सागर: बोरी में बंद मिली लाश का खुलासा : मास्टरमाइंड महिला और उसका भाई गिरफ्तार
▪️मृतक युवक के आरोपी की बहिन से संबंध: बदनामी का बदला लेने रची थी हत्या की साजिश
तीनबत्ती न्यूज: 14 अप्रैल, 2026
सागर : सागर जिले के थाना बहेरिया क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जूट की बोरी में बंद लाश मिलने से इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य साजिशकर्ता महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: सागर में सनसनीखेज हत्या: खून से सने बोरे में मिला युवक का शव ढाबे के पास : हाथ में रोटी और ककड़ी का टुकड़ा
दरअसल, 11 अप्रैल 2026 को सागर-बंडा रोड स्थित हरिओम वेयरहाउस के सामने कर्रापुर फोरलेन किनारे एक संदिग्ध बोरी मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जब बोरी खोली, तो उसमें खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव की पहचान ग्राम भेडा निवासी 44 वर्षीय महेंद्र अहिरवार के रूप में की गई।
ई रिक्शा से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई। इसी दौरान एक नीले रंग का इलेक्ट्रिक ऑटो पुलिस के रडार पर आया, जिसने केस सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
बहिन से संबंध से बदनामी : हत्या की रची साजिश
पूछताछ में शारदा अहिरवार ने हत्या की साजिश कबूल करते हुए बताया कि मृतक का उसकी बहन के साथ पुराना प्रेम संबंध था, जिससे परिवार की बदनामी हुई थी। इसी के चलते बदला लेने की नीयत से महेंद्र को राजीव नगर बुलाया गया, जहां खाना खाते समय आरोपियों ने उसे दबोचकर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बाद में शव को बोरी में भरकर ऑटो से ले जाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता शारदा अहिरवार, निवासी भेड़ा , बंडा और उसके भाई भूपेंद्र अहिरवार, निवासी राजीव नगर सागर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरे मामले के खुलासे में उनि. विधानंद यादव (थाना प्रभारी, बहेरिया) सउनि. श्रीधर अहिरवार ,आरक्षक: दुर्गेश सोनी, शिवम कटारे, मंगल सिंह ठाकुर, नरेन्द्र रावत, राघवेन्द्र राजपूत। महिला आरक्षक भावना श्रीवास्तव, नम्रता मौर्य, दीपा चौरसिया, अंकिता अग्निहोत्री की सराहनीय भूमिका रही।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें