रायसेन : सागर-भोपाल रूट की दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल
▪️सड़क हादसे में राष्ट्रीय कवि नीतेश व्यास की मौत
तीनबत्ती न्यूज: 05 जून,20वो6
रायसेन। जिले के खरबई थाना चौकी क्षेत्र अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह दो यात्री बसों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई घायलों के चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस हादसे में ओजस्वी वक्ता और राष्ट्रीय युवा कवि नीतेश व्यास की भी मौत हुई है।
----------------
वीडियो देखने क्लिक करे
रायसेन: सागर - भोपाल रूट की दो बसों की भिंडत: 3 की मौत, 15 घायल
----------------
भोपाल-सागर मार्ग पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे भोपाल-सागर मार्ग पर हुआ। टक्कर शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की बसों के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बसें तेज रफ्तार में थीं और मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण आमने-सामने भिड़ गईं।
दो मृतकों की पहचान, एक शव अज्ञात
पुलिस ने मृतकों में नीतीश व्यास (28) निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज तथा माखन लोधी (29) निवासी पचीपुरा, बेगमगंज की पहचान की है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। यात्री ममता रैकवार ने बताया कि वह भोपाल के आईएसबीटी से सिलवानी जाने के लिए बस में सवार हुई थीं। बस में करीब 30 से 35 यात्री मौजूद थे। टोल प्लाजा के आगे पहुंचते ही जोरदार टक्कर हुई, जिससे यात्री सीटों से नीचे गिर पड़े। बस चालक को भी चोटें आई हैं।
राष्ट्रीय कवि नीतेश व्यास का सड़क हादसे में निधन
रायसेन जिले के सेहतगंज के पास हुए भीषण बस हादसे में हिंदी साहित्य जगत ने अपना एक युवा और प्रतिभाशाली स्वर खो दिया। बेगमगंज से भोपाल जा रहे राष्ट्रीय कवि नीतेश व्यास ,उम्र 28 साल इस दुर्घटना में काल का ग्रास बन गए। नीतेश व्यास मूलतः सुल्तानगंज के एहन वाले है। नीतेश व्यास अपनी हास्य रचनाओं, श्रृंगार रस की कविताओं तथा ओजपूर्ण देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े काव्य पाठ के लिए देशभर में पहचान रखते थे। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय कवि सम्मेलनों में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं के दिलों में विशेष स्थान बनाया था।
खिड़की के पास बैठे यात्रियों को लगी गंभीर चोटें
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि केसली से आ रही बस और जयसिंहनगर की ओर से आ रही बस की सीधी टक्कर हुई। खिड़की वाली सीटों पर बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि दोनों बसें भोपाल-सागर रूट पर संचालित होती हैं। मृतक भोपाल से सागर जा रही बस के यात्री थे। दूसरी बस के कई यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शीयो के अनुसार, दोनों बसों के चालक तेज गति से वाहन चला रहे थे। अधिक रफ्तार के कारण मोड़ पर बसें संतुलन खो बैठीं और आमने-सामने टकरा गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें