सहकारी समितियों में सदस्यता बढ़ाने और किसानों को समय पर ऋण-खाद उपलब्ध कराने के निर्देश ▪️अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह ने सहकारी बैंकों की समीक्षा की: भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद

सहकारी समितियों में सदस्यता बढ़ाने और किसानों को समय पर ऋण-खाद उपलब्ध कराने के निर्देश 

▪️अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह ने सहकारी बैंकों की समीक्षा की: भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद 


तीनबत्ती न्यूज:11 जून 2026

सागर:  अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने सागर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी समितियों की सदस्यता बढ़ाने, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने तथा खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक जिला सहकारी बैंक सागर के सभागार में आयोजित हुई।


यह भी पढ़ें: योग शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की संपूर्ण पद्धति : योगाचार्य विष्णु आर्य ▪️रानी दुर्गावती स्कूल केंट में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित

बैठक में श्री यादव ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में चल रहे सदस्यता महाअभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों को सहकारिता से जोड़ने के लिए 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 10 लाख किसानों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने समिति प्रबंधकों और बैंक अधिकारियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि किसान 500 रुपये अंश पूंजी और 100 रुपये सदस्यता शुल्क जमा कर सहकारी संस्थाओं के सदस्य बन सकते हैं तथा शून्य प्रतिशत ब्याज सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। श्री यादव ने ऋण वसूली को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बैंकों की वित्तीय मजबूती और सहकारी आंदोलन की निरंतर प्रगति के लिए प्रभावी वसूली आवश्यक है।


बैठक में पर्यावरण संरक्षण के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा किसानों को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से जोड़ने का भी आह्वान किया गया। अंत में बैंक प्रबंधन एवं कर्मचारी यूनियन द्वारा श्री महेंद्र सिंह यादव का शाल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं बुंदेली परंपरा के अनुसार साफा बांधकर सम्मान किया गया।

बैठक में अपैक्स बैंक के ओएसडी अभय प्रधान, संभागीय शाखा प्रबंधक श्री वर्मन,  सुशील शुक्ला, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  नीरज दुरेजा, श्री एस.के. कनोजिया पन्ना, श्री अभिषेक मोहन व्यास दमोह, श्री शिवम शाह छतरपुर, श्री अनुपम पांडेय टीकमगढ़, सुश्री रितु मीना, प्रबंधक लेखा, श्री राजेश जैन, विपणन प्रभारी तथा श्री अरविंद पांडेय, फील्ड प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक उपरांत श्री यादव ने अधिकारियों के साथ बैंक परिसर में वृक्षारोपण भी किया।


अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव पहुंचे सागर, भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद


 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। प्रदेश के सहकारी बैंक किसानों के सबसे बड़े सहयोगी बनकर उभरे हैं। यह बात अपेक्स बैंक प्रशासक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री महेंद्र सिंह यादव ने गुरुवार को सागर प्रवास के दौरान धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया।

अपेक्स बैंक प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि छोटे एवं बड़े सभी पात्र किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 3 लाख रुपये तक का कृषि ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर एक वर्ष के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। यह राशि किसानों को खाद, बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता प्रदान करेगी। इससे किसानों को निजी साहूकारों और महंगे ऋणों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।


श्री यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर किसानों को सहकारिता से जोड़ने का अभियान चलाना चाहिए तथा किसान भाई-बहनों को सहकारी समितियों एवं सहकारी बैंकों का सदस्य बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जितने अधिक किसान सहकारिता से जुड़ेंगे, उतनी ही तेजी से गांव, किसान और प्रदेश समृद्ध होगा।



बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान केवल एक राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित संगठन के रूप में है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहकारिता के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना सरकार की दूरदर्शी सोच और किसान हितैषी संकल्प का सशक्त उदाहरण है।

अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव के संभागीय कार्यालय आगमन पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।बैठक का संचालन जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर ने किया तथा आभार जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने व्यक्त किया।

ये रहे शामिल

बैठक में जिला महामंत्री सुमित यादव, चेतराम अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष मनीष चौबे, निकेश गुप्ता, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, जिला मंत्री संध्या भार्गव, सविता साहू, राहुल वैद्य, जिला कोषाध्यक्ष विकास सांधेलिया, जिला सह मीडिया प्रभारी कपिल सिंह कुशवाहा, सोशल मीडिया विभाग संयोजक अंशुल परिहार, आईटी संयोजक बालकिशन सोनी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष मधुकर जाटव, मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, नितिन सोनी, जय सोनी, सोनू उपाध्याय, विवेक सोधिया सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महापौर निवास पर स्वागत किया गया 



अपेक्स बैंक के नवनियुक्त प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव के सागर आगमन पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ सुशील तिवारी, प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने  महापौर निवास पर पधारने पर पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।इस अवसर पर सूर्यांश तिवारी,राजेंद्र यादव, उमेश यादव, सुमित यादव, राजीव सोनी, जंडेल सिंह गुर्जर,लकी नायक, डॉ पुण्य प्रताप सिंह,शुभम नामदेव,नमन चौबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें