डिजिटल ठगी पर लगेगी लगाम: सागर में "SAFE Click" अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक हर वर्ग को किया जाएगा साईबर ठगी के खिलाफ जागरूक

डिजिटल ठगी पर लगेगी लगाम: सागर में "SAFE Click" अभियान का शुभारंभ, 15 दिनों तक हर वर्ग को किया जाएगा साईबर ठगी के खिलाफ जागरूक



तीनबत्ती न्यूज: 24 जून,2026

सागर: बढ़ते डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने और आम जनता को जागरूक करने के लिए सागर पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार, आज से जिलेभर में 15 दिवसीय "SAFE Click" साइबर जागरूकता पखवाड़े का शानदार शुभारंभ किया गया है। यह व्यापक जनजागरूकता अभियान अगले 15 दिनों तक जिले के हर कोने में चलाया जाएगा। 

पुलिस अधीक्षक (SP) अनुराग सुजानिया के निर्देशन में इस अभियान को शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर ले जाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एएसपी नरेंद्र सोलंकी सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


​हर वर्ग को किया जाएगा जागरूक, ये रहेंगे मुख्य कार्यक्रम

​यह अभियान समाज के हर वर्ग—विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और व्यापारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। 15 दिनों तक प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित होंगी, जिनमें प्रमुख हैं:

  • स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार: छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर बुलिंग की जानकारी दी जाएगी।
  • ग्रामीण क्षेत्रों में 'साइबर चौपाल': ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को ठगी के तरीकों से सचेत किया जाएगा।
  • डिजिटल भुगतान सुरक्षा: बैंकों, वित्तीय संस्थानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षित डिजिटल ट्रांजैक्शन के गुर सिखाए जाएंगे।
  • नुक्कड़ नाटक और रैली: कलात्मक और प्रभावी माध्यमों से बाजारों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता फैलाई जाएगी।
  • सोशल मीडिया व मुनादी: लाउडस्पीकर (मुनादी) और सोशल मीडिया के जरिए हर घर तक संदेश पहुँचाया जाएगा।


​'डिजिटल अरेस्ट' और ऑनलाइन ठगी से बचाव के मिलेंगे टिप्स

​अभियान के दौरान नागरिकों को इन दिनों तेजी से बढ़ रहे अपराधों जैसे—डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी (OTP) और यूपीआई (UPI) धोखाधड़ी, सोशल मीडिया क्राइम तथा साइबर बुलिंग से बचने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

​हेल्पलाइन नंबर 1930 का होगा व्यापक प्रचार

​यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए, इसकी जानकारी भी दी जाएगी। अभियान के तहत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि पीड़ित समय रहते अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

सागर पुलिस की अपील:

सागर पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारी संगठनों, बैंक अधिकारियों और युवाओं से इस जनहितैषी अभियान से जुड़ने और इसे एक जन-आंदोलन बनाने की अपील की है, ताकि सागर जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें