बिजली विभाग के AE को सागर लोकायुक्त ने 2,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
तीनबत्ती न्यूज: 25 जून,2026
दमोह। दमोह जिले के हटा में आज लोकायुक्त सागर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के सहायक यंत्री (AE) को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कम लोड पर मीटर चलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, हटा निवासी आवेदक इंद्र कुमार पटेल के बिजली मीटर को कम लोड पर चलने की बात कहकर, विभागीय कार्रवाई न करने के एवज में सहायक यंत्री द्वारा कुल 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित इसकी शिकायत पहले ही लोकायुक्त से कर चुका था।
लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल
शिकायत की पुष्टि होने के बाद, आज गुरुवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने हटा में जाल बिछाया। जैसे ही आवेदक ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2,000 रुपये सहायक यंत्री को सौंपे, वैसे ही मौके पर मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने उन्हें रंगे हाथों धरदबोचा।
लोकायुक्त TI रंजीत सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त ट्रैप दल के प्रभारी और टीआई रंजीत सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। टीम द्वारा फिलहाल हटा में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही और कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें