बाजार में नकली दवाइयों का खतरा : विश्वसनीय मेडिकल स्टोर से ही खरीदे दवाइयां और पक्का बिल ले: पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह
▪️बीकेपी मेडिकल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ
तीनबत्ती न्यूज: 21 मार्च ,2026
मालथौन। नवरात्रि के पावन अवसर पर स्वर्गीय श्री बृज किशोर पटैरिया की स्मृति में बीकेपी मेडिकल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस सेंटर के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और अब छोटी-छोटी बीमारियों की जांच एवं उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। आधुनिक तकनीक आधारित जांच सुविधाएं अब मालथौन में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमारे हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण है। चैत्र प्रतिपदा से हिंदू नववर्ष का आरंभ होता है और इसी अवधि में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव भी मनाया जाता है। मां दुर्गा, जो शक्ति और साधना की देवी हैं, उनकी आराधना से हमें ऊर्जा और सामर्थ्य प्राप्त होता है तथा उनकी कृपा सभी पर बनी रहती है।
स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ी
विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है और मालथौन अब एक बड़े नगर का स्वरूप ले चुका है। जहां पहले आबादी 7-8 हजार के आसपास थी, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 20-25 हजार हो गई है। विकास के साथ सुविधाएं बढ़ती हैं और रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सागर जिले में 100 बिस्तरों का सिविल अस्पताल केवल खुरई में है, जहां डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और प्रतिदिन लगभग 21 मरीजों का डायलिसिस किया जाता है। श्री सिंह ने बताया कि विगत वर्षों में केंद्री स्वास्थय मंत्रालय की टीम ने पर्याप्त और बेहतर सुविधाओं के लिए सागर जिले में खुरई अस्पताल को प्रमाणपत्र देकर सराहना की थी। आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब कई प्रकार की जांचें, जैसे ईसीजी आदि, स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेंगी। इससे लोगों को सागर जैसे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और समय पर उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है। जीवन में स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि यदि व्यक्ति स्वस्थ नहीं है तो धन-संपत्ति का कोई महत्व नहीं रह जाता। वर्तमान समय में अधिकांश बीमारियों का इलाज संभव है। पहले कैंसर जैसी बीमारियों को लाइलाज माना जाता था, लेकिन अब उनके उपचार उपलब्ध हैं और टीकाकरण भी विकसित हो रहा है।उन्होंने कहा कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के लिए सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को टीका लगवाना चाहिए। टीकाकरण में लापरवाही के कारण ही कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
पढ़ने क्लिक करे : सागर CMHO डॉ ममता तिमोरी को सेवानिवृत्त करने के आदेश नियम विरुद्ध कर रही थी दो सालों से नौकरी : कटघरे में स्वास्थ्य विभाग
नकली दवाई का खतरा
श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आजकल बाजार में नकली दवाइयों का खतरा रहता है। इसलिए हमेशा विश्वसनीय मेडिकल स्टोर से ही दवाइयां खरीदनी चाहिए और पक्का बिल अवश्य लेना चाहिए। पक्का बिल उपभोक्ता के लिए सुरक्षा कवच के समान है और इससे गलत दवा मिलने की संभावना कम हो जाती है। उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए, जिसमें सुबह जल्दी उठना, शुद्ध वातावरण में रहना और सूर्य की किरणों का लाभ लेना शामिल है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे क्षेत्र में शुद्ध हवा उपलब्ध है, जबकि बड़े शहरों में प्रदूषण के कारण लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्वस्थ जीवन ही समृद्धि का आधार है।
कार्यक्रम में सेंटर के संचालक अंकित पटैरिया ने अतिथियों का स्वागत किया तथा डॉ. आशीष पटैरिया ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर दुर्ग सिंह परिहार, दिनेश पटैरिया, जयंत सिंह बुंदेला, गिरीश पटैरिया, रामकुमार बघेल, अखलेश पटैरिया, रावराजा राजपूत, राजेन्द्र सिंह रामछायरी, प्रहलाद सिंह राजपूत, गोविंद सिंह राजपूत (खिरिया), बलवीर सिंह राजपूत, सिरनाम सिंह तोमर, योगेश जैन, वीर सिंह यादव, मन्नूलाल जैन, पुष्पेन्द्र परिहार, देवेंद्र जैन, राणा (अध्याक्ष), प्रहलाद सिंह राजपूत बम्होरी, गोविद सिंह खिरिया, रविंद लोधी (मंडल अध्यक्ष), बनवीर सिंह राजपूत जनपद उपाध्याक्ष, गोविंद सिंह राजपूत नेगुवा, चंदूमोहन गुरु पथरिया दमोह, चुन्नीलाल कुशवाह जी (अध्यक्ष प्रतिनिधी), संतोष यादव, वीर सिंह यादव ,शंभूदयाल मिश्रा, भैयन यादव, राजेश पटेरिया, भगवान सिंह यादव, जाहर लोधी, जिनेक सिसोदिया, बलराम बरोदिया, अशोक यादव, बबलू तिवारी, रामभरत चाचोंदिया, प्रमोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीयजन उपस्थित रहे।
बीजेपी ने शामिल
कार्यक्रम के दौरान रिटायर्ड प्रोफेसर अखलेश पटैरिया ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर श्री भूपेन्द्र सिंह ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें