संपुट पाठ करने से सभी रहस्यों की प्राप्ति होती है। "नाशे रोग हरे सब पीरा" नाम की पुस्तक में श्री हनुमान चालीसा की चौपाइयों से संबंधित सभी उपायों का विस्तृत विवरण दिया हुआ है। इस पुस्तक को आप हमारे यहां से प्राप्त कर सकते हैं।

मैं पंडित अनिल पाण्डेय आज आपको 10 से 16 अगस्त 2026 तक के साप्ताहिक राशिफल के बारे में बताऊंगा, परंतु सबसे पहले इस सप्ताह के ग्रहों के गोचर (विचलन) के बारे में जानते हैं।

ग्रहों की स्थिति: इस सप्ताह सूर्य, बुध और गुरु कर्क राशि में, मंगल मिथुन राशि में, शुक्र कन्या राशि में, शनि मीन राशि और राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे।

---------

यह भी पढ़ें: 15 अगस्त और 26 जनवरी पर स्कूलों में बंटेगा सांची पेड़ा, फूड पॉइजनिंग के बाद कमिश्नर ने दिए निर्देश

----------

राशिफल: राशि अनुसार (Horoscope by Zodiac Sign)

  • मेष राशि (Aries - ♈)
    • राशिफल: इस सप्ताह आपको अपनी प्रतिष्ठा में वृद्धि प्राप्त होगी। थोड़ा ध्यान देने पर मान-सम्मान में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। संतान से सहयोग मिलेगा। कचहरी के मामलों में सावधान रहें। शत्रु शांत रहेंगे और छात्रों की पढ़ाई ठीक चलेगी। भाई-बहनों से मामूली तनाव संभव है।
    • शुभ तारीखें: 10, 11 और 12 अगस्त।
    • सावधानी: 15 तारीख दोपहर के बाद और 16 अगस्त को सचेत रहें।
    • उपाय: प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं।
    • शुभ दिन: मंगलवार।
  • वृष राशि (Taurus - ♉)
  • मिथुन राशि (Gemini - ♊)
    • राशिफल: धन आगमन के सुंदर योग हैं; कम परिश्रम में अधिक लाभ होगा। भाग्य के भरोसे न बैठें, अपने कर्म पर विश्वास करें। प्रतिष्ठा और माता जी के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। भाई-बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
    • शुभ तारीखें: 15 और 16 अगस्त (शेष दिन भी सामान्य रहेंगे)।
    • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
    • शुभ दिन: रविवार।


  • कर्क राशि (Cancer - ♋)
    • राशिफल: यह सप्ताह अत्यंत शुभ रहेगा। सही सोच और परिश्रम से कार्य करें। आपका व जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। भाई-बहनों के स्वास्थ्य में थोड़ी कमी रह सकती है, लेकिन संबंधों में सुधार होगा। शत्रुओं को आसानी से परास्त करेंगे। कचहरी के मामलों में सतर्कता बरतें।
    • शुभ तारीखें: 10, 11 और 12 अगस्त।
    • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में 3 बार पाठ करें।
    • शुभ दिन: सोमवार।
  • सिंह राशि (Leo - ♌)
    • राशिफल: सही कार्यशैली से कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी। माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। संतान से सुख व सहयोग प्राप्त होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों को सफलता मिलेगी। भाग्य की बजाय कर्म पर भरोसा रखें।
    • शुभ तारीखें: 13, 14 और 15 अगस्त।
    • सावधानी: 10, 11 और 12 अगस्त को विशेष सावधान रहें।
    • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर में 3 बार हनुमान चालीसा पढ़ें।
    • शुभ दिन: बृहस्पतिवार।
  • कन्या राशि (Virgo - ♍)
    • राशिफल: अविवाहितों के लिए विवाह के अच्छे प्रस्ताव आएंगे और नए प्रेम संबंध बन सकते हैं। व्यापार में धन लाभ का योग है। नौकरीपेशा लोग ध्यानपूर्वक कार्य करें। शत्रु शांत रहेंगे। माता जी और जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
    • शुभ तारीखें: 15 अगस्त दोपहर के बाद और 16 अगस्त।
    • सावधानी: 13, 14 और 15 अगस्त दोपहर तक सतर्क रहें।
    • उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
    • शुभ दिन: रविवार।
  • तुला राशि (Libra - ♎)
    • राशिफल: अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहतरीन समय है; कार्यस्थल पर प्रशंसा और नए प्रोजेक्ट मिल सकते हैं। कचहरी के कार्यों में सावधानी से सफलता मिलेगी। शत्रु शांत रहेंगे। भाग्य की बजाय अपने कर्म पर निर्भर रहें।
    • शुभ तारीखें: 10, 11 और 12 अगस्त।
    • सावधानी: 15 और 16 अगस्त को सजग रहें।
    • उपाय: प्रतिदिन 'ॐ नमः शिवाय' (शिव पंचाक्षर मंत्र) का जाप करें।
    • शुभ दिन: बुधवार।
  • वृश्चिक राशि (Scorpio - ♏)
    • राशिफल: भाग्य का भरपूर सहयोग मिलेगा, जिससे कई अटके कार्य पूरे होंगे। दुर्घटनाओं और अपनी प्रतिष्ठा को लेकर सावधान रहें। धन प्राप्ति के लिए अत्यधिक उतावलापन या प्रयास नुकसानदायक हो सकता है।
    • शुभ तारीखें: 13, 14 और 15 अगस्त।
    • उपाय: प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें।
    • शुभ दिन: बृहस्पतिवार।
  • धनु राशि (Sagittarius - ♐)
    • राशिफल: दुर्घटनाओं से डरने की आवश्यकता नहीं है, कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा। लंबी यात्रा के योग हैं। नौकरीपेशा लोग सतर्क रहकर कार्य करें। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
    • शुभ तारीखें: 15 और 16 अगस्त।
    • सावधानी: 10, 11 और 12 अगस्त को मुस्तैदी से कार्य करें।
    • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
    • शुभ दिन: रविवार।
  • मकर राशि (Capricorn - ♑)
    • राशिफल: जीवनसाथी के लिए सप्ताह शानदार है; उनकी प्रतिष्ठा, ऐश्वर्य और मानसिक स्थिति में वृद्धि होगी। आप शत्रुओं को परास्त करेंगे। अप्रत्यक्ष रूप से भाग्य का सहयोग मिलेगा। व्यापार और स्वास्थ्य ठीक रहेगा।
    • शुभ तारीखें: 10, 11 और 12 अगस्त।
    • सावधानी: 13, 14 और 15 अगस्त को सजगता बरतें।
    • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।
    • शुभ दिन: बुधवार।
  • कुंभ राशि (Aquarius - ♒)
    • राशिफल: शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी। कचहरी के मामलों में सावधानी के साथ सफलता मिल सकती है। धन लाभ के योग हैं। दुर्घटनाओं से बाल-बाल बचेंगे।
    • शुभ तारीखें: 13, 14 और 15 अगस्त (दोपहर तक)।
    • सावधानी: सप्ताह के शेष दिनों में संभलकर कार्य करें।
    • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का जल व दूध से अभिषेक करें।
    • शुभ दिन: शुक्रवार।
  • मीन राशि (Pisces - ♓)
    • राशिफल: संतान पक्ष के लिए समय उत्तम है, उन्हें प्रतिष्ठा या नौकरी में अच्छा पद/प्रोजेक्ट मिल सकता है। विवाह के प्रस्तावों को लेकर सतर्क रहें। कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए धन लाभ के योग हैं।
    • शुभ तारीखें: 15 अगस्त दोपहर के बाद और 16 अगस्त।
    • सावधानी: 13, 14 और 15 अगस्त दोपहर तक सतर्क रहें।
    • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
    • शुभ दिन: रविवार।

विशेष नोट: यह सामान्य भविष्यवाणी है। व्यक्तिगत और सटीक विश्लेषण के लिए अपनी कुंडली का परीक्षण करवाएं।

मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

जय मां शारदा!

निवेदक: पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता) प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) पिन कोड: 470004 | मोबाइल नंबर: 8959594400