गांजे की खेती और बिना पर्ची दवा बेचने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही: कलेक्टर प्रतिभा पाल के सख्त निर्देशः नशे के खिलाफ चलेगा जीरो टॉलरेंस अभियान
तीनबत्ती न्यूज: 28 अप्रैल 2026
सागर: नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दवा विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों पर पैनी नज़र
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और औषधि निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे जिले के उन दवा विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों को चिन्हित करें जो संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि, कोई भी विक्रेता बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के नशीली दवाओं की बिक्री न करे। सभी दवा दुकानों में दवाओं के स्टॉक और विक्रय का रिकॉर्ड संधारित होना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स और डॉक्टरों पर तत्काल दंडात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए श्रीमती पाल ने कहा कि जिले में गांजे की अवैध खेती करने वाले किसानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने इसके लिए मैदानी अमले को मुस्तैद रहने को कहा है।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए शिक्षा विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्कूल और उच्च शिक्षा विभाग विशेष अभियान चलाकर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेंगे। प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में अनिवार्य रूप से काउंसलिंग कक्ष बनाया जाएगा और शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही नशा करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके अभिभावकों के साथ मिलकर काउंसलिंग करने के भी निर्देश दिए। नशा मुक्ति की दिशा में कदम बढ़ाते हुए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में 6-6 बेड के पृथक वार्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि नशे के आदी मरीजों को उचित उपचार और परामर्श मिल सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसपी श्री विकास शाहवाल, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन विसेन सहित जिला शिक्षा अधिकारी, आबकारी विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर और कृषि विभाग के आला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा है कि नशा मुक्त समाज का निर्माण हमारी प्राथमिकता है। पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग मिलकर एक ऐसी चैन बनाएं जिससे नशीली दवाओं की सप्लाई लाइन टूटे और युवाओं को सही दिशा मिल सके।
-----------
एडिटर : विनोद आर्य
________
-----------------------


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें