Sagar News: ट्रैक्टर - बाइक की भिंडत : दो छात्रों की मौत, सरपंच और उसका बेटा घायल
तीनबत्ती न्यूज : 13 मार्च, 2026
सागर : सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरगौर-खिरिया रोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे पिपरगौर के सरपंच और उनका बड़ा बेटा गंभीर घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है।
परीक्षा देकर घर लौट रहे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, रहली के पटना बुजुर्ग में स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल में अभिजीत पिता राजेंद्र सिंह (15), विश्वजीत पिता राजेंद्र सिंह (11) और शिवाय पिता सोहन (10) निवासी पिपरगौर पढ़ाई कर रहे थे। उनकी वार्षिक परीक्षा चल रही थी। शुक्रवार को पेपर दिलाने के लिए पिपरगौर के सरपंच पिता राजेंद्र पिता राजकुमार सिंह (47) अपने बेटे अभिजीत, विश्वजीत और भतीजे शिवाय को स्कूल लेकर परीक्षा दिलाने गए थे । स्कूल में पेपर होने के बाद वापस घर लौट रहे थे, तभी पिपरगौर के पास सामने से आ रहे ईंट से भरे ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई। घटना में गंभीर चोटे लगने से विश्वजीत और शिवाय की मौत हो गई। वहीं सरपंच पिता राजेंद्र सिंह और बेटा अभिजीत गंभीर घायल हुए। घायलों को रहली स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
![]() |
परिवार का इकलौता बेटा था शिवाय
दुर्घटना में मृत हुआ छात्र शिवाय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता की मौत करीब 5 साल पहले हो चुकी थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घायल अभिजीत कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहा है। वहीं मृत विश्वजीत कक्षा 7वीं और शिवाय कक्षा चौथीं की पढ़ाई कर रहा था। मामले में पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया गया है। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें