CCTV पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने चार दिन में ढूंढ निकाला ऑटो रिक्शा में छूटा बैग
तीनबत्ती न्यूज : 08 फरवरी ,2026
सागर पुलिस का सीसीटीवी कंट्रोल रूम न केवल तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अपनी नियमित ड्यूटी का निर्वहन करता है, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और नागरिकों के प्रति कर्तव्यबोध के साथ ड्यूटी से आगे बढ़कर भी पीड़ितों की हरसंभव सहायता करता है। यह कंट्रोल रूम, नोडल अधिकारी सीसीटीवी जिला सागर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में लगातार आम नागरिकों की मदद कर पुलिस की सकारात्मक, संवेदनशील और भरोसेमंद छवि प्रस्तुत कर रहा है।
ऑटो रिक्शा में छूटा था बैग
पुलिस के मुताबिक 3 फरवरी को थाना जैसीनगर के देवलचौरी निवासी हरिओम तिवारी सीसीटीवी कंट्रोल रूम सागर पहुंचे। उन्होंने उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान को बताया कि उनकी बहन मोतीनगर से बस स्टैंड तक ऑटो से आई थीं, किंतु उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में कपड़े एवं आवश्यक कीमती सामान रखा हुआ था।
यह भी पढ़ें: Sagar Crime : रेत व्यापारी से सवा करोड़ की ठगी : प्राईवेट जाब और कमाने का दिया झांसा
पुलिस की सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम तत्काल सक्रिय हुई। प्रारंभिक स्तर पर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर जांच की गई। जिसकी जिम्मेदारी सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक को सौंपी गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित ऑटो पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था, तथा शहर में समान प्रकार के कई ऑटो संचालित होने के कारण केवल सीसीटीवी फुटेज देखने से सफलता नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें: Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 09 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय
ऑटो कंपनी से ली जानकारी
उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान एवं चीता-05 मोतीनगर में पदस्थ आरक्षक बद्री सिंह द्वारा एक रणनीति अपनाई गई। शहर की विभिन्न ऑटो एजेंसियों से संपर्क कर उन ऑटो चालकों एवं मालिकों की जानकारी एकत्र की गई। जिनके ऑटो अभी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में थे। इस प्रयास में करीब 15 ऑटो मालिकों के मोबाइल नंबर एवं विवरण प्राप्त किए गए।
सभी ऑटो चालकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर पूछताछ की गई, जिसके परिणामस्वरूप उस ऑटो चालक की पहचान हो सकी, जिसमें बैग छूट गया था। संबंधित ऑटो चालक को सीसीटीवी कंट्रोल रूम बुलाया गया, जहां से बैग को पूर्णतः सुरक्षित अवस्था में बरामद किया गया।
आज रविवार की सीसीटीवी कंट्रोल रूम सागर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में श्री हरिओम तिवारी को उनका बैग सुपुर्द किया गया, जिसमें रखे सभी कपड़े एवं कीमती सामान सुरक्षित पाए गए। बैग प्राप्त होने पर श्री तिवारी ने सागर पुलिस, सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संबंधित ऑटो चालक को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी यात्री का सामान वाहन में छूटता है, तो उसे तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम में जमा कराना सुनिश्चित करें।
सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान, सीसीटीवी ऑपरेटर रेखा रजक, आरक्षक बद्री सिंह (चीता-05 मोतीनगर) तथा संपूर्ण सीसीटीवी कंट्रोल रूम टीम की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें