Sagar News: 'आपकी महापौर आपके द्वार' शिविर में हुआ समस्याओं का त्वरित समाधान
▪️महाराणा प्रताप प्रतिमा के स्थल का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 24 जून ,2026
सागर। नगर निगम द्वारा नागरिकों की समस्याओं के घर बैठे निराकरण के लिए चलाए जा रहे "आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल" अभियान का 17वां शिविर गुरु गोविंद सिंह और तुलसी नगर वार्ड के मंगल भवन में आयोजित किया गया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।
बारिश से पहले नाला सफाई और सड़क निर्माण का आश्वासन
शिविर के दौरान वार्डवासियों की मांग पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने तुलसीनगर एवं गुरु गोविंद सिंह वार्ड स्थित पटीवारी नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारिश से पहले बड़ी जेसीबी मशीन लगाकर नाले की पूरी सफाई कराई जाए, ताकि वर्षाकाल में किसी भी घर में नाले का पानी न घुसे। इसके अलावा उन्होंने दोनों वार्डों में आवश्यकतानुसार नाला और सड़क निर्माण कार्य कराने का आश्वासन भी दिया।
जनहितैषी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: महापौर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविरों में वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, पीएम आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, जलप्रदाय और स्वच्छता जैसी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।
भाजपा नेता सुशील तिवारी ने कहा कि नागरिकों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान उनके ही वार्ड में करने की यह एक अभिनव पहल है। इस व्यवस्था से लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।
प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद: रिशांक तिवारी
प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि जनचौपाल शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। महापौर के निर्देशानुसार, शिविर में आने वाले आवेदनों की नियमित समीक्षा कर संबंधित विभागों को समय पर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य व पार्षद श्रीमती सोना पटेल, श्रीमती रूबी पटेल, श्री प्रहलाद पटेल, पार्षद प्रतिनिधि कनई पटेल, सोमेश जड़िया, कृष्ण कुमार पटेल, पूर्व पार्षद कल्याण अहिरवार, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, योजना प्रभारी जया श्रीवास्तव, एनयूएलएम सिटी मैनेजर विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
महाराणा प्रताप प्रतिमा के स्थल का किया निरीक्षण, शीघ्र कार्रवाई के दिए निर्देश
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने सिटी स्टेडियम के समीप प्रस्तावित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थापना स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि सिटी स्टेडियम के पास वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 20 फुट ऊंची एवं 20 फुट लंबी भव्य प्रतिमा शीघ्र स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा न केवल महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रतीक होगी, बल्कि शहर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी। महापौर ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा प्रदान करेगी। उन्होंने स्थल पर पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही प्रतिमा स्थल को आकर्षक, व्यवस्थित एवं जनसुविधाओं से युक्त विकसित किया जाए ताकि यह शहर के प्रमुख दर्शनीय एवं प्रेरणादायी स्थलों में शामिल हो सके। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, पार्षद रुबी पटेल, प्रहलाद पटेल, श्रीमती सोना पटेल,प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जड़िया,कनई पटेल, कृष्ण कुमार पटेल,उपयंत्री श्री आयुष शुक्ला एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें