योग शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की संपूर्ण पद्धति : योगाचार्य विष्णु आर्य
▪️रानी दुर्गावती स्कूल केंट में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित
तीनबत्ती न्यूज: 11 जून, 2026
सागर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व जन-जागरूकता और स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से रानी दुर्गावती स्कूल, केंट सागर में एक दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रसिद्ध योगाचार्य एवं जिला योग आयोग अध्यक्ष विष्णु आर्य के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें केंट क्षेत्र के नागरिकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उल्लेखनीय है कि योगाचार्य विष्णु आर्य ढाई महीने पहले कूल्हे की हड्डी टूटने के बाद अब स्वस्थ्य होके योग साधना में जुटे है।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य विष्णु आर्य ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व और उसके व्यापक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योग, ध्यान और प्राणायाम के अभ्यास से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है।
![]() |
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। योग हमें स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है और अनेक बीमारियों से बचाने में सहायक सिद्ध होता है। विष्णु आर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व योग दिवस की शुरुआत हुई, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कृति और योग की महत्ता को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
ये हुए शामिल
योग प्रशिक्षण शिविर में वीरेंद्र अग्रवाल, संदीप छाबड़ा सहित लगभग 250 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प भी लिया। आयोजन के सफल संचालन और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति उत्साह और जागरूकता को और अधिक बढ़ाया।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें