बीना नदी परियोजना के शेष कार्यों के लिए 491 करोड़ की निविदा जारी
▪️पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की मांग पर सीएम डा यादव ने खुरई में की थी घोषणा
तीनबत्ती न्यूज: 14 अप्रैल, 2026
सागर। बीना संयुक्त सिंचाई एवं बहुउद्देशीय परियोजना के शेष कार्य पूर्ण करने हेतु 491.9 करोड़ राशि के टेंडर आमंत्रण की कार्यवाही में निविदा जारी हो चुकी है। इसके अलावा उल्दन बांध परियोजना निर्माण का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और जून, 2026 तक यह कार्य पूर्ण किये जाने का लक्ष्य निर्धारित है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव द्वारा इन दोनों परियोजनाओं के कार्य को पूर्ण किए जाने के संबंध में पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की मांग पर 10 नवंबर,2025 को खुरई आमसभा में की गई घोषणा के परिपालन में यह जानकारी सीएम हाउस के एमआईएस पोर्टल पर अपडेट कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने खुरई आमसभा में खुरई विधानसभा क्षेत्र की जीवनरेखा बन कर 6 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई और पेयजल आपूर्ति करने वाली बीना नदी परियोजना के अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने हेतु 429 करोड़ की घोषणा की थी। सीएम हाउस के पोर्टल पर अपडेट की गई जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री डा मोहन यादव जी ने अपनी घोषणा से लगभग 60 करोड़ रुपए अधिक की लागत से 491.9 करोड़ करते हुए कार्य की निविदा प्रक्रिया जारी कर दी है। पोर्टल पर अपडेट किए गए विवरण अनुसार जारी किए गए टेंडर में बीना नदी के सहायक देहरा नाले पर देहरा बांध धसान नदी पर सेमराघाट डायवर्सन वियर परियोजना के टेंडर प्रोसेस में होने का उल्लेख किया गया है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन की जानकारी में मालथौन एवं बंडा ब्लाक की 80 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई व पेयजल आपूर्ति हेतु निर्माणाधीन उल्दन बांध परियोजना का कार्य 70 प्रतिशत पूर्ण होने की जानकारी दी गई है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि दो माह के भीतर जून,2026 तक उल्दन बांध का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें